Source :- KHABAR INDIATV
रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पिछले कुछ समय से लगातार बड़े मुकाबलों की मेजबानी कर रहा था, लेकिन अब इस मैदान पर घरेलू क्रिकेट के आयोजन पर अचानक रोक लग गई है। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल यानी NGT के आदेश के चलते BCCI को छत्तीसगढ़ के दो रणजी ट्रॉफी मुकाबलों का वेन्यू बदलना पड़ा है। इतना ही नहीं, आने वाले महीनों में भी इस मैदान पर घरेलू मैचों के आयोजन को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
न्यू रायपुर स्थित इस स्टेडियम का संचालन करने वाले छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ यानी CSCS ने BCCI से मुकाबलों का स्थान बदलने का अनुरोध किया था। इसके बाद 26 से 29 अक्टूबर के बीच छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश के बीच होने वाला रणजी ट्रॉफी मुकाबला रायपुर से हटाकर विजयवाड़ा के पास मुलापाडु स्थित देवीनेनी वेंकट रमना प्रणिथा ग्राउंड पर आयोजित किया गया।
इसके बाद दो नवंबर से हैदराबाद के खिलाफ होने वाला छत्तीसगढ़ का अगला मुकाबला भी रायपुर में नहीं खेला गया। इसे हैदराबाद के जिमखाना ग्राउंड पर शिफ्ट कर दिया गया। इस बदलाव का असर आंध्र प्रदेश की टीम पर भी पड़ा और छत्तीसगढ़ के खिलाफ उसका अवे मैच लगभग घरेलू मुकाबले में बदल गया।
त्रिपुरा के खिलाफ मैच पर भी संशय
छत्तीसगढ़ को फरवरी में त्रिपुरा के खिलाफ अपने घरेलू मैदान पर एक और रणजी मुकाबला खेलना है, लेकिन फिलहाल यह तय नहीं है कि यह मैच रायपुर में हो पाएगा या नहीं। CSCS के एक अधिकारी के मुताबिक, स्टेडियम में मरम्मत और नवीनीकरण का काम चल रहा है। इसके अलावा NGT का आदेश भी मैचों को दूसरी जगह आयोजित करने की वजह बना है।
दरअसल, यह स्टेडियम पहले छत्तीसगढ़ सरकार के स्वामित्व में था। जनवरी 2026 में इसके संचालन की जिम्मेदारी CSCS को सौंप दी गई थी। क्रिकेट संघ ने 30 साल की लीज पर स्टेडियम का प्रबंधन अपने हाथ में लिया था, जिसे आगे बढ़ाने का विकल्प भी रखा गया था। हालांकि, इसके बाद से ही संघ को NGT के आदेशों के चलते आयोजन संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कई इंटरनेशनल मैचों की कर चुका है मेजबानी
रायपुर के इस स्टेडियम में अक्टूबर 2023 में पहली बार इंटरनेशनल मुकाबला खेला गया था। तब भारत और न्यूजीलैंड के बीच ODI मैच आयोजित हुआ था। इसके बाद दिसंबर 2023 में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच T20 मुकाबला, दिसंबर 2025 में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच ODI मैच खेला गया था। यही नहीं, जनवरी 2026 में भारत और न्यूजीलैंड के बीच T20I मैच यहां आयोजित हुआ था।
इस मैदान पर IPL के दौरान रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के घरेलू मुकाबले भी आयोजित हुए थे। वहीं, अक्टूबर में भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच तीन T20I मैचों की सीरीज भी इसी मैदान पर खेली गई थी। CSCS अधिकारी के अनुसार, IPL मुकाबलों के समय NGT का ऐसा कोई आदेश लागू नहीं था, जबकि महिला इंटरनेशनल मैचों के आयोजन के लिए संघ ने ट्रिब्यूनल से विशेष अनुमति ली थी। ये मुकाबले 16, 18 और 20 अक्टूबर को खेले गए थे। फिलहाल स्टेडियम में भविष्य के मैचों का आयोजन NGT के अगले फैसले पर निर्भर करेगा। इस मामले में अगली सुनवाई दिसंबर में होनी है।
यह भी पढ़ें:
IND vs NZ तीसरे वनडे मैच में भी बारिश खराब करेगी खेल, मैच के दौरान कैसा रहेगा हैमिल्टन का मौसम
SOURCE : KHABAR INDIAN TV




