Home rss world hindi यूक्रेन पर 72 घंटे तक हमले रोकने का आदेश, पुतिन ने अचानक...

यूक्रेन पर 72 घंटे तक हमले रोकने का आदेश, पुतिन ने अचानक लिया फैसला; क्या है मकसद

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

रूसी राष्ट्रपति कार्यालय के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने बताया कि कीव पर हमले शनिवार आधी रात से तीन दिनों तक रोके जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह रोक अमेरिकी प्रतिनिधियों के यूक्रेन यात्रा को ध्यान में रखते हुए की गई है।

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कीव पर 72 घंटे तक हमले रोकने का आदेश दिया है। क्रेमलिन ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। यह फैसला ऐसे समय हुआ है, जब अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर रूस और यूक्रेन के दौरे पर हैं। दोनों अमेरिकी प्रतिनिधि रूस के मॉस्को पहुंचे हैं और उनका मकसद रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने की कोशिशों को फिर से आगे बढ़ाना है। रूसी राष्ट्रपति कार्यालय के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने बताया कि कीव पर हमले शनिवार आधी रात से तीन दिनों तक रोके जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह रोक अमेरिकी प्रतिनिधियों के यूक्रेन की राजधानी की प्रस्तावित यात्रा को ध्यान में रखते हुए की गई है।

अमेरिकी प्रतिनिधियों की यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब रूस और यूक्रेन के बीच हवाई हमले लगातार बढ़ रहे हैं। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने भी शुक्रवार को कहा था कि अमेरिकी प्रतिनिधियों की यात्रा के दौरान यूक्रेन हवाई हमले रोकने के लिए तैयार है और रूस से भी ऐसा ही करने की अपील की थी। हाल के दिनों में रूस ने कीव और यूक्रेन के दूसरे शहरों पर लगातार ड्रोन और मिसाइल हमले किए हैं। शुक्रवार को रूसी ड्रोन ने कीव में यूक्रेन की सुरक्षा सेवा यानी SBU के मुख्यालय को निशाना बनाया।

अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर भी हुए हमले

दूसरी ओर, यूक्रेन भी रूस के सैन्य ठिकानों, तेल रिफाइनरियों और दूसरे ठिकानों पर लंबी दूरी के ड्रोन हमले कर रहा है। दोनों देशों के बीच करीब 1,250 किलोमीटर लंबे मोर्चे पर जमीनी लड़ाई में ज्यादा प्रगति नहीं हुई है, लेकिन हवाई हमले लगातार तेज हो रहे हैं। जेलेंस्की ने शनिवार को कहा कि रूस ने रात में कीव और बोरिस्पिल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर भी हमले किए। उन्होंने इन हमलों को अमेरिकी प्रतिनिधियों की संभावित यूक्रेन यात्रा से जोड़ते हुए कहा कि रूस शायद अमेरिकी विमान के यूक्रेन आने की तैयारियों पर प्रतिक्रिया दे रहा है।

इस बीच, दक्षिणी यूक्रेन के निप्रॉपेट्रोस क्षेत्र में एक औद्योगिक परिसर पर रूसी हमले में 5 लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हुए। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, मरने वालों में एक ताला बनाने वाला, बिजली कर्मचारी, प्लंबर और मशीन ऑपरेटर शामिल थे। निकोपोल इलाके में भी एक व्यक्ति घायल हुआ और कई घरों को नुकसान पहुंचा। कीव क्षेत्र में रूसी हमले से 9 मंजिला इमारत का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। मायकोलाइव क्षेत्र में शॉपिंग सेंटर पर ड्रोन हमले में 72 वर्षीय व्यक्ति और 17 वर्षीय लड़की घायल हुए।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN