Home rss business hindi शेयर बाजार की तेजी क्या रहेगी जारी? तिमाही नतीजों से लेकर Jio...

शेयर बाजार की तेजी क्या रहेगी जारी? तिमाही नतीजों से लेकर Jio IPO तक, कई फैक्टर्स रहेंगे महत्वपूर्ण

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • Share bazar updates: पिछले हफ्ते शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली थी
  • इस हफ्ते बाजार की चाल तिमाही नतीजों से लेकर जियो के आईपीओ तक पर निर्भर रहेगी
  • अल्ट्राटेक सीमेंट जैसी कंपनियों के तिमाही नतीजे भी बाजार की रफ्तार को प्रभावित करेंगे

Share bazar updates: स्थानीय शेयर बाजार की दिशा इस सप्ताह कंपनियों के तिमाही नतीजों, कच्चे तेल की कीमतों, जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ और विदेशी निवेशकों की कारोबारी गतिविधियों से तय होगी। इसके अलावा पश्चिम एशिया के घटनाक्रम और रुपये-डॉलर की विनिमय दर पर भी निवेशकों की नजर रहेगी। ‘दशहरा’ के अवसर पर मंगलवार को शेयर बाजार बंद रहेंगे।

क्या है एक्सपर्ट की राय

ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर. ने कहा, ‘लगातार दो सप्ताह की बढ़त और आईटी शेयरों में मजबूत सुधार के बाद घरेलू शेयर बाजार में तेजी का रुख बना है। हालांकि, इस तेजी को बरकरार रखना बाजार के लिए चुनौती होगी। कच्चे तेल की ऊंची कीमतें, भू-राजनीतिक अनिश्चितता, वैश्विक बॉण्ड बाजार में उतार-चढ़ाव और सीमित शेयरों में तेजी निवेशकों को सतर्क रहने का संकेत दे रही है।’ उन्होंने कहा कि निवेशकों की नजर इस बात पर रहेगी कि हालिया तेजी आईटी शेयरों से आगे दूसरे क्षेत्रों तक फैलती है या नहीं।

जियो के आईपीओ पर भी नजर

रिलायंस इंडस्ट्रीज की डिजिटल और दूरसंचार इकाई जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ 21 अक्टूबर को खुलेगा और 23 अक्टूबर को बंद होगा। आईपीओ के लिए 1,065 रुपये से 1,119 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है। इस निर्गम से ऊपरी मूल्य स्तर पर करीब 30,213 करोड़ रुपये जुटाए जाने की संभावना है, जिससे यह देश का अबतक का सबसे बड़ा आईपीओ बन सकता है। इसके तहत 10 रुपये अंकित मूल्य वाले अधिकतम 27 करोड़ नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे।

चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के नतीजों का सिलसिला तेज होने के साथ ही शेयर और क्षेत्र विशेष में गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है। बजाज फाइनेंस, अल्ट्राटेक सीमेंट, हिंदुस्तान जिंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, इरेडा, इन्फोसिस, कोफोर्ज, क्रिसिल और स्विगी सहित कई कंपनियां आगामी सप्ताह अपने तिमाही नतीजे घोषित करेंगी।

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के रिसर्च हेड सिद्धार्थ खेमका के मुताबिक, सप्ताहांत में एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और एक्सिस बैंक के नतीजों के बाद बैंकिंग शेयरों में निवेशकों की विशेष दिलचस्पी बनी रह सकती है।

HDFC bank और ICICI bank के तिमाही नतीजों का किया ऐलान

एचडीएफसी बैंक ने सितंबर तिमाही में 5.55 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 20,700 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ दर्ज किया है। वहीं, आईसीआईसीआई बैंक का एकीकृत शुद्ध लाभ 22.28 प्रतिशत बढ़कर 16,333.18 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में 13,357.06 करोड़ रुपये था। एक्सिस बैंक ने भी चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 39.4 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 7,704.67 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया है। बैंक के मुनाफे को मुख्य आय में बढ़ोतरी और परिसंपत्ति गुणवत्ता में सुधार से समर्थन मिला।

रेलिगेयर ब्रोकिंग के सीनियर वाइस प्रेसीडेंट (रिसर्च) अजित मिश्रा ने कहा कि वैश्विक बाजारों में अमेरिकी बॉण्ड प्रतिफल, कच्चे तेल की कीमतों और भू-राजनीतिक घटनाक्रमों पर निवेशकों की नजर रहेगी। इन कारकों का असर आयातित महंगाई, रुपये की विनिमय दर और कंपनियों की लाभप्रदता पर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि हालिया तेजी की मजबूती का आकलन करने के लिए विदेशी संस्थागत निवेशकों की गतिविधियों और मुद्रा बाजार के रुझानों पर भी करीबी नजर रखी जाएगी।

पिछले सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 2,256.94 अंक यानी 3.11 प्रतिशत चढ़ा, जबकि एनएसई निफ्टी 625.7 अंक यानी 2.77 प्रतिशत मजबूत हुआ।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN