Home National news hindi यूएन में पास हुआ ‘नक़्शा बदलने’ वाला प्रस्ताव, केवल अमेरिका ने क्यों...

यूएन में पास हुआ ‘नक़्शा बदलने’ वाला प्रस्ताव, केवल अमेरिका ने क्यों किया विरोध?

2
0

Source :- BBC INDIA

अफ़्रीका

संयुक्त राष्ट्र महासभा ने दुनिया के मौजूदा नक़्शे को बदलने के लिए वोटिंग की है, जो अफ़्रीका के आकार को ज़्यादा सटीक रूप से दिखाता है.

अमेरिका एकमात्र देश था, जिसने इस प्रस्ताव का विरोध किया. प्रस्ताव को फ़्रांस, ब्रिटेन समेत 164 देशों का समर्थन मिला जबकि छह देशों ने वोटिंग में हिस्सा नहीं लिया.

वोटिंग का विरोध करते हुए अमेरिकी प्रतिनिधि ने कहा कि ये संयुक्त राष्ट्र के काम और मक़सद का मज़ाक उड़ाता है.

टोगो इस प्रस्ताव का समर्थक था और अफ़्रीकन यूनियन के सदस्यों ने भी इसका समर्थन किया था.

संयुक्त राष्ट्र में हुई ये वोटिंग बाध्यकारी नहीं है, लेकिन इससे दुनिया भर की संस्थाओं की ओर से इस्तेमाल होने वाले दुनिया के नक़्शे में बदलाव देखने को मिलेंगे.

16वीं सदी से इस्तेमाल हो रहे दुनिया के नक़्शे की आलोचना इसलिए की जा रही है कि ये अफ़्रीका का आकार ग्रीनलैंड के बराबर दिखता है जबकि वास्तव में यह उससे 14 गुना ज़्यादा बड़ा है.

आलोचकों का कहना है कि इससे भूमध्य रेखा के नज़दीक स्थित देशों की विकास संबंधी ज़रूरतों और संभावनाओं को कम करके आंका जाता है.

मर्केटर मानचित्र को 1569 में फ़्लैमिश कार्टोग्राफ़र गेरार्डस मर्केटर ने डिजाइन किया था. यह यूरोपीय खोजकर्ताओं को दुनिया भर में यात्रा करने में मदद करने के लिए डिजाइन किया गया था.

मौजूदा नक़्शे में क्या गड़बड़ी है?

गेरार्डस मर्केटर, जिन्होंने दुनिया को मौजूदा नक़्शे को डिजाइन किया था

इमेज स्रोत, Getty Images

गेरार्डस मर्केटर के नक़्शे में गड़बड़ियां इसलिए हैं क्योंकि किसी ग्लोब की सतह को द्वि-आयामी (टु डायमेन्शनल) चार्ट पर सटीक रूप से दिखाना असंभव है.

जब भी दुनिया का नक़्शा बनाया जाता है, तो कुछ न कुछ समझौता करना ही पड़ता है.

मर्केटर नक़्शा पृथ्वी के कर्व को दिखाता है, जिसमें भूमध्य रेखा के पास स्थित देश अपने वास्तविक आकार से छोटे दिखाई देते हैं, जबकि ध्रुवों के पास स्थित देश बड़े दिखाई देते हैं.

इस गड़बड़ी को दूर करने की कोशिश में, नक़्शा विशेषज्ञों की एक टीम ने 2018 में एक समान क्षेत्रफल वाला मानचित्र बनाया, जिसे उन्होंने इक्वल अर्थ प्रोजेक्शन नाम दिया.

फ़रवरी में, अफ़्रीकन यूनियन के 54 सदस्य देशों ने इसे अपनाया और कहा कि यह “सभी महाद्वीपों, विशेष रूप से अफ़्रीका के आकार को ज़्यादा सटीक दिखाता है”.

अफ़्रीका

ऑनलाइन कैंपेन ग्रुप #CorrectTheMap ने कहा, “आप अफ़्रीका के अंदर अमेरिका, चीन, भारत, जापान, मैक्सिको और यूरोप के बड़े हिस्से को समेट सकते हैं और फिर भी कुछ ज़मीन बच जाएगी.””

शुक्रवार को होने वाले मतदान से पहले, टोगो के विदेश मंत्री रॉबर्ट डुसे ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स से कहा, “एक निष्पक्ष दुनिया की शुरुआत एक निष्पक्ष नक़्शे से होती है.”

इससे पहले उन्होंने संयुक्त राष्ट्र की एक ब्रीफ़िंग में कहा था, “मानचित्र कभी भी तटस्थ नहीं होता. यह धारणाओं को आकार देता है. दुनिया में लोगों और महाद्वीपों की स्थिति को समझने के मामले में इसका असर होता है.”

उन्हें फ़्रांस के विदेश मंत्री ज्यां-नोएल बरोट का समर्थन हासिल था, जिन्होंने कहा कि उनका मंत्रालय मर्कटेर मानचित्र का इस्तेमाल बंद करने जा रहा है.

उन्होंने कहा, “नक़्शा बदलने से ज़ाहिर तौर पर दुनिया नहीं बदल जाती. लेकिन किसी बिगड़े हुए नक़्शे को सुधारना ज़रूरी काम है.”

लेकिन संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी प्रतिनिधि यारीना फेरेंसेविच ने कहा कि यह प्रस्ताव संयुक्त राष्ट्र महासभा के काम और मक़सद का मज़ाक उड़ाता है.

उन्होंने कहा, “अंतरराष्ट्रीय शांति, समृद्धि या अच्छे संबंधों की वास्तविक समस्याओं पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय, यह संस्था 16वीं सदी के मैप प्रोजेक्टस, हर्ज़ाना और और ‘कॉग्निटिव जस्टिस’ को बढ़ावा देने में उनकी भूमिका पर बहस कर रही है.”

मार्च में, अमेरिका ने उस समय भी इसकी कड़ी आलोचना की थी, जब एक प्रस्ताव पारित किया गया था जिसमें ट्रांस अटलांटिक स्लेव व्यापार को “मानवता के ख़िलाफ़ सबसे गंभीर अपराध” घोषित किया गया था.

नक़्शे में अफ़्रीका इतना छोटा क्यों दिखता है

 अफ़्रीका

इमेज स्रोत, Getty Images

मर्केटर मानचित्र को हटाने के अभियान से जुड़े समूहों में से एक ‘अफ़्रीका नो फिल्टर’ की लेरोटो मोगोएथले ने बीबीसी को बताया, “दुनिया के मानचित्रों में अफ़्रीका का आकार छोटा दिखाना सिर्फ़ कार्टोग्राफ़ी से जुड़ी गड़बड़ी नहीं है. ये नैरेटिव का मामला है.”

उन्होंने कहा कि यह अफ़्रीका के बारे में “दुनिया की सबसे लंबी ग़लत सूचना और दुष्प्रचार” को रोकने की कोशिशों का हिस्सा था.

केन्याई ज्योग्राफ़र किओको मुएन्दो के मुताबिक़, मर्केटर नक़्शे ने अप्रत्यक्ष तौर पर अफ़्रीकी महाद्वीप के विशाल संसाधनों, जनसंख्या और निवेश के अवसरों को कम करके आंका है.

उन्होंने बीबीसी को बताया, “मानचित्र यात्रियों के लिए सिर्फ़ गाइड से कहीं अधिक हैं. वे यह तय करते हैं कि क्षेत्रों को राजनीतिक और आर्थिक रूप से कैसे देखा जाता है.”

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

SOURCE : BBC NEWS