Source :- LIVE HINDUSTAN
नवरात्रि की पूजा से पहले घर के मंदिर की साफ-सफाई की जाती है और हर मूर्ति को अच्छे से साफ किया जाता है। अगर आपके घर में चांदी की मूर्ति है, जो काली पड़ गई है तो उसे साफ करने का असरदार तरीका हम लेकर आए हैं। इस क्लीनिंग हैक्स की मदद से उसकी खोई चमक लौट आएगी।
पूजा की अलमारी में चांदी, सोने या मिट्टी से बनी भगवान की खूबसूरत प्रतिमाएं रखी होती हैं। सोने और मिट्टी की प्रतिमाओं की सफाई करना आसान होता है, लेकिन चांदी की मूर्तियां धूल-मिट्टी और समय के साथ काली पड़ सकती हैं। अगर आपके घर में रखी चांदी की मूर्तियों की चमक भी फीकी पड़ गई है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। आप घर पर ही एक आसान तरीके से उनकी सफाई कर सकते हैं। इस ट्रिक से चांदी के बर्तनों को साफ करने में भी मदद मिल सकती है। आइए, पूनम देवनानी का यह आसान क्लीनिंग हैक जानते हैं।
चांदी की मूर्तियों को साफ करने का आटा वाला तरीका
- सबसे पहले मूर्तियों को पानी से अच्छे से धोकर किसी सूखे-साफ कपड़े से पोछकर साइड में रखें। ऐसा करने से ऊपर की जमा धूल, गंदगी साफ हो जाएगी।
- इसके बाद आपको 2 चम्मच सूखा आटा लेना है और उसमें 1 चम्मच कोलगेट पाउडर मिला देना है। अब हल्का पानी का इस्तेमाल करते हुए ब्रश में इस मिक्सचर को लगाकर मूर्तियों को साफ करें।
- ब्रश की मदद से साफ करने से कोनों या दरारों में छिपी गंदगी भी बाहर निकल जाएगी। अच्छे से साफ करने के बाद 5 मिनट तक ऐसे ही छोड़ दीजिए। फिर साफ पानी से धोकर सूखे कपड़े से पोछकर रखें।
- कोलगेट में कई क्लीनिंग एजेंट होते हैं और आटा गंदगी को रगड़कर उसे बाहर करता है। दोनों चीजों से आप चांदी की मूर्तियों को साफ कर सकते हैं।
हल्के साबुन और गुनगुने पानी का इस्तेमाल
डिटर्जेंट या लिक्विड सोप को ब्रश में लेकर मूर्तियों को अच्छे से साफ करें। एक बर्तन में गुनगुना पानी लेकर उसमें थोड़ा-सा हल्का लिक्विड साबुन मिलाएं। मुलायम कपड़े से मूर्ति साफ करें। फिर साफ पानी से साबुन हटाकर तुरंत अच्छी तरह सुखा दें। हल्की धूल-मिट्टी के लिए ये तरीका अपनाएं। साबुन ज्यादा केमिकल युक्त ना हो, तभी इस्तेमाल करें। वरना चांदी की पॉलिश खराब हो सकती है।
चांदी की सफाई के लिए बाजार में मिलने वाला क्लीनर
अगर आप किसी घरेलू तरीके को नहीं अपनाना चाहती हैं, तो चांदी की चीजों को साफ करने के लिए बाजार में क्लीनर मिलते हैं। उनकी मदद से सफाई करें। साथ ही माइक्रोफाइबर कपड़े से सफाई करने पर चमक नहीं जाती और खरोंच नहीं बनती।
ध्यान रखें- चांदी की मूर्तियों को साफ करने के लिए बेकिंग सोडा, नींबू, नमक या अन्य तेज चीजों का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए। इन चीजों से मूर्ति की सतह पर खरोंच आ सकती है या उसकी चमक और फिनिश खराब हो सकती है। खासकर, अगर मूर्ति पर चांदी की पॉलिश, रंग या बारीक सजावटी काम किया गया है, तो सफाई करते समय सावधानी बरतना जरूरी है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




