Home rss world hindi रूस में बड़ा विमान हादसा, उड़ान भरते ही क्रैश हुआ मिलिट्री एयरक्राफ्ट;...

रूस में बड़ा विमान हादसा, उड़ान भरते ही क्रैश हुआ मिलिट्री एयरक्राफ्ट; 6 की मौत

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

यह हादसा अमूर क्षेत्र के मजानोवस्की जिले में स्थित क्रास्नोयारोवो गांव के पास हुआ। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक विमान में कुल 7 लोग सवार थे।

रूस के सुदूर पूर्वी अमूर क्षेत्र में मंगलवार को रूसी रक्षा मंत्रालय का एक सैन्य विमान टेकऑफ के तुरंत बाद क्रैश हो गया। रूसी न्यूज एजेंसी ‘इंटरफैक्स’ ने रक्षा मंत्रालय के हवाले से बताया कि इस भयानक हादसे में विमान में सवार 6 लोगों की मौत हो गई है। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, यह विमान टुपोलेव टीयू-154 (Tupolev Tu-154) था, जो सोवियत काल का तीन-इंजन वाला जेट विमान है।

फ्यूल टैंक में हुआ भीषण विस्फोट

यह हादसा अमूर क्षेत्र के मजानोवस्की जिले में स्थित क्रास्नोयारोवो गांव के पास हुआ। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक विमान में कुल 7 लोग सवार थे।

दुर्घटना के बाद 6 लोगों की जान चली गई, जिनमें से दो लोगों ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ा। एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जमीन से टकराते ही विमान के फ्यूल टैंक में एक बड़ा धमाका हुआ, जिससे पूरे मलबे में भीषण आग लग गई। रूसी अधिकारियों ने अभी तक दुर्घटना के सटीक तकनीकी कारणों की पुष्टि नहीं की है और मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

सोशल मीडिया पर इस हादसे के कई वीडियो सामने आए हैं, जिसमें विमान धू-धू कर जलता नजर आ रहा है।

सोवियत काल का भरोसेमंद टीयू-154 और इसका इतिहास

टीयू-154 विमान ने पहली बार 1968 में उड़ान भरी थी और 1970 के दशक की शुरुआत में इसे कमर्शियल और सरकारी सेवा में शामिल किया गया था। सोवियत संघ के दौरान यह सबसे व्यापक रूप से इस्तेमाल होने वाला यात्री विमान था, जिसके 1,000 से ज्यादा मॉडल तैयार किए गए थे।

कमर्शियल फ्लाइट से हटने के बाद भी रूसी सेना और राज्य एजेंसियां (जैसे 223वां फ्लाइट स्क्वाड) इस विमान के अपग्रेटेड वर्जन का इस्तेमाल सैन्य कर्मियों को लाने ले जाने और विशेष अभियानों के लिए करती रही हैं।

इस विमान से जुड़ा एक बड़ा हादसा दिसंबर 2016 में हुआ था, जब सोची से उड़ान भरने के तुरंत बाद रक्षा मंत्रालय का टीयू-154 विमान काले सागर में गिर गया था। उस हादसे में सीरिया जा रहे अलेक्जेंड्रोव एंसेंबल (रूसी सेना के प्रसिद्ध संगीत बैंड) के सदस्यों, पत्रकारों और सैन्य कर्मियों सहित सभी 92 लोगों की मौत हो गई थी।

अमूर क्षेत्र में हुए इस ताजा हादसे के बाद इलाके में आपातकालीन राहत बल और जांच दल तैनात कर दिए गए हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN