Source :- LIVE HINDUSTAN
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार को घोषणा की कि उन्होंने इजरायली सेना को गाजा पट्टी के 70 प्रतिशत हिस्से पर पूर्ण नियंत्रण स्थापित करने का आदेश दे दिया है। यह कदम अक्टूबर में लागू हुए नाजुक युद्धविराम समझौते का स्पष्ट उल्लंघन माना जा रहा है।
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार को घोषणा की कि उन्होंने इजरायली सेना को गाजा पट्टी के 70 प्रतिशत हिस्से पर पूर्ण नियंत्रण स्थापित करने का आदेश दे दिया है। यह कदम अक्टूबर में लागू हुए नाजुक युद्धविराम समझौते का स्पष्ट उल्लंघन माना जा रहा है। इजरायल के चैनल-12 द्वारा प्रसारित एक वीडियो में नेतन्याहू ने कब्जे वाले वेस्ट बैंक की एक बस्ती में आयोजित सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि हम फिलहाल हमास पर दबाव बढ़ा रहे हैं। हम इस समय पट्टी के 60 प्रतिशत क्षेत्र पर नियंत्रण रखते हैं। युद्धविराम के तहत हम 50 प्रतिशत तक पहुंचे थे, लेकिन मेरा निर्देश है कि इसे 70 प्रतिशत तक बढ़ाया जाए। हम उन्हें चारों तरफ से घेर रहे हैं। बाकी बचे क्षेत्र से हम बाद में निपट लेंगे।
युद्धविराम के पहले चरण में हमास द्वारा 7 अक्टूबर 2023 के हमलों में बंधक बनाए गए अंतिम कैदियों की रिहाई इजरायल में बंद फिलिस्तीनियों के बदले हुई थी, जिसके बाद गाजा में संघर्ष थमा था। दूसरे चरण में हमास के निरस्त्रीकरण और इजरायली सेना की क्रमिक वापसी का प्रावधान था, लेकिन यह प्रक्रिया कई महीनों से पूरी तरह ठप पड़ी हुई है। समझौते के अनुसार इजरायली सेना को ‘पीली रेखा’ के पीछे हटना था, जो हमास नियंत्रित और इजरायली कब्जे वाले क्षेत्रों के बीच विभाजक रेखा है।
इससे पहले 15 मई को भी नेतन्याहू ने दावा किया था कि इजरायली सेना ने गाजा पर अपनी पकड़ और मजबूत कर ली है। उन्होंने उस समय कहा था कि कुछ लोग कह रहे थे- निकल जाओ, निकल जाओ। हम नहीं निकले। आज हम कितना नियंत्रण रखते हैं? 60 प्रतिशत। कल देखेंगे। बता दें कि गाजा में रोजाना हिंसा जारी है और दोनों पक्ष एक-दूसरे पर 10 अक्टूबर से लागू युद्धविराम का उल्लंघन करने का आरोप लगा रहे हैं।
गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय (जो हमास प्रशासन के अधीन कार्य करता है और संयुक्त राष्ट्र द्वारा विश्वसनीय माना जाता है) के अनुसार, युद्धविराम लागू होने के बाद से इजरायली कार्रवाइयों में 900 से अधिक फिलिस्तीनी मारे गए हैं। इजरायल ने बुधवार को हमास की सशस्त्र शाखा इज्जेदीन अल-कस्साम ब्रिगेड के नए कमांडर मोहम्मद ओदेह को मार गिराने का दावा किया। इससे पहले इसी महीने उसके पूर्ववर्ती कमांडर को भी मार दिया गया था।
7 अक्टूबर 2023 के हमले के बाद से इजरायल गाजा और पूरे क्षेत्र में हमास के वरिष्ठ नेताओं को लगातार निशाना बना रहा है। ओदेह चौथे ऐसे ब्रिगेड कमांडर हैं, जिन्हें इजरायल ने युद्ध शुरू होने के बाद मार गिराया है। इजरायली रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज ने बुधवार को दोहराया कि इजरायल का लक्ष्य गाजा से हमास के शासन को पूरी तरह समाप्त करना है। उन्होंने फिलिस्तीनियों के ‘स्वैच्छिक पलायन’ की योजना का भी संकेत दिया और कहा कि सब कुछ सही समय पर और सही तरीके से किया जाएगा।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN







