Source :- LIVE HINDUSTAN
Bihari style Lehsuni Aloo Gobhi Ki Sabji: आलू गोभी की सब्जी पूड़ी के साथ खा कर मजा आ जाता है। खासकर अगर अपने ये लहसुनी बिहारी स्टाइल आलू-गोभी की सूखी सब्जी खा ली, तो हर बार इसी तरीके से बनाएंगे। आइए रेसिपी जान लेते हैं-
आलू गोभी एक ऐसी सब्जी है जो बच्चों से ले कर बड़े तक खूब शौक से खा लेते हैं। खासकर पूड़ी और पराठे के साथ आलू गोभी की सूखी सब्जी काफी टेस्टी लगती है। अब वैसे तो हर किसी की अपनी रेसिपी है, लेकिन यकीन मानिए एक बार इस तरह से आपने सब्जी बना ली, फिर कोई दूसरी रेसिपी आपको पसंद नहीं आने वाली। आज हम आपके लिए बिहारी स्टाइल में बनने वाली आलू गोभी की सूखी सब्जी की रेसिपी ले कर आए हैं। इसकी खासियत ही इसका मसालेदार स्वाद और लहसुनी खुशबू है, जो इसे बेहद स्वादिष्ट बनाती है। इसे बनाने में कोई बहुत टाइम नहीं लगता, बस तड़का और कुछ छोटी-छोटी टिप्स आपको ध्यान में रखनी होती हैं। पूड़ी के साथ इसका कॉम्बिनेशन जबरदस्त है। तो चलिए फटाफट बिना देरी किए रेसिपी जान लेते हैं।
बिहारी स्टाइल आलू-गोभी की सब्जी बनाने के लिए सामग्री
बिहारी स्टाइल मसालेदार आलू गोभी की सब्जी बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- फूलगोभी (1, मीडियम), आलू (2-3), कटी हुई प्याज (2), कटे हुए टमाटर (2), अदरक लहसुन का पेस्ट (1 चम्मच), तेल (2 चम्मच), तेज पत्ता (1), दालचीनी का टुकड़ा, लौंग (2-3), हरी इलायची (2), साबुत धनिया (1 चम्मच), जीरा (1 चम्मच), काली मिर्च (आधा चम्मच), सूखी लाल मिर्च (2), हल्दी पाउडर (आधा चम्मच), स्वादानुसार नमक, गरम मसाला (आधा चम्मच) और गार्निशिंग के लिए ताजा हरा धनिया पत्ता।
पूड़ी के साथ बनाएं लहसुनी आलू-गोभी की सूखी सब्जी
सबसे पहले फूलगोभी को अच्छे से धो कर काट लें। इसी तरह आलू को धो कर, छीलकर चॉप कर लें। अब एक कढ़ाही में दो चम्मच सरसों का तेल गर्म करें और उसमें आलू के टुकड़े डालकर अच्छी तरह फ्राई कर लें। इन्हें आपको तल लेना है, जबतक ये हल्के क्रिस्पी से नहीं हो जाते। आलू के बाद गोभी के टुकड़ों को भी इसी तरह तेल में तल लें। इनका रंग हल्का सुनहरा होने पर तेल से बाहर निकाल लें।
अब इसी कढ़ाही में थोड़ा सा सरसों का तेल और डालें और उसे गर्म होने दें। इसमें कुछ खड़े मसाले जैसे तेज पत्ता, लौंग, दालचीनी का टुकड़ा, दो सूखी लाल मिर्च और हरी इलायची डालकर हल्का सा रोस्ट होने दें। फिर इसमें कटी हुई प्याज डालकर हल्का सुनहरा होने तक भून लें। अब इसमें टमाटर और अदरक-लहसुन का पेस्ट एक साथ पीसकर एड कर दें। इन्हें अच्छी तरह भून लें।
फिर इसमें तले हुए आलू और गोभी दोनों मिक्स करें। ऊपर से कुछ खड़े मसाले दरदरे से कूट कर डालें। जैसे- साबुत धनिया, काली मिर्च और जीरा। साथ में कुछ बेसिक मसाले भी मिलाएं, जैसे- हल्दी पाउडर, स्वादानुसार नमक, गरम मसाला और लाल मिर्च पाउडर। सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स करें और सब्जी को थोड़ी देर और पका लें। लास्ट में फ्रेश हरा धनिया पत्ता डालकर गार्निश करें। बिहारी स्टाइल लहसुनी आलू गोभी की सब्जी बनकर तैयार है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN





