Source :- LIVE HINDUSTAN
शेयर बाजार में बिकवाली वाले माहौल के बीच मंगलवार को गॉडफ्रे फिलिप्स इंडिया के शेयर को खरीदने की लूट मच गई। सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन इस कंपनी के शेयर में करीब 8% की बढ़त दर्ज की गई। इस वजह से शेयर 2409 रुपये के स्तर तक पहुंचा। शेयर में यह रौनक ऐसे समय आई जब समीर मोदी ने अपनी मां और कंपनी की चेयरपर्सन बीना मोदी के खिलाफ सभी कानूनी मामले वापस लेने की घोषणा की। इससे संस्थापक परिवार के भीतर लंबे समय से चल रहे उत्तराधिकार विवाद के खत्म होने के संकेत मिले।
2019 से चल रहा था विवाद
मोदी परिवार में यह विवाद नवंबर 2019 में परिवार के मुखिया के.के. मोदी के निधन के बाद से चल रहा था। यह असहमति परिवार के ट्रस्ट के तहत संपत्ति के कंट्रोल और बंटवारे को लेकर थी। इस ट्रस्ट के पास गॉडफ्रे फिलिप्स इंडिया में कंट्रोलिंग हिस्सेदारी है, जो भारत में मार्लबोरो सिगरेट बनाती और बेचती है। भाई समीर मोदी और पूर्व IPL कमिश्नर ललित मोदी ने ट्रस्ट के प्रमुख के तौर पर बीना मोदी के नेतृत्व को चुनौती दी थी। उनका आरोप था कि उनके दिवंगत पिता की तय की गई शर्तों का पालन नहीं किया जा रहा था। परिवार के ट्रस्ट डीड में कहा गया था कि या तो परिवार का बिजनेस आपसी सहमति से चलता रहेगा या फिर सहमति न बनने पर संपत्ति को एक तय तरीके से बेचा जाएगा।
यह विवाद मई 2024 में कंपनी की बोर्ड मीटिंग के दौरान सबके सामने आया। तब समीर मोदी ने मारपीट का आरोप लगाया। इस घटना के बाद एक क्रिमिनल शिकायत दर्ज कराई गई और उसी साल बाद में समीर मोदी को बोर्ड से हटा दिया गया। अब समीर मोदी ने पुष्टि की कि उन्होंने अपनी मां के खिलाफ मुकदमे और शिकायतें वापस ले ली हैं और वे परिवार के साथ सुलह करना चाहते हैं। शांतिपूर्ण समझौते से लंबे समय तक चलने वाले कानूनी विवाद, बोर्डरूम में अस्थिरता या जबरन एसेट बेचने (एसेट लिक्विडेशन) जैसी आशंकाएं खत्म हो जाएंगी
कैसे रहे जून तिमाही के नतीजे
हाल ही में सिगरेट निर्माता कंपनी गॉडफ्रे फिलिप्स इंडिया ने जून तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी ने बताया कि चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में उसका मुनाफा सालाना आधार पर 44.3 प्रतिशत घटकर 198.39 करोड़ रुपये रह गया। कंपनी ने बताया कि करों में बढ़ोतरी के कारण उसका मुनाफा घटा।
मोदी एंटरप्राइजेज की प्रमुख कंपनी गॉडफ्रे फिलिप्स इंडिया ने एक साल पहले अप्रैल-जून तिमाही में 356.28 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था। वित्त वर्ष 2026-27 की जून तिमाही में परिचालन राजस्व दोगुना होकर 3,819.56 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 1,813.26 करोड़ रुपये था। कंपनी ने समीक्षाधीन तिमाही के दौरान 2,614 करोड़ रुपये का उत्पाद शुल्क दिया।
शेयर का परफॉर्मेंस
गॉडफ्रे फिलिप्स इंडिया के शेयर परफॉर्मेंस की बात करें तो यह अभी अपने 52-हफ्ते के सबसे ऊंचे स्तर 3,945 रुपये से नीचे ट्रेड कर रहे हैं। वहीं, 52-हफ्ते के सबसे निचले स्तर 1,832 रुपये से काफी ऊपर बने हुए हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




