Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- कंपनी ने बताया कि उसके बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने 11 दिसंबर 2026 को एक्स्ट्राऑर्डिनरी जनरल मीटिंग (EGM) बुलाने की मंजूरी दी है
- इस बैठक में बोनस शेयर जारी करने, स्टॉक स्प्लिट और कंपनी की ऑथराइज्ड शेयर पूंजी बढ़ाने जैसे अहम प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा
SC Agrotech Share Price: शेयर बाजार में गुरुवार, 19 नवंबर को एससी एग्रोटेक के शेयरों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। बाजार खुलते ही कंपनी के शेयर अपर सर्किट पर पहुंच गए। बता दें कि लगातार चौथे कारोबारी दिन शेयर में अपर सर्किट लगा है। इस तेजी के साथ कंपनी के शेयर ने पिछले 6 महीनों में निवेशकों को करीब 227 फीसदी का शानदार रिटर्न दिया है। कंपनी के शेयर आज गुरुवार को 75.79 रुपये पर आ गए थे। शेयरों में यह तेजी कंपनी की ओर से एक अहम बिजनेस अपडेट जारी करने के एक दिन बाद आई है।
कंपनी ने बताया कि उसके बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने 11 दिसंबर 2026 को एक्स्ट्राऑर्डिनरी जनरल मीटिंग (EGM) बुलाने की मंजूरी दी है। इस बैठक में बोनस शेयर जारी करने, स्टॉक स्प्लिट और कंपनी की ऑथराइज्ड शेयर पूंजी बढ़ाने जैसे अहम प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा। बता दें कि कंपनी ने 1:10 स्टॉक स्प्लिट और 4:5 बोनस शेयर का प्रस्ताव रखा है।
11 दिसंबर को होगी EGM की बैठक
एससी एग्रोटेक की यह बैठक 11 दिसंबर 2026 को आयोजित होगी। कंपनी की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, इस बैठक में कुछ बड़े कॉरपोरेट फैसलों पर शेयरधारकों की मंजूरी ली जाएगी। इनमें कंपनी की ऑथराइज्ड शेयर पूंजी बढ़ाना, शेयरों का बंटवारा करना और बोनस शेयर जारी करना शामिल है।
कंपनी के विस्तार की भी तैयारी
एससी एग्रोटेक अपने कारोबार को बढ़ाने की भी तैयारी कर रही है। कंपनी को वेब कोड जिनी (WebCodeGenie) की ओर से एक नॉन-बाइंडिंग लेटर ऑफ इंटेंट (LOI) मिला है। यह कंपनी के एग्रीब्रिज (AgriBridge) डिजिटल एग्रीकल्चर प्लेटफॉर्म में संभावित रणनीतिक निवेश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कारोबार बढ़ाने से जुड़ा है। प्रस्ताव के मुताबिक, इस निवेश के बाद भी एससी एग्रोटेक की एग्रीब्रिज में 75 फीसदी हिस्सेदारी बनी रहेगी। कंपनी ने साफ किया है कि यह उसकी मौजूदा हिस्सेदारी बेचने का सौदा नहीं है। इसके अलावा इस प्रस्ताव में अगले 48 महीनों के दौरान कारोबार के विस्तार के लिए 40 करोड़ रुपये तक निवेश करने की योजना भी शामिल है।
कंपनी के शेयरों में तेजी
गुरुवार को कारोबार शुरू होते ही एससी एग्रोटेक के शेयरों में तेजी आ गई। BSE पर शेयर 4.99 फीसदी चढ़कर 75.79 रुपये के इंट्राडे हाई पर पहुंच गया। इसके साथ ही शेयर ने अपना पिछला 52 हफ्तों का रिकॉर्ड तोड़ते हुए नया हाई बनाया। रिटर्न की बात करें तो कंपनी के शेयर ने पिछले एक हफ्ते में करीब 27 फीसदी, एक महीने में 125 फीसदी और छह महीने में 227 फीसदी का रिटर्न दिया है। वहीं, पिछले एक साल में शेयर करीब 267 फीसदी चढ़ चुका है। इस तरह कंपनी के शेयर में लगातार तेजी देखने को मिल रही है। हालांकि, बोनस शेयर और स्टॉक स्प्लिट के प्रस्तावों पर अंतिम फैसला EGM में शेयरधारकों की मंजूरी के बाद ही होगा।
(डिस्क्लेमर: यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले सूझ-बूझ के साथ फैसला करें या फाइनेंशियल एडवायजर से सलाह ले लें। लाइव हिन्दुस्तान इस आधार पर शेयरों को खरीदने और बेचने की सलाह नहीं देता है।)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




