Source :- LIVE HINDUSTAN
तुर्की के प्रसिद्ध रिसॉर्ट शहर मारमारिस के पास समुद्री डाकुओं की थीम वाली लोकप्रिय पार्टी बोट ‘बिग बॉस डायमंड’ शुक्रवार को अचानक डूबने लगी। नाव पर सवार 148 पर्यटकों, जिनमें 20 बच्चे भी शामिल थे, को अपनी जान बचाने के लिए समुद्र में कूदना पड़ा।
तुर्की के प्रसिद्ध रिसॉर्ट शहर मारमारिस के पास समुद्री डाकुओं की थीम वाली लोकप्रिय पार्टी बोट ‘बिग बॉस डायमंड’ शुक्रवार को अचानक डूबने लगी। नाव पर सवार 148 पर्यटकों, जिनमें 20 बच्चे भी शामिल थे, को अपनी जान बचाने के लिए समुद्र में कूदना पड़ा। हालांकि, स्थानीय प्रशासन और बचाव टीमों की त्वरित कार्रवाई से सभी लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। किसी की जान नहीं गई और न ही किसी को गंभीर चोट आई।
न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, नाव मारमारिस से पैराडाइज आइलैंड की पांच घंटे की यात्रा पर रवाना हुई थी। यात्रा के दौरान नाव एक तरफ झुक गई और तेजी से पानी भरने लगी। इस पर सवार पर्यटकों में अफरा-तफरी मच गई। एक पर्यटक ने बताया कि इंजन खराब हो जाने के कारण यह घटना हुई। दूसरे यात्री ने राहत जताते हुए कहा कि बोट से बाहर निकलकर जिंदा बच जाने पर बहुत खुशी है।”
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कई पर्यटकों ने पहले से लाइफ जैकेट पहन रखी थी, जबकि कुछ लोग पास की नावों की ओर तैरकर पहुंच गए। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें स्विमिंग सूट पहने एक व्यक्ति को नाव से कूदते हुए देखा जा सकता है। इसके बाद स्थानीय बचाव नौकाओं और अधिकारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर सभी 148 लोगों को पानी से बाहर निकाला। कुछ यात्रियों को सदमे और मामूली चोटों के लिए चिकित्सा सहायता दी गई।
क्या बोली कंपनी?
नाव संचालक कंपनी ने इंस्टाग्राम पर जारी बयान में कहा कि प्रिय मेहमानों और दोस्तों, हमारे बारे में पूछने और चिंता जताने के लिए धन्यवाद। हम सब सुरक्षित और ठीक हैं। कंपनी ने आगे बताया कि ‘बिग बॉस डायमंड’ तुर्की का सबसे बड़ा समुद्री डाकू थीम वाला जहाज है, जो पारिवारिक पार्टी नाव के रूप में जाना जाता है। इसमें बच्चों के लिए सॉफ्ट प्ले एरिया और माता-पिता के लिए पार्टी व्यवस्था है। कंपनी ने कहा कि नाव की मरम्मत पूरी होने तक दूसरा जहाज पार्टी टूर संचालित करेगा।
वहीं, मुगला गवर्नरशिप ने बयान जारी कर कहा कि रिपोर्ट मिलते ही टीमों को मौके पर भेजा गया। आसपास की नावों की मदद से सभी पर्यटकों को सुरक्षित निकाला गया। जांच में किसी के हताहत होने, घायल होने या स्वास्थ्य संबंधी किसी समस्या की पुष्टि नहीं हुई। सभी पर्यटकों को सुरक्षित तट पर पहुंचा दिया गया है। चिंता की कोई बात नहीं है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN







