Home LIFESTYLE NEWS HINDI लक्ष्मी पूजा की खील से बनाएं 5 टेस्टी मीठे और नमकीन पकवान,...

लक्ष्मी पूजा की खील से बनाएं 5 टेस्टी मीठे और नमकीन पकवान, यहां देखें आसान रेसिपीज

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

लक्ष्मी पूजा में देवी को खील अर्पित करवा बहुत शुभ माना जाता है। लेकिन पूजा के बाद अक्सर ये खील रखी रह जाती हैं। ऐसे में यहां हम खील से तैयार होने वाली 5 रेसिपीज बता रहे हैं।

लक्ष्मी पूजा में माता रानी को खील अर्पित करना बेहद शुभ माना जाता है। दिवाली पर इनका इस्तेमाल पूजा में जरूर किया जाता है। हालांकि, पूजा के बाद अक्सर घरों में खील बच जाती है, जिसे फेंकने के बजाय कई टेस्टी और मजेदार चीजें बनाने में इस्तेमाल किया जा सकता है। खील से मीठे और नमकीन दोनों तरह के पकवान आसानी से तैयार किए जा सकते हैं। अगर आपको मीठा पसंद है, तो खील और गुड़ से बने लड्डू, दूध और मेवों से तैयार खील की खीर और चॉकलेट खील बाइट्स बेहतरीन ऑप्शन हैं। वहीं, नमकीन खाने के शौकीन लोग मूंगफली, काजू, करी पत्ता और मसालों के साथ कुरकुरी मसाला खील नमकीन बना सकते हैं। इन सभी चीजों को बनाने में ज्यादा समय और मेहनत नहीं लगती इसलिए आप इन्हें दिन के किसी भी समय पर फटाफट बनाकर तैयार कर सकते हैं। यहां 5 रेसिपीज बता रहे हैं जिन्हें खील से बनाया जा सकता है।

1) गुड़ वाली खील के लड्डू

इन लड्डू को बनाने के लिए एक कड़ाही में आधा कप गुड़ और 2 चम्मच पानी डालकर धीमी आंच पर पकाएं। जब गुड़ की चाशनी गाढ़ी होकर चिपचिपी होने लगे, तब उसमें 2 कप खील, थोड़े कटे हुए बादाम और इलायची पाउडर डालें। अच्छी तरह मिलाने के बाद लड्डू बनाकर तैयार करें। इसके लिए हाथों में थोड़ा घी लगाएं और गर्म मिक्स से छोटे-छोटे लड्डू बना लें। मीठा खाना पसंद करने वालों को ये लड्डू बहुत पसंद आएंगे।

2) खील की मीठी नमकीन

इसे बनाने के लिए एक कड़ाही में थोड़ा घी गर्म करके उसमें काजू, बादाम, मूंगफली और किशमिश भून लें। अब खील डालकर हल्के हाथ से मिलाएं। इसमें थोड़ा पिसा हुआ गुड़ या चीनी, इलायची पाउडर और एक चुटकी सेंधा नमक डालें। ठंडा होने पर यह कुरकुरी और मीठी नमकीन तैयार हो जाएगी। इसे स्नैक्स के तौर पर दिन के किसी भी समय में खा सकते हैं।

3) खील की खीर

खील वाली खीर बनाने के लिए एक पैन में एक लीटर दूध उबालें और उसमें आधा कप खील डाल दें। धीमी आंच पर 8-10 मिनट पकाएं, ताकि खील दूध में अच्छी तरह नरम हो जाए। अब स्वादानुसार चीनी, इलायची, केसर, बादाम और पिस्ता डालकर कुछ देर पकाएं। टेस्टी खील की खीर तैयार है। इसे ठंडा करके भी खा सकते हैं।

4) चॉकलेट खील बाइट्स

चॉकलेट वाली चीजें खाना पसंद है तो आप खाल बाइट्स बनाकर तैयार करें। इसके लिए एक बाउल में पिघली हुई डार्क चॉकलेट लें। उसमें खील, कटे हुए बादाम, काजू और किशमिश मिलाएं। अब छोटी-छोटी टॉफी बनाकर बटर पेपर पर रखें और 15-20 मिनट फ्रिज में जमा दें। जमने के बाद बच्चों और बड़ों दोनों को खिलाएं।

5) मसाला खील नमकीन

मसाला खील नमकीन तैयाप करने के लिए एक कड़ाही में थोड़ा घी गर्म करें। उसमें करी पत्ता, हरी मिर्च, मूंगफली, हल्दी, काली मिर्च और थोड़ा सेंधा नमक डालें। अब खील डालकर धीमी आंच पर 3-4 मिनट कुरकुरी होने तक भूनें। ऊपर से थोड़ा अमचूर पाउडर डालें। अब इस टेस्टी नमकीन को चाय के साथ सर्व कर सकते हैं। अच्छे टेस्टके लिए चाट मसाला डाल सकते हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN