Source :- INDIATV NEWS

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी रणबीर कपूर स्टारर फिल्म ‘रामायण’ को भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक माना जा रहा है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच लंबे समय से जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। चर्चाएं हैं कि फिल्म का तीसरा पार्ट भी आ सकता है। इसका विशाल बजट, दमदार स्टारकास्ट और भव्य विजुअल्स इसे खास बनाते हैं। मेकर्स भी फिल्म को दुनियाभर में बड़े स्तर पर रिलीज करने की तैयारी कर चुके हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म को दुनियाभर में करीब 70 हजार स्क्रीन्स पर रिलीज किया जा रहा है, जो किसी भारतीय फिल्म के लिए सबसे बड़ी रिलीज में से एक है। हालांकि इतने बड़े पैमाने पर रिलीज होने के बावजूद फिल्म के सामने बॉक्स ऑफिस का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने की चुनौती है। एडवांस बुकिंग के शुरुआती आंकड़ों को देखते हुए ऐसा लग रहा है कि ‘रामायण’ भारतीय फिल्मों की सबसे बड़ी ओपनिंग का रिकॉर्ड अपने नाम नहीं कर पाएगी। इतना ही नहीं, फिल्म के टॉप 5 ओपनिंग फिल्मों में जगह बनाने पर भी संशय बना हुआ है। हालांकि इसके बावजूद फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत मिलने की उम्मीद है।
रिलीज से पहले 125 करोड़ की ग्लोबल एडवांस बुकिंग
‘रामायण’ की एडवांस बुकिंग दशहरे के मौके पर 15 अक्टूबर से दुनियाभर में शुरू हुई थी। शुरुआत में विदेशों में टिकटों की बिक्री ने अच्छी रफ्तार पकड़ी, लेकिन भारत में बुकिंग को लेकर थोड़ी परेशानी आई। दरअस फिल्म के वितरकों और सिनेमाघरों के बीच कमाई के बंटवारे को लेकर सहमति नहीं बन पा रही थी। इसके चलते देश के कई सिनेमाघरों में एडवांस बुकिंग समय पर शुरू नहीं हो सकी। हालांकि रिलीज की तारीख नजदीक आते ही फिल्म की टिकट बिक्री में तेजी देखने को मिली। रिपोर्ट के मुताबिक रिलीज से एक दिन पहले बुधवार सुबह तक फिल्म ने भारत में ओपनिंग वीकेंड के लिए करीब 77 करोड़ रुपये की ग्रॉस एडवांस बुकिंग कर ली थी। इसमें पहले दिन की हिस्सेदारी लगभग 33 करोड़ रुपये बताई गई। वहीं विदेशों में फिल्म ने एडवांस बुकिंग से 5.6 मिलियन डॉलर यानी करीब 48 करोड़ रुपये जुटाए हैं। इसमें उत्तरी अमेरिका में पेड प्रीव्यू से मिले 1.5 मिलियन डॉलर भी शामिल हैं। इस तरह फिल्म की कुल ग्लोबल एडवांस बुकिंग करीब 125 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।
पहले दिन 80 करोड़ की कमाई का अनुमान, हिंदी वर्जन का दबदबा
ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत में पहले दिन के लिए फिल्म की ग्रॉस एडवांस बुकिंग 33 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी थी। अनुमान है कि रिलीज से पहले यह आंकड़ा 40 करोड़ रुपये के पार जा सकता है। अगर ऐसा होता है तो फिल्म भारत में पहले दिन करीब 80 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर सकती है। खास बात यह है कि फिल्म के हिंदी वर्जन से सबसे ज्यादा कमाई की उम्मीद की जा रही है। शुरुआती अनुमानों के अनुसार हिंदी वर्जन अकेले 55 से 60 करोड़ रुपये तक का नेट कलेक्शन कर सकता है। वहीं, फिल्म में यश की मौजूदगी के बावजूद कन्नड़ वर्जन से रिकॉर्डतोड़ ओपनिंग की उम्मीद फिलहाल कम नजर आ रही है। विदेशों में भी फिल्म के लिए अच्छे संकेत मिले हैं। उत्तरी अमेरिका में पेड प्रीव्यू से करीब 1.6 मिलियन डॉलर और पहले दिन 5 मिलियन डॉलर से ज्यादा की कमाई का अनुमान लगाया जा रहा है। इन आंकड़ों के आधार पर फिल्म की ग्लोबल ओपनिंग 150 से 160 करोड़ रुपये के बीच रह सकती है। कुछ ट्रेड जानकारों को अभी भी उम्मीद है कि फिल्म 200 करोड़ रुपये के करीब पहुंच सकती है, लेकिन मौजूदा रुझानों के हिसाब से यह मुश्किल नजर आ रहा है।
‘पुष्पा 2’ और ‘बाहुबली 2’ का रिकॉर्ड तोड़ना मुश्किल
अगर ‘रामायण’ की ओपनिंग के मौजूदा अनुमान सही साबित होते हैं तो फिल्म भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्मों की लिस्ट में टॉप 5 में जगह नहीं बना पाएगी। इस लिस्ट में फिलहाल ‘पुष्पा 2’ 274 करोड़ रुपये की ओपनिंग के साथ पहले नंबर पर है। इसके बाद ‘आरआरआर’ ने 223 करोड़ और ‘बाहुबली 2’ ने 214 करोड़ रुपये की कमाई की थी। वहीं इस साल रिलीज हुई ‘धुरंधर 2’ का 205 करोड़ रुपये का बॉलीवुड ओपनिंग रिकॉर्ड भी ‘रामायण’ की पहुंच से बाहर नजर आ रहा है। टॉप 5 की लिस्ट में 176 करोड़ रुपये की ओपनिंग के साथ ‘कल्कि 2898 एडी’ शामिल है। हालांकि, फिल्म केजीएफ चैप्टर 2 के 159 करोड़ रुपये के ओपनिंग रिकॉर्ड को पीछे छोड़ सकती है।
‘आदिपुरुष’, ‘जवान’ और ‘एनिमल’ को पछाड़ सकती है ‘रामायण’
भले ही ‘रामायण’ सबसे बड़ी ओपनिंग का रिकॉर्ड बनाने से चूकती नजर आ रही हो, लेकिन फिल्म के पास कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ने का मौका है। प्रभास की ‘आदिपुरुष’ ने पहले दिन 127 करोड़ रुपये की कमाई की थी। वहीं, शाहरुख खान की ‘जवान’ ने 129 करोड़ और रणबीर कपूर की ‘एनिमल’ ने 116 करोड़ रुपये की ओपनिंग दर्ज की थी। मौजूदा अनुमानों के मुताबिक, ‘रामायण’ इन फिल्मों के पहले दिन के कलेक्शन को आसानी से पीछे छोड़ सकती है। बता दें कि नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज, डीएनईजी और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के सहयोग से बनी ‘रामायण’ दो हिस्सों में रिलीज होगी। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल हनुमान की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2028 में आएगा।
SOURCE : INDIATV NEWS




