Home Latest news ताज़ा खबर राजस्थान में खौफनाक हादसा, रोड बनाते समय करंट लगने से 8 मजदूरों...

राजस्थान में खौफनाक हादसा, रोड बनाते समय करंट लगने से 8 मजदूरों की मौत, कैसे हुई ये घटना?

3
0

Source :- INDIATV NEWS

राजस्थान के झुंझुनू जिले से हादसे की दिल दहला देने वाली वारदात सामने आ रही है। झुंझुनू जिले में सड़क निर्माण के दौरान करंट की चपेट में आने के कारण एक साथ 8 मजदूरों की मौत हो गई है जबकि कई अन्य लोगों के झुलसने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मृतकों के परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने सोमवार को इस घटना के बारे में जानकारी दी है और 8 मजदूरों की मौत की पुष्टि कर दी है। 

कैसे हुआ ये हादसा?

झुंझुनू जिले में हुए इस दर्दनाक हादसे को लेकर पुलिस ने बताया- ”छापोली गांव में सड़क निर्माण का कार्य हो रहा था। निर्माण कार्य के दौरान रोड़ी मिलाने वाली मशीन ऊपर से गुजर रहे हाइटेंशन तार के संपर्क में आ गई। ऐसे में मशीन में करंट फैल गया और मौके पर काम कर रहे मजूदर करंट की चपेट में आ गए।” पुलिस ने आगे कहा- ”आठ मजदूरों की मौत होने की जानकारी दी गई है।” शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन थी। लाइन के संपर्क में आते ही मशीन में करंट दौड़ गया और वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे में कई मजदूर गंभीर रूप से प्रभावित हुए।

घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश, धरना शुरू

हादसे के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने घटना को लेकर धरना शुरू कर दिया। हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। ग्रामीणों में घटना को लेकर नाराजगी देखी गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा और पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी भी मौके पर मौजूद है। घटना के बाद क्षेत्र में स्थिति पर लोगों की नजर बनी हुई है। बता दें कि इससे पहले राजस्थान के झुंझनु में हिट एंड रन का मामला सामने आया था। Thar से हुए एक्सीडेंट में 3 लोगों की मौत हो गई थी जिसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया।

मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री ने जताया दुख

झुंझुनू में करंट लगने से मजदूरों की मौत पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। हादसे पर सीएम भजनलाल ने कहा- “झुंझुनूं में हुए हादसे में करंट लगने से श्रमिकों की असामयिक मृत्यु का समाचार दुखद है। संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार एवं प्रभावित परिवारों को तत्काल हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा घटना की जांच के निर्देश दिए हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान, घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ तथा शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने का संबल प्रदान करें। ॐ शांति!”

पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर दुख जताया है। PMO के मुताबिक पीएम मोदी ने कहा- राजस्थान के झुंझुनूं में हुए हादसे में लोगों की जान जाने से दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायल लोग जल्द स्वस्थ हों। जान गंवाने वालों के परिजनों को PMNRF से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।”

झुंझुनू में हुए इस हादसे में मजदूरों की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है। सड़क निर्माण के दौरान हुए इस हादसे ने कार्यस्थल पर बिजली लाइनों के आसपास सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियों और प्रशासनिक कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है। (रिपोर्ट: अमित शर्मा)

ये भी पढ़ें- यूनिवर्सिटी की छठी मंजिल से कूदकर MBA छात्रा की मौत, कुछ दिन पहले ही मिली थी नौकरी

ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसी तेज रफ्तार बोलेरो के उड़े परखच्चे, 2 युवकों की मौत; दो घायल

SOURCE : INDIATV NEWS