Home Latest news ताज़ा खबर ‘रामायण’ में लक्ष्मण बनकर छाए रवि दुबे, दर्शकों से मिले प्यार पर...

‘रामायण’ में लक्ष्मण बनकर छाए रवि दुबे, दर्शकों से मिले प्यार पर हुए भावुक, बोले- ‘डर था कि सबको निराश न कर दूं’

4
0

Source :- INDIATV NEWS

रवि दुबे ‘रामायण पार्ट 1’ में लक्ष्मण के किरदार के लिए मिल रही तारीफों का आनंद ले रहे हैं। इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में और साई पल्लवी माता सीता के रूप में नजर आए हैं। यह फिल्म 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी, जिसने रिलीज के 11 दिनों के भीतर ही दुनिया भर में 1,384.50 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है। फिल्म की शानदार सफलता क बीच रवि ने अपने इंस्टाग्राम पर एक भावुक नोट शेयर किया, जिसमें उन्होंने फिल्म में लक्ष्मण के किरदार के लिए दर्शकों से मिले प्यार के लिए उनका शुक्रिया अदा किया।

रवि दुबे का इमोशनल पोस्ट

एक्टर रवि ने अपने इंस्टाग्राम पर ‘रामायण’ की शूटिंग के दौरान की कुछ तस्वीरें शेयर कीं। एक तस्वीर में वे सेट पर अपने कॉस्ट्यूम में खड़े नजर आ रहे हैं। दूसरी तस्वीर में वे एक सीन के लिए धनुष-बाण पकड़े हुए दिख रहे हैं। एक तस्वीर में रवि दुबे अपने सह-कलाकारों रणबीर और साई के साथ भी नजर आए। कैप्शन की शुरुआत करते हुए रवि ने लिखा, ‘5 नवंबर 2026 की सुबह, जब मैं उठा तो मुझे कुछ ऐसा महसूस हुआ जिसे मैं लगभग भूल ही चुका था। मुझे लगा कि मेरे काम को पहचाना गया है और इसमें जो प्यार था, वह असीम था। मुझे लगता है कि एक अभिनेता को असल में बस यही चाहिए होता है। कोई आपके काम को एक मौका दे। आप काम करते समय जो महसूस करते हैं, वह किसी और तक पहुंचे और वे उसे महसूस करके आपको बताएं। यह कितने बड़े उपहार की तरह है! इसे लिखते हुए भी मुझे यकीन नहीं हो रहा है। मेरे मन में बस कृतज्ञता का भाव है।’

लक्ष्मण के रोल को मिल रही तारीफों पर भावुक हुए रवि दुबे

‘रामायण’ के लक्ष्मण ने आगे बताया कि वे लक्ष्मण के किरदार से गहराई से जुड़े हुए महसूस करते हैं। उन्होंने लिखा, ‘श्री लक्ष्मण की अपने लिए कोई महत्वाकांक्षा नहीं थी। वे श्री राम और माता सीता के पीछे एक कदम खड़े रहने में ही संतुष्ट थे और जब भी उन्हें जरूरत होती। वे अपना कर्तव्य निभाने के लिए हमेशा तैयार रहते थे। मुझे यह बहुत सुंदर और महान लगा। मैं जितना हो सके, सेवा और कर्तव्य की उसी भावना को ‘रामायण’ में लाना चाहता था और जब भी मुझे बुलाया जाए तो मैं पूरी तरह तैयार रहना चाहता था। मैंने मानसिक, शारीरिक और आध्यात्मिक रूप से अपना सब कुछ देने की कोशिश की। असल में मुझे बस इतना ही चाहिए था, लेकिन आप सभी ने मुझे उससे कहीं ज्यादा प्यार और सम्मान दिया है।’

लक्ष्मण बनकर रवि दुबे ने जीता दर्शकों का दिल

‘क्या होता अगर मैंने श्री लक्ष्मण और खुद रामायण के साथ ही अन्याय कर दिया होता?’

रवि ने कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा और डायरेक्टर नितेश तिवारी का शुक्रिया अदा किया कि उन्होंने उन्हें इस रोल के लिए चुना और इतना प्यार दिया। उन्होंने कहा, “@castingchhabra भाई, आपके उस एक कॉल ने सच में मेरी ज़िंदगी बदल दी है, मैं आपका बहुत आभारी हूँ। @iamnamitmalhotra सर, @niteshtiwari22 सर, आप बहुत ही बेहतरीन इंसान हैं। मैं आपका ऋणी हूँ कि आपने मुझे दुनिया के सबसे बेहतरीन कलाकारों के साथ काम करने का मौका दिया। एक ऐसा सेट जहाँ मैं सबसे जूनियर था और मेरा अनुभव भी सबसे कम था, फिर भी पहले दिन से ही आपने मुझे उतना ही प्यार और सम्मान दिया, और अपना काम करने के लिए पूरी जगह दी।”

लक्ष्मण बनने से क्यों डर रहे थे रवि दुबे?

एक्टर ने बताया कि उन्हें यह रोल लेने में डर लग रहा था। इसी पोस्ट में उन्होंने लिखा, ‘क्या होता अगर मैं उन शानदार लोगों को निराश कर देता, जिन्होंने मुझ पर इतना भरोसा करके मुझे इतनी अहम जिम्मेदारी सौंपी थी? क्या होता अगर मेरा काम बहुत कम रह जाता? या फिर क्या होता अगर मैं जरूरत से ज्यादा कर देता? क्या होता अगर मैंने श्री लक्ष्मण और खुद रामायण के साथ ही अन्याय कर दिया होता? और फिर मुझे आपका इतना प्यार मिला। काश मैं आप सभी को बता पाता कि इससे मुझे कितनी खुशी मिली है। इसमें बहुत आनंद तो है ही, साथ ही एक सुकून भी है। राम कथा की सेवा में, चाहे वह कितनी भी छोटी क्यों न हो, शामिल होने से मेरा दिल भर आया है। मुझे यकीन है कि मेरे पूर्वज, जहां कहीं भी होंगे खुशी से झूम रहे होंगे।’

रामायण का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन

11वें दिन ‘रामायण’ ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 23,573 शोज के जरिए 75 करोड़ की नेट कमाई की। इसमें हिंदी वर्जन का योगदान सबसे ज्यादा रहा, जिसने 18,536 शोज से 55 करोड़ कमाए। इसके बाद कन्नड़ वर्जन ने 5.75 करोड़, मलयालम ने 5 करोड़, तमिल ने 4.75 करोड़ और तेलुगु ने 4.50 करोड़ की कमाई की। इसके साथ ही भारत में फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन 909 करोड़ हो गया है, जबकि नेट कलेक्शन 760.60 करोड़ है। विदेशों में फिल्म ने 11वें दिन 40 करोड़ कमाए, जिससे वहां इसका कुल ग्रॉस कलेक्शन 475.50 करोड़ पहुंच गया है। इस तरह अब तक फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 1,384.50 करोड़ हो गया है।

ये भी पढ़ें – ‘रामायण’ की स्क्रीनिंग में रवि दुबे ने छूए सनी देओल के पैर, हो रही वाहवाही, एक्टर के संस्कारों ने जीता फैंस का दिल
 

Latest Bollywood News

SOURCE : INDIATV NEWS