Home rss business hindi मार्केट क्रैश! बाजार में हाहाकार, क्या कच्चे तेल की आग में झुलसे...

मार्केट क्रैश! बाजार में हाहाकार, क्या कच्चे तेल की आग में झुलसे सेंसेक्स-निफ्टी?

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • Why Stock Market Crash today: जियो प्लैटफॉर्म्स की शानदार लिस्टिंग के बावजूद घरेलू शेयर बाजार धड़ाम हो गया
  • बीएसई का सेंसेक्स 900 अंक से अधिक लुढ़क कर 72650 पर आ गया
  • जबकि, निफ्टी 229 अंकों के नुकसान के साथ 22520 पर था

जियो प्लैटफॉर्म्स की शानदार लिस्टिंग के बावजूद घरेलू शेयर बाजार धड़ाम हो गया। सेंसेक्स-निफ्टी कच्चे तेल की कीमतों की आग में झुलस गए। बीएसई का सेंसेक्स 900 अंक से अधिक लुढ़क कर 72650 पर आ गया। जबकि, निफ्टी 229 अंकों के नुकसान के साथ 22520 पर था। शेयर मार्केट में आज की गिरावट के पीछे कच्चे तेल की कीमतों में लगी आग, रिलायंस के शेयरों में बड़ी गिरावट, बांड यील्ड, इजरायल इलेक्शन रिजल्ट और IT शेयरों में भारी गिरावट है। कुछ ही देर में बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 459 लाख करोड़ रुपये से घटकर 457 लाख करोड़ रह गया।

आज क्यों गिरा बाजार, ये हैं 5 बड़े कारण

  1. IT शेयरों में भारी बिकवाली: शेयर मार्केट में आज की गिरावट के पीछे सबसे बड़ी वजह आईटी शेयरों में भारी बिकवाली है। सेंसेक्स टॉप लूजर्स में इन्फोसिस, टीसीएस, टेक महिंद्रा और एचसीएल टेक के शेयर हैं। इन्फोसिस 4.59 प्रतिशत गिरकर 1108 रुपये के करीब था। टीसीएस टेक महिंद्रा में करीब 3 प्रतिशत से अधिक की गिरावट थी। टीसीएस अब 2426.65 रुपये और टेक महिंद्रा 1751.20 रुपये पर आ गया। एचसीएल टेक 2.86 प्रतिशत टूटकर 1375.50 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।
  2. बॉन्ड यील्ड बढ़ने से शेयर बाजार पर दबाव: बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी भी शेयर बाजार के लिए नकारात्मक संकेत मानी जाती है। जब बॉन्ड जैसे अपेक्षाकृत सुरक्षित निवेश से बेहतर रिटर्न मिलने की संभावना बढ़ती है, तो कुछ निवेशक शेयरों से पैसा निकालकर फिक्स्ड इनकम वाले विकल्पों में लगा सकते हैं। इससे शेयर बाजार में बिकवाली का दबाव बढ़ सकता है।
  3. रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर धड़ाम: जियो प्लेटफॉर्म की लिस्टिंग के बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में 2% की गिरावट आई। RIL के शेयर सुबह साढ़े 10 बजे के करीब 1176 रुपये पर आ गए थे। सेंसेक्स में सबसे अधिक वेटेज होने की वजह से इसका बड़ा असर देखने को मिला।

4-कच्चे तेल के दाम आसमान पर: बाजार कच्चे तेल के दाम पर फिसल रहा है। सऊदी अरब की सबसे बड़ी रिफाइनरी पर मिसाइल हमले के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की सप्लाई को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। बुधवार को ब्रेंट क्रूड की कीमत 1.55% चढ़कर 115.52 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई, जबकि अमेरिकी कच्चा तेल WTI भी 101 डॉलर प्रति बैरल के पार निकल गया। हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब में रिफाइनरी पर मिसाइल हमले का दावा किया है। इस घटनाक्रम ने ईरान और उसके सहयोगियों से जुड़े क्षेत्रीय संघर्ष के बीच तेल की सप्लाई प्रभावित होने की आशंका को फिर बढ़ा दिया है।

5-इजरायल के चुनाव से मार्केट में हलचल: ब्लूमबर्ग के मुताबिक इजरायल के चुनावी मुकाबले में विपक्षी नेता गादी आइजेनकोट प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मामूली बढ़त बनाते नजर आए। चुनाव के बाद नई सरकार के गठन में कई दिन या सप्ताह लग सकते हैं। तब तक नेतन्याहू प्रधानमंत्री बने रहेंगे। चुनाव के नतीजे अमेरिका-ईरान युद्ध की आगे की दिशा को प्रभावित कर सकते हैं। बाजार की चिंता इस बात को लेकर भी है कि इजरायल में राजनीतिक बदलाव से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई में मिलने वाला समर्थन प्रभावित हो सकता है।

(डिस्क्लेमर: यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले सूझ-बूझ के साथ फैसला करें या फाइनेंशियल एडवायजर से सलाह ले लें। लाइव हिन्दुस्तान इस आधार पर शेयरों को खरीदने और बेचने की सलाह नहीं देता है।)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN