Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- RIL Share Target Price: गोल्डमैन सैक्स ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर का टार्गेट प्राइस ₹1,840 तय किया है
- वहीं, नोमुरा ने ₹1,560 का टार्गेट दिया है
- कंपनी का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 28% बढ़कर रिकॉर्ड ₹3.62 लाख करोड़ पहुंच गया
- वहीं, EBITDA 24% बढ़कर ₹62,409 करोड़ रहा
रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर को लेकर ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म गोल्डमैन सैक्स और नोमुरा का भरोसा कायम है। कंपनी के शानदार तिमाही नतीजों के बाद दोनों ब्रोकरेज ने शेयर पर ‘Buy’ रेटिंग बरकरार रखी है। गोल्डमैन सैक्स ने RIL के शेयर के लिए ₹1,840 और नोमुरा ने ₹1,560 का टार्गेट प्राइस दिया है।
वैसे तो शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 के बंद भाव के आधार पर गोल्डमैन सैक्स का टार्गेट करीब 58% और नोमुरा का टार्गेट करीब 34% की संभावित तेजी का संकेत देता है, लेकिन यह शेयर सोमवार 2 नवंबर को 12 प्रतिशत उछलकर इसके टार्गेट की ओर कदम बढ़ा दिया है। हालांकि, ये टार्गेट ब्रोकरेज के अनुमान हैं। शेयर वास्तव में कितना ऊपर जाएगा, यह कंपनी के प्रदर्शन और बाजार की परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।
शानदार तिमाही नतीजों से बढ़ा भरोसा
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया है। कंपनी का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 28% बढ़कर रिकॉर्ड ₹3.62 लाख करोड़ पहुंच गया। वहीं, EBITDA 24% बढ़कर ₹62,409 करोड़ रहा। कंपनी का नेट प्रॉफिट भी सालाना आधार पर 34% बढ़कर ₹29,550 करोड़ हो गया। रेवेन्यू, EBITDA और मुनाफे में बढ़ोतरी ने कंपनी के कारोबार की मजबूती को दिखाया है।
कंपनी के तेल से लेकर केमिकल तक के कारोबार यानी ऑयल-टू-केमिकल्स (O2C) सेगमेंट ने इस प्रदर्शन में अहम भूमिका निभाई। इस कारोबार का रेवेन्यू सालाना आधार पर 44.2% बढ़कर ₹2.32 लाख करोड़ हो गया। वहीं, सेगमेंट का EBITDA 67.9% बढ़कर ₹25,203 करोड़ पहुंच गया।
गोल्डमैन सैक्स ने क्यों दिया ₹1,840 का टार्गेट
गोल्डमैन सैक्स ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर पर ‘Buy’ रेटिंग बरकरार रखते हुए ₹1,840 का टार्गेट दिया है। ब्रोकरेज के मुताबिक, कंपनी के तेल और केमिकल कारोबार ने उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया है। दूसरी तिमाही में कंपनी का EBITDA उसके अनुमान से करीब 9% ज्यादा रहा।
(डिस्क्लेमर: यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले सूझ-बूझ के साथ फैसला करें या फाइनेंशियल एडवायजर से सलाह ले लें। लाइव हिन्दुस्तान इस आधार पर शेयरों को खरीदने और बेचने की सलाह नहीं देता है।)
रिफाइनिंग कारोबार में बेहतर मार्जिन ने कंपनी की कमाई को मजबूत किया है। हालांकि, गोल्डमैन सैक्स का मानना है कि तीसरी तिमाही में कच्चे तेल के बड़े जहाजों की ढुलाई लागत बढ़ने से रिफाइनिंग मार्जिन पर दबाव आ सकता है। सस्ते भारी कच्चे तेल के इस्तेमाल से इस दबाव की कुछ भरपाई हो सकती है।
ब्रोकरेज की नजर कंपनी के नए एनर्जी कारोबार पर भी है। सोलर एनर्जी और बैटरी निर्माण से जुड़ी परियोजनाओं में प्रगति आगे कंपनी के लिए नए अवसर पैदा कर सकती है।
नोमुरा ने क्यों दिया ₹1,560 का टार्गेट
नोमुरा ने भी रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर पर ‘Buy’ रेटिंग बनाए रखी है। ब्रोकरेज ने शेयर के लिए ₹1,560 का टार्गेट प्राइस दिया है। नोमुरा के मुताबिक, कंपनी के तेल और केमिकल कारोबार में मजबूत रिफाइनिंग मार्जिन से कमाई को फायदा मिला है। कंपनी का कंसोलिडेटेड EBITDA पिछली तिमाही के मुकाबले करीब 19% बढ़ा और ब्रोकरेज के अनुमान से लगभग 9% अधिक रहा।
नोमुरा का मानना है कि रिलायंस का टेलीकॉम कारोबार भी लगातार आगे बढ़ रहा है। हालांकि, रिटेल बिजनेस की कमाई में कमजोरी और नए निवेश से जुड़े खर्च कंपनी के लिए चिंता का विषय बने हुए हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




