Home मनोरंजन समाचार रणबीर कपूर के राम बनने पर उठा सवाल, दिल्ली रामलीला ने दी...

रणबीर कपूर के राम बनने पर उठा सवाल, दिल्ली रामलीला ने दी प्रदर्शन करने की धमकी

1
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/08/03/1200x900/ramayana_protest_03_08_1785757010483_1785757014937_3b49a1a4-96b1-412a-b12f-b8fe8241c0e2.png

रणबीर कपूर की रामायण इस वक्त सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बनी हुई है। श्री रामलीला महासंघ के प्रेसिडेंट अरुण कुमार ने मांग की है कि रिलीज से पहले स्पेशल स्क्रीनिंग रखी जाए। अगर ऐसा नहीं होता है तो फिल्म के खिलाफ प्रोटेस्ट हो सकता है। 

नितेश तिवारी की रामायण को लेकर श्री रामलीला महासंघ के प्रेसिडेंट अरुण कुमार ने स्पेशल स्क्रीनिंग की मांग रखी है। उन्होंने रणबीर कपूर के राम बनने को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि अगर फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग नहीं होती है तो फिल्म के खिलाफ प्रोटेस्ट करेंगे।

श्री रामलीला महासंघ ने की स्पेशल स्क्रीनिंग की मांग

श्री रामलीला महासंघ और लव कुश रामलीला (पुरानी दिल्ली) के प्रेसिडेंट अरुण कुमार ने रामायण के मेकर्स को चिट्ठी लिखकर फिल्म की रिलीज से पहले स्पेशल स्क्रीनिंग की मांग की है। उनका कहना है कि ये मांग इसलिए की जा रही है ताकि ये सुनिश्चित किया जा सके कि फिल्म के किसी सीन या डायलॉग्स से किसी की धार्मिक भावनाएं आहत न हों। उन्होंने कहा है कि अगर उनकी ये मांग पूरी नहीं होती है तो फिल्म का विरोध किया जाएगा।

रणबीर कपूर के राम बनने पर उठा सवाल

एचटी सिटी से खास बातचीत में अरुण कुमार ने कहा, “इस नई फिल्म के ट्रेलर में श्री राम में कोई इमोशन नहीं है। श्री राम जो हमेशा गरिमा के साथ रहे, उन्हें किसी को मारने की प्रतिज्ञा लेते हुए या गुस्से में कैसे दिखाया गया? इसी के साथ रणबीर कपूर अयोध्या में जमीन खरीदने को लेकर विज्ञापन कर रहे हैं और वही राम का किरदार कर रहे हैं। क्या राम कभी भी अयोध्या की जमीन बेचेंगे?”

क्यों कर रहे फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग की मांग?

उन्होंने आगे कहा, “हम रामायण का 50 साल से मंचन कर रहे हैं और हमें नहीं लगता है कि फिल्म के ट्रेलर में दिखाई गईं पोशाकें रामायण के किरदारों के लिए सही हैं। हमें इन सब चीजों पर आपत्ति है जिसे दर्शक फिल्म रिलीज होने के बाद रिजेक्ट कर सकते हैं।”

आदिपुरुष का दिया उदाहरण

इस बारे में बात करते हुए कुमार ने आदिपुरुष का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा, “हम मेकर्स से फिल्म दिखाने के लिए इसलिए कह रहे हैं क्योंकि जब बाहुबली रिलीज हुई थी, प्रभास उसके स्टार थे और उसमें भगवान शिव की भक्ति को कुछ इस तरह दिखाया गया कि हर किसी ने उसकी तारीफ की। उसके बाद, प्रभास की आदिपुरुष आई और हमने उन्हें लाल किला ग्राउंड पर होने वाली रामालीला में उनकी फिल्म (आदिपुरुष) प्रमोट करने के लिए बुलाया। हमें लगा कि फिल्म आदिपुरुष राम की छवि को खूबसूरती से पेश करेगी।”

अरुण ने उसके बाद आदिपुरुष पर हुए विवादों की बात की। उन्होंने कहा, “फिल्म में सोने की लंका को कोयले से बनी हुई काली लंका के रूप में दिखाया गया। रामायण के किरदारों ने ऐसे कपड़े पहने थे जिसमें चमड़े का इस्तेमाल हुआ था और मुगल जैसे पहनते थे। उससे लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची और इसी वजह से फिल्म फ्लॉप हो गई जबकि उस फिल्म को बड़े बजट में बनाया गया था।

फिल्म के खिलाफ दी प्रदर्शन करने की धमकी

श्री रामलीला महासंघ के प्रेसिडेंट ने साफ किया कि वो फिल्म को किसी तरह का सर्टिफिकेट देने के लिए फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग की मांग नहीं कर रहे हैं। अगर फिल्म में कुछ ऐसे सीन्स हुए जो लोगों की भावनाओं को आहत कर सकते हैं, तो हम उन्हें हटाने के लिए कहेंगे। उन्होंने कहा कि वो फिल्म इसलिए देखना चाहते हैं क्योंकि वो नहीं चाहते कि ये फिल्म बाकी उन फिल्मों की तरह फ्लॉप नहीं हो जो रामायण पर पहले बनाई गई हैं। उन्होंने कहा कि रामायण जैसी महान किताब पर बनाई गईं फिल्में अगर बार-बार फ्लॉप होती हैं तो इससे समाज में एक निगेटिव संदेश जाता है क्योंकि हमारी फिल्में न केवल भारत में बल्कि पूरी दुनिया में देखी जाती हैं।

श्री रामलीला महासंघ के प्रेसिडेंट ने कहा कि उन्होंने मेकर्स से बात की है लेकिन उनकी पीआर टीम ने कहा है कि रामलीला कमेटी की मांग पर अभी वो कोई बयान नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि अगर फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग नहीं होती है तो श्री रामलीला महासंघ विभिन्न हिंदू संगठनों के साथ दिल्ली और बाकी राज्यों में सिनेमाघरों के बाहर प्रदर्शन करेंगे।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN