Home rss business hindi शेयर बाजार में हफ्ते की शानदार शुरुआत, सेंसेक्स 567 अंक उछला; Eicher...

शेयर बाजार में हफ्ते की शानदार शुरुआत, सेंसेक्स 567 अंक उछला; Eicher Motors और भारती एयरटेल बने टॉप गेनर्स

4
0

Source :- KHABAR INDIA TV

नए कारोबारी हफ्ते के पहले दिन यानी आज सोमवार को भारतीय शेयर बाजार ने जोरदार वापसी की है। कमजोर वैश्विक संकेतों के बावजूद घरेलू बाजार हरे निशान में खुला और शुरुआती मिनटों में ही निवेशकों के चेहरे पर रौनक लौट आई। पिछले सत्र की गिरावट को भुलाते हुए खरीदारों ने बाजार में जमकर लिवाली की, जिसके चलते बीएसई सेंसेक्स 560 अंकों से ज्यादा उछल गया और एनएसई निफ्टी ने भी 25,200 के अहम स्तर के ऊपर मजबूत पकड़ बना ली। पीएसयू बैंकों और हेल्थकेयर शेयरों में आई तेजी ने बाजार के सेंटिमेंट को मजबूत सहारा दिया।

सेंसेक्स और निफ्टी की धमाकेदार ओपनिंग

सोमवार को बाजार खुलने के साथ ही सेंसेक्स 566.77 अंक यानी 0.69 प्रतिशत की बढ़त के साथ 82,159.22 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। वहीं, निफ्टी 140.30 अंक या 0.56 प्रतिशत उछलकर 25,284.60 के स्तर पर पहुंच गया। बाजार के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, कुल 1,438 शेयरों में तेजी दर्ज की गई, जबकि 1,069 शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे और 267 शेयरों के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ।

पीएसयू बैंक और मीडिया सेक्टर में सबसे ज्यादा चमक

सेक्टोरल मोर्चे पर ज्यादातर इंडेक्स हरे निशान में नजर आए। निफ्टी पीएसयू बैंक (+0.93%) में सबसे ज्यादा खरीदारी देखने को मिली। इसके अलावा निफ्टी मीडिया (+0.52%), निफ्टी बैंक (+0.51%), निफ्टी हेल्थकेयर (+0.51%), निफ्टी फार्मा (+0.41%), निफ्टी प्राइवेट बैंक (+0.39%), निफ्टी सीमेंट (+0.30%) और निफ्टी आईटी (+0.21%) भी मजबूती के साथ ट्रेड कर रहे थे। दूसरी ओर, निफ्टी मेटल (-0.96%), निफ्टी रियल्टी (-0.78%) और निफ्टी ऑयल एंड गैस (-0.33%) में शुरुआती बिकवाली का दबाव रहा।

आयशर मोटर्स और भारती एयरटेल ने मारी बाजी

दिग्गज शेयरों की बात करें तो आज चुनिंदा हैवीवेट स्टॉक्स में जोरदार एक्शन दिखा। शुरुआती कारोबार में आयशर मोटर्स (+2.43%) और भारती एयरटेल (+2.30%) निफ्टी के टॉप गेनर्स रहे। इनके अलावा एशियन पेंट्स (+1.87%), एसबीआई (+1.63%), इटर्नल (+1.22%), मैक्स हेल्थकेयर (+1.19%), अपोलो हॉस्पिटल्स (+1.16%) और कोटक महिंद्रा बैंक (+1.00%) में अच्छी तेजी रही। गिरावट वाले शेयरों में टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स (TMPV -7.46%) में सबसे बड़ी टूट दिखी। इसके अलावा टाटा स्टील (-1.34%), कोल इंडिया (-1.26%), हिंडाल्को (-0.90%), पावरग्रिड (-0.84%), अदानी एंटरप्राइजेज (-0.80%) और बजाज फाइनेंस (-0.41%) लाल निशान में कारोबार कर रहे थे।

यह भी पढ़ें- शेयर बाजार में विदेशी निवेशकों की धमाकेदार वापसी, नवंबर के पहले दो हफ्तों में भारतीय बाजार में लगाए ₹84,290 करोड़

SOURCE : KHABAR INDIA TV