Source :- LIVE HINDUSTAN

अगर आप आने वाले महीनों में इंडिगो से विदेश यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण है। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने अपने 6 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए उड़ान सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित करने का फैसला किया है। कंपनी का कहना है कि यह कदम कम डिमांड और बढ़ती ऑपरेशन लागत को देखते हुए उठाया गया है। इस लिस्ट में चीन के हांगकांग और शंघाई जैसे गजब शहरों का भी नाम शामिल है।

हांगकांग और शंघाई जैसे शहर भी शामिल

इंडिगो के अनुसार, 1 जुलाई 2026 से मलेशिया के लोकप्रिय पर्यटन स्थल लंगकावी, थाईलैंड के क्राबी, वियतनाम के हो ची मिन्ह सिटी, चीन के हांगकांग और शंघाई के लिए उड़ान सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी जाएंगी। वहीं, कंबोडिया के प्रसिद्ध पर्यटन शहर सिएम रीप के लिए उड़ानें 3 जुलाई से 30 सितंबर 2026 तक निलंबित रहेंगी।

एयरलाइन का आधिकारिक बयान

एयरलाइन ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि हर साल जुलाई से सितंबर के बीच इन रूट्स पर यात्रियों की संख्या अपेक्षाकृत कम रहती है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती ईंधन लागत, संचालन खर्च और अन्य व्यावसायिक चुनौतियों ने भी कंपनी के लिए इन उड़ानों को जारी रखना मुश्किल बना दिया है। ऐसे में डिमांड और लागत के संतुलन को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।

बुकिंग फिर से शुरू करने की योजना

हालांकि, इंडिगो ने यात्रियों को राहत देते हुए कहा है कि यह निलंबन स्थायी नहीं है। कंपनी परिस्थितियों में सुधार होने पर 1 अक्टूबर 2026 से इन सभी रूट्स के लिए बुकिंग फिर से शुरू करने की योजना बना रही है। इतना ही नहीं, अगर बाजार की स्थिति और यात्री मांग अपेक्षा से बेहतर रहती है, तो सेवाओं को तय समय से पहले भी बहाल किया जा सकता है।

इंडिगो ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस फैसले का उसके व्यापक अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ेगा। वर्तमान में एयरलाइन हर सप्ताह 1,800 से अधिक अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन कर रही है और दुनिया के कई प्रमुख शहरों को भारत से जोड़ रही है। कंपनी का कहना है कि नेटवर्क में यह बदलाव उसकी दीर्घकालिक रणनीति का हिस्सा है, ताकि उपलब्ध विमानों और संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जा सके।

एक्सपर्ट का मानना है कि एयरलाइंस समय-समय पर डिमांड और लागत के आधार पर अपने नेटवर्क में बदलाव करती रहती हैं। कमजोर सीजन के दौरान कम यात्री संख्या वाले रूट्स को अस्थायी रूप से बंद करना एक सामान्य व्यावसायिक रणनीति होती है। इससे कंपनियां अपने खर्च को कंट्रोल कर पाती हैं और अधिक लाभदायक रूट्स पर फोकस कर सकती हैं।

इंडिगो का यह फैसला उन यात्रियों के लिए थोड़ा निराशाजनक हो सकता है, जो इन गंतव्यों की यात्रा की योजना बना रहे थे। लेकिन कंपनी का कहना है कि यह कदम ऑपरेशन स्थिरता बनाए रखने और बेहतर सेवा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना बनाते समय एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप पर नई जानकारी जरूर चेक कर लें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN