Source :- LIVE HINDUSTAN
तीन नवंबर को हुए मिडटर्म चुनावों में ट्रंप को बड़ा झटका लगा। डेमोक्रेटिक पार्टी ने संसद के दोनों सदनों पर कब्जा कर लिया। डेमोक्रेट्स रिपब्लिकन पार्टी के कई पुराने गढ़ में भी जीत गए।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी गलती मान ली है। उन्होंने माना है कि अवैध प्रवासियों को डिपोर्ट करने की उनकी जरूरत से ज्यादा सख्त थी। एक इंटरव्यू में ट्रंप यह कहते नजर आए हैं कि मिडटर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी को इसका खामियाजा भुगतना पड़ा है। हालांकि ट्रंप को अपनी गलतियों का सच में पछतावा है या नहीं, ये कहना मुश्किल है। दरअसल हाल ही में ट्रंप ने इमिग्रेशन पर बेहद सख्त रुख रखने वाले स्टीफन मिलर को अपना चीफ ऑफ स्टाफ नियुक्त कर दिया है।
इससे पहले अमेरिका के मिडटर्म चुनावों में मिली करारी हार के बाद ट्रंप का यह कबूलनामा सामने आया। उन्होंने माना कि उनकी डिपोर्टेशन की नीति शायद बहुत अधिक सख्त थी। एक इंटरव्यू में इस पर बात करते हुए ट्रंप ने कहा, “मुझे लगता है कि यह बहुत सख्त था।”
‘मुझे A+ ग्रेड मिलना चाहिए…’
ट्रंप ने इंटरव्यू में कहा कि बॉर्डर को पूरी तरह बंद करने के लिए वह “A+ ग्रेड” के हकदार हैं और ‘बुरे’ लोगों को बाहर निकालने के लिए उन्हें बहुत अच्छे नम्बर मिले हैं। लेकिन ट्रंप के मुताबिक नुकसान तब हुआ जब ऐसे लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई हुई जो अमेरिकी अर्थव्यवस्था में योगदान दे रहे थे। ट्रंप ने कहा कि नुकसान इसलिए हुआ क्योंकि ऐसे लोगों को भी निशाना बनाया गया जिनके पास अच्छी नौकरियां थीं।
उन्होंने देश की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि एक वर्ग उन्हें वापस भेजना चाहता था, जबकि दूसरा वर्ग मानता था कि अगर वे होटलों, लैंडस्केपिंग व्यवसायों या अन्य नौकरियों में लगे हैं और टैक्स दे रहे हैं, तो उन्हें रहने देना चाहिए। ट्रंप के इस बयान से लगा कि शायद वे अब अपनी इस नीति में कुछ ढिलाई बरत सकते हैं। लेकिन इसके तुरंत बाद उन्होंने स्टीफन मिलर की नियुक्ति कर दी है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि ट्रंप प्रशासन अपने सख्त रुख से पीछे हटने की तैयारी कर रहा है।
2 लाख से ज्यादा लोगों को निकाला बाहर
बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप ‘अमेरिका फर्स्ट’ के नारे के साथ सत्ता में आए थे। उनके अहम चुनावी वादों में से एक अवैध प्रवासियों के खिलाफ एक्शन लेना था। शपथ लेते ही ट्रंप अपने इस वादे को पूरा करने में जुट गए। उन्होंने हजारों की तादाद में अवैध प्रवासियों को देश से बाहर का रास्ता दिखा दिया। कइयों को उन्होंने हथकड़ी पहना कर जेट से डिपोर्ट करवा दिया। जनवरी 2026 को न्यू यॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप ने अब तक करीब ढाई लाख लोगों को डिपोर्ट करवा दिया है। वहीं भारतीयों की बात करें तो ट्रंप ने अब तक 4800 लोगों को अमेरिका से निकाल दिया।
अलापने लगे पुराना राग
इस बीच ट्रंप भारत पाकिस्तान को लेकर एक बार फिर अपना पुराना राग अलापते नजर आए। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने परमाणु युद्ध को होने से रोक दिया। ट्रंप ने कहा, “मेरा मतलब है, भारत-पाकिस्तान के बीच परमाणु युद्ध हो गया होता। इससे पहले कि यह शुरू होता, मैंने इसे सुलझा दिया।” उन्होंने दावा किया कि 11 जेट मार गिराए गए थे और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने लाखों लोगों की जान बचाने का श्रेय उन्हें दिया था। हालांकि भारत ने ट्रंप के इन दावों को पूरी तरह खारिज किया है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




