Home rss sports hindi सविता पूनिया ने सबसे ज्यादा मैच खेलकर रचा इतिहास, हॉकी इंडिया ने...

सविता पूनिया ने सबसे ज्यादा मैच खेलकर रचा इतिहास, हॉकी इंडिया ने ईनाम में दिए इतने लाख रुपये

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

भारतीय महिल हॉकी टीम की दिग्गज प्लेयर सविता पूनिया ने सबसे ज्यादा मैच  खेलकर इतिहास रच दिया है। उन्होंने यह कारनामा एशियन गेम्स के दौरान किया। हॉकी इंडिया ने नकद पुरस्कार की घोषणा की है।

भारतीय हॉकी की दीवार कही जाने वाली गोलकीपर सविता पूनिया सोमवार को भारत के लिए सबसे ज्यादा 321 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली महिला हॉकी खिलाड़ी बन गई जिन्होंने वंदना कटारिया का रिकॉर्ड तोड़ा। सविता ने यह उपलब्धि एशियन गेम्स 2026 में पूल बी में इंडोनेशिया के खिलाफ दूसरे मैच में हासिल की जिसमें भारत 17-1 से विजयी रहा। हॉकी इंडिया ने इस उपलब्धि पर उनके लिए दस लाख रुपये के नकद ईनाम की घोषणा की है।

सविता पूनिया ने 2009 में किया था डेब्यू

पूर्व कप्तान और तीन बार एफआईएच की सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर (2020, 2021, 2023) चुनी जा चुकी सविता ने 2009 में अंतरराष्ट्रीय हॉकी में डेब्यू किया था और अब तक तीन ओलंपिक, तीन वर्ल्ड कप और दो एशियाई खेलों में भाग ले चुकी हैं। उन्होंने एफआईएच प्रो लीग में नीदरलैंड के खिलाफ फरवरी 2025 में हुए मैच के दौरान 300 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे किये थे। वह वंदना के अलावा 300 से अधिक मैच खेलने वाली अकेली भारतीय महिला खिलाड़ी और पी आर श्रीजेश के बाद एकमात्र गोलकीपर हैं।

‘कभी नहीं सोचा था कि एक दिन भारत के…’

इस साल पद्मश्री सम्मान पाने वाली सविता ने कहा, ”मैं अपने परिवार, कोचों, साथी खिलाड़ियों और इस सफर में मेरे साथ रहे हर व्यक्ति को धन्यवाद देना चाहती हूं। मैंने कभी सोचा नहीं था कि यहां तक पहुंचूंगी।” उन्होंने कहा, ”जब मैंने खेलना शुरू किया तो बस टीम में जगह बनाकर अपने परिवार को गौरवान्वित करना चाहती थी। कभी नहीं सोचा था कि एक दिन भारत के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने वाली महिला हॉकी खिलाड़ी बनूंगी। उम्मीद है कि युवा लड़कियों को सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रेरित कर सकूंगी।”

भारत का अगला मैच किससे होगा?

ड्रैग फ्लिकर दीपिका, फॉरवर्ड रूतुजा पिसाल और नवनीत कौर की हैट्रिक के दम पर भारतीय महिला हॉकी टीम ने इंडोनेशिया को हराकर एशियाई खेलों में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। दीपिका ने आठवें, 28वें और 40वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागे। इससे पहले उजबेकिस्तान के खिलाफ 19-0 से मिली जीत में दीपिका ने आठ गोल दागे थे। रूतुजा ने 15वें, 20वें और 38वें मिनट में गोल किए। नवनीत ने 35वें, 56वें और 57वें मिनट में गोल दागे। सुनेलिटा टोप्पो (11वां, 30वां) , लालरेम्सियामी (12वां और 16वां) और साक्षी राणा ( 25वां और 57वां ) ने दो दो गोल किये जबकि कप्तान सलीमा टेटे (35वां) और इशिका चौधरी (36वां ) ने एक एक गोल किया। इंडोनेशिया के लिए एकमात्र गोल इनेस आदितिया ने 32वें मिनट में दागा। भारत का सामना अब बुधवार को थाईलैंड से होगा ।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN