Source :- LIVE HINDUSTAN
गिरते हुए बाजार में सोमवार को VA Tech Wabag के शेयर दहाड़ रहे हैं। दहाड़ने भी क्यों नहीं। कंपनी को मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) से जामनगर में अत्याधुनिक एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ETP) लगाने का दोबारा ऑर्डर मिला है। इससे शेयर NSE पर करीब 3% चढ़कर 2,064 रुपये के डे हाई पहुंच गए।
यह शेयर मशहूर भारतीय निवेशक रेखा झुनझुनवाला के पास है। उनके पास इस वित्तवर्ष की जून तिमाही में कंपनी के 50,00,000 शेयर यानी 8.02% हिस्सेदारी थी। झुनझुनवाला के पास पिछले वित्तवर्ष की मार्च तिमाही के आखिर में भी कंपनी के इतने ही शेयर थे।
जून तिमाही में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने इस शेयर में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई। इस साल के जून तिमाही के आखिर तक FPIs के पास कंपनी के कुल 1,13,84,797 शेयर यानी 18.26% हिस्सेदारी थी।
कंपनी द्वारा एक्सचेंज को सोमवार को दी गई जानकारी के मुताबिक, वॉटर टेक्नोलॉजी कंपनी को रिलायंस इंडस्ट्रीज से धीरूभाई अंबानी ग्रीन एनर्जी गीगा कॉम्प्लेक्स, जामनगर में एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ETP) के डिजाइन, इंजीनियरिंग, निर्माण, आपूर्ति, स्थापना और कमीशनिंग के लिए ‘मीडियम’ ऑर्डर मिला है।
ऑर्डर की खास बातें
कंपनी 100 करोड़ से 250 करोड़ रुपये तक के घरेलू ऑर्डर को “मीडियम” श्रेणी में रखती है। प्रस्तावित ETP को 13 महीने में पूरा करना है। इसमें अत्याधुनिक तकनीक से केमिकल और बायोलॉजिकल ट्रीटमेंट होगा, साथ ही स्लज मैनेजमेंट के लिए लो-टेम्परेचर ड्राईंग वाला स्लज ट्रीटमेंट भी शामिल होगा।
कंपनी ने यह भी बताया कि ऑर्डर देने वाली यूनिट में प्रमोटर/प्रमोटर ग्रुप/ग्रुप कंपनियों की कोई हिस्सेदारी नहीं है और यह ऑर्डर रिलेटेड पार्टी ट्रांजैक्शन के दायरे में नहीं आता।
इंडिया क्लस्टर के सीनियर जनरल मैनेजर (सेल्स एंड मार्केटिंग) शिवकुमार वी ने कहा, “यह रिपीट ऑर्डर RIL जैसे अहम ग्राहक के साथ हमारे लंबे रिश्ते को और मजबूत करता है और दिखाता है कि RIL को हमारी क्षमताओं पर कितना भरोसा है। हमें RIL के साथ जुड़कर उनकी बदलती जल और वेस्टवॉटर मैनेजमेंट जरूरतों में मदद करने की खुशी है।”
कुवैत और बेंगलुरु में भी प्रोजेक्ट
अगस्त में कंपनी ने कुवैत में रिकार्बोनेशन सिस्टम के साथ दोहा SWRO डिसेलिनेशन प्लांट – स्टेज II का कॉन्ट्रैक्ट साइन किया था और यह मेगा प्रोजेक्ट कुवैत में WABAG का पहला प्रोजेक्ट था।
जुलाई में कंपनी ने बेंगलुरु वाटर सप्लाई एंड सीवरेज बोर्ड से बेंगलुरु में दो एनर्जी एनेबल वेस्टवॉटर ट्रीटमेंट प्लांट बनाने का बड़ा ऑर्डर मिलने की घोषणा की थी। यह ऑर्डर जून 2026 में कुवैत के बिजली, जल और मिनिस्ट्री ऑफ रिन्युअल एनर्जी ने दिया था और कॉन्ट्रैक्ट के लागू होने से प्रोजेक्ट शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।
इस ऑर्डर को 250 करोड़ से 600 करोड़ रुपये तक के “लार्ज” ऑर्डर की श्रेणी में रखा गया था। कॉन्ट्रैक्ट के तहत VA Tech Wabag दो अहम वेस्टवॉटर ट्रीटमेंट प्रोजेक्ट्स के लिए डिजाइन, बिल्ड और ऑपरेट का काम करेगी। बेंगलुरु के ब्यारामंगला में 100 MLD सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के साथ 25 MLD टर्शियरी ट्रीटमेंट प्लांट और बेंगलुरु के बेलंदूर में 60 MLD सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




