Source :- Khabar Indiatv
भारतीय यूथ कांग्रेस ने एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित ‘इंडिया’ गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ महारैली’ में शामिल नहीं होने पर 7 राज्यों के अपने 200 से अधिक पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया है। सूत्रों के अनुसार, संगठन की ओर से गुजरात, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, हरियाणा, मध्य प्रदेश और झारखंड के पदाधिकारियों पर कार्रवाई की गई है।
एमपी में 60 और झारखंड में 32 पदाधिकारियों का निलंबन
गुजरात में 49, पश्चिम बंगाल में 26, उत्तर प्रदेश (मध्य) में 11, तेलंगाना में 14, हरियाणा में 10, मध्य प्रदेश में 60 और झारखंड में 32 पदाधिकारियों को निलंबित किया गया है। इस तरह कुल 202 पदाधिकारियों पर कार्रवाई की गई है।
इन सभी ने रैली को लेकर दिखाई उदासीनता
निलंबित किए गए पदाधिकारियों में प्रदेश यूथ कांग्रेस के उपाध्यक्ष, महासचिव और सचिव स्तर के नेता शामिल हैं। सूत्रों ने बताया कि इन पदाधिकारियों ने रैली को लेकर दिखाई गई उदासीनता के बारे में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
राज्यों के पदाधिकारियों पर भी हो सकती है कार्रवाई
सूत्रों का यह भी कहना है कि कुछ अन्य राज्यों के पदाधिकारियों पर भी कार्रवाई हो सकती है। मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशों के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई है।
अनुशासन बनाए रखने के लिए की गई कार्रवाई
बयान के अनुसार, एक नवंबर 2026 को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित ‘वोट चोरी विरोधी रैली’ से अनुपस्थित रहने के कारण संगठनात्मक अनुशासनहीनता का मामला सामने आया था। इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक निलंबित किया गया है। मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस ने कहा कि यह कार्रवाई संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने और राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है।
बता दें कि दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को INDIA ब्लॉक के नेताओं ने बड़ी रैली की थी। इस रैली की अध्यक्षता राहुल गांधी ने की थी। राहुल गांधी के कहने पर ही 1 नवंबर को वोट चोरी के खिलाफ रैली की गई थी। (भाषा के इनपुट के साथ)
ये भी पढ़ें:
SOURCE : - KHABAR INDIA NEWS




