Source :- LIVE HINDUSTAN
कई बार लोग कहते हैं, ‘मैंने धोखा नहीं दिया।’ लेकिन कुछ छोटी-छोटी आदतें भी रिश्ते में भरोसा कमजोर कर सकती हैं। इसे ही माइक्रो चीटिंग कहा जाता है। जानिए इसके संकेत और रिश्ते पर इसका असर।
‘मैंने तुम्हें धोखा नहीं दिया, बस बात ही तो कर रहा था।’
आजकल रिश्तों में यह बात अक्सर सुनने को मिल जाती है। लेकिन क्या सच में हर वह चीज, जिसमें शारीरिक रिश्ता न हो, धोखा नहीं मानी जाती? विशेषज्ञों का मानना है कि कई बार रिश्ते किसी बड़े धोखे से नहीं, बल्कि छोटी-छोटी छिपी बातों से टूटने लगते हैं। देर रात किसी खास व्यक्ति से बातें करना, साथी से संदेश छिपाना या किसी और से भावनात्मक सहारा लेना- ये सब धीरे-धीरे रिश्ते में दूरी बढ़ा सकते हैं। इन्हीं आदतों को माइक्रो चीटिंग कहा जाता है। यह दिखने में भले छोटी लगे, लेकिन समय के साथ यह रिश्ते की नींव यानी भरोसे को कमजोर कर सकती है।
क्या होती है माइक्रो चीटिंग?
माइक्रो चीटिंग का मतलब है ऐसी हरकतें, जो सीधे-सीधे धोखा तो नहीं लगतीं, लेकिन उन्हें आप अपने साथी से छिपाना चाहते हैं। आसान शब्दों में कहें, अगर आपको किसी बात के बारे में यह डर हो कि ‘अगर पार्टनर को पता चला, तो उन्हें बुरा लगेगा’, तो यह माइक्रो चीटिंग हो सकती है।
1. मैसेज छिपाना क्योंकि साथी नाराज हो सकते हैं!
अगर आप फोन छिपाकर इस्तेमाल करते हैं, तो यह माइक्रो चीटिंग का एक संकेत हो सकता है। हर निजी बातचीत गलत नहीं होती, लेकिन अगर आप उसे छिपाने की कोशिश कर रहे हैं, तो यह रिश्ते में परेशानी पैदा कर सकता है।
2. किसी को ‘बैकअप’ बनाकर रखना
कुछ लोग रिश्ते में होने के बावजूद किसी ऐसे व्यक्ति से लगातार जुड़े रहते हैं, जिसे वे जरूरत पड़ने पर विकल्प की तरह देखते हैं। यह भावनात्मक दूरी पैदा कर सकता है।
3. छिपकर तारीफ या फ्लर्ट करना
किसी की तारीफ करना सामान्य बात है। लेकिन अगर आप किसी दूसरे व्यक्ति को ऐसी बातें कहते हैं, जो आप अपने साथी के सामने नहीं कह सकते, तो यह रिश्ते के लिए खतरे की घंटी हो सकती है।
4. रिश्ते की परेशानियां किसी ऐसे व्यक्ति से साझा करना, जो आपमें दिलचस्पी रखता हो
रिश्ते में समस्याएं होना सामान्य है। लेकिन अगर आप बार-बार अपनी निजी परेशानियां किसी ऐसे व्यक्ति से साझा कर रहे हैं, जो आपको पसंद करता है, तो भावनात्मक जुड़ाव बढ़ सकता है। धीरे-धीरे आप अपने साथी से ज्यादा उस व्यक्ति पर निर्भर होने लगते हैं।
5. सोशल मीडिया पर खुद को अकेला दिखाना
अगर आप सोशल मीडिया पर इस तरह व्यवहार करते हैं, जैसे आप अकेले हों और लगातार दूसरों से तारीफ पाने की कोशिश करते हैं, तो यह भी माइक्रो चीटिंग का हिस्सा माना जा सकता है।
माइक्रो चीटिंग से कैसे बचें?
- अपने साथी से खुलकर बात करें: जो बातें आपको परेशान कर रही हैं, उन्हें दिल में रखने के बजाय साथी से साझा करें।
- रिश्ते की सीमाएं तय करें: हर रिश्ते में यह तय होना चाहिए कि कौन-सी बातें दोनों के लिए स्वीकार्य हैं और कौन-सी नहीं।
- खुद से एक सवाल जरूर पूछें: अगर आपको किसी बात को छिपाने की जरूरत महसूस हो रही है, तो सोचें- क्या आप चाहेंगे कि आपका साथी भी ऐसा ही करे?
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




