Home BUSINESS NEWS HINDI रिपोर्ट: म्यूचुअल फंडों से निवेशकों का मोह भंग, मई में 40% घटा...

रिपोर्ट: म्यूचुअल फंडों से निवेशकों का मोह भंग, मई में 40% घटा निवेश

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

शेयर मार्केट में उथल-पुथल और ग्लोबल टेंशन के चलते निवेशकों का मोह म्यूचुअल फंडों से कम हो गया है। मई 2026 के आंकड़े इस बात की तस्दीक कर रहे हैं। मई में इक्विटी म्यूचुअल फंडों में शुद्ध निवेश तेजी से घटा है। AMFI के आंकड़ों पर आधारित एक्सिस म्यूचुअल फंड की रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।

12 महीने का सबसे निचला स्तर

रिपोर्ट के अनुसार, जियो पॉलिटिकल टेंशन, बातचीत को लेकर अनिश्चितता, सप्लाई में रुकावट की आशंकाओं और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के कारण बाजार लगातार अस्थिर बना रहा।

इस दौरान इक्विटी म्यूचुअल फंडों में नेट इन्वेस्टमेंट मई 2026 में 40 प्रतिशत घटकर 22,898 करोड़ रुपये रह गया, जो अप्रैल में 38,426 करोड़ रुपये था। यह पिछले 12 महीनों का सबसे निचला स्तर है और सितंबर 2024 में बाजार सुधार शुरू होने के बाद दूसरा सबसे कम आंकड़ा है।

फ्लेक्सी कैप श्रेणी में बिक्री लगभग आधी रह गई

निवेशकों की सतर्कता दूसरी कैटेगरीज में भी दिखाई दी। रिपोर्ट बताती है कि सबसे बड़ी इक्विटी श्रेणी फ्लेक्सी कैप फंड में नेट सेल मई 2026 में लगभग आधी रह गई। आंकड़ों के मुताबिक, पिछले महीने की तुलना में फ्लेक्सी कैप फंडों की नेट सेल में 48.99 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

एसआईपी योगदान तीसरे महीने भी 30,000 करोड़ के पार

हालांकि, एकमुश्त निवेश में कमी आई, लेकिन SIP के जरिये आने वाला पैसा म्यूचुअल फंड इंडस्ट्रीज को सहारा देता रहा। रिपोर्ट के अनुसार, एसआईपी योगदान मजबूत बना हुआ है और मई 2026 में भी 30,000 करोड़ रुपये से ऊपर रहा।

हालांकि, इसमें पिछले महीने की तुलना में 0.5 प्रतिशत की मामूली गिरावट आई और मार्च 2026 के शिखर से यह 3.5 प्रतिशत नीचे है। मई में एसआईपी योगदान 30,954 करोड़ रुपये रहा और लगातार तीसरे महीने यह 30,000 करोड़ रुपये के ऊपर बना रहा।

हाइब्रिड फंडों में भी सुस्ती

हाइब्रिड फंडों में भी निवेशकों की भागीदारी कमजोर रही। रिपोर्ट में कहा गया कि हाइब्रिड फंडों की नेट सेल में 48 प्रतिशत की गिरावट आई। हालांकि, बहुत सतर्क श्रेणियों जैसे कंजर्वेटिव हाइब्रिड और इक्विटी सेविंग्स फंड में नेट सेल में मामूली सुधार देखने को मिला और यह पिछले कुछ महीनों के मुकाबले सकारात्मक हुई।

डेट फंडों से बड़ी निकासी

डेट आधारित योजनाओं पर भुनाने का दबाव रहा। रिपोर्ट के अनुसार, मई 2026 में डेट और कैश सेगमेंट में नेट इन्वेस्टमेंट निगेटिव रहा, क्योंकि संस्थागत ग्राहकों ने भविष्य में दरों में बढ़ोतरी की आशंका के चलते विभिन्न अवधि की योजनाओं से पैसा निकाल लिया। इस दौरान डेट म्यूचुअल फंडों से 52,906 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी दर्ज की गई।

पहली बार ईटीएफ में सेल घटी

एक्सचेंज ट्रेडेड फंड यानी ईटीएफ खंड में भी कमजोरी देखी गई। रिपोर्ट में बताया गया कि गोल्ड और अन्य ईटीएफ दोनों सेगमेंट में नेट सेल निगेटिव रही। पिछले एक साल में ऐसा पहली बार हुआ है।

डेट और कैश सेगमेंट से बड़ी निकासी के चलते पूरे उद्योग की एयूएम प्रभावित हुई। रिपोर्ट में कहा गया कि मई 2026 में डेट और कैश सेगमेंट से बड़ी निकासी के कारण म्यूचुअल फंड की कुल एयूएम फिसल गई। इस महीने कुल एयूएम 81.58 लाख करोड़ रुपये रही।

इनपुट:ANI

SOURCE : LIVE HINDUSTAN