Home - सस्ता iPhone Duo खरीदने के चक्कर में न करें ये गलती, Apple...

सस्ता iPhone Duo खरीदने के चक्कर में न करें ये गलती, Apple जैसी दिखने वाली साइट्स चुरा रही हैं लोगों की पर्सनल डिटेल्स

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

iPhone खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो थोड़ी सावधान बरतें साइबर ठग Apple की आधिकारिक वेबसाइट जैसी दिखने वाली नकली साइट्स बनाकर लोगों को सस्ते iPhone और 25% तक छूट का लालच दे रहे हैं। इन वेबसाइट्स पर नाम, फोन नंबर, ईमेल आईडी और घर का पता जैसी निजी जानकारी मांगी जा रही है।

नया iPhone खरीदने की चाहत में अगर आप किसी अनजान वेबसाइट पर अपनी पर्सनल डिटेल डाल रहे हैं, तो आपको सावधान रहने की जरूरत है। साइबर ठग Apple के नए फोल्डेबल स्मार्टफोन iPhone Duo के पॉपुलर होने का फायदा उठा रहे हैं। इसके लिए वे Apple की आधिकारिक वेबसाइट जैसी दिखने वाली फर्जी साइट्स बना रहे हैं। इन पर भारी डिस्काउंट, जल्द डिलीवरी के नाम पर लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। साइबर सिक्योरिटी कंपनी Kaspersky ने ऐसी कई फर्जी वेबसाइट्स का पता लगाया है। इनका मकसद सिर्फ नकली ऑर्डर लेना नहीं, बल्कि लोगों की पर्सनल डिटेल चुराना और आगे चलकर उन्हें ठगी का शिकार बनाना भी हो सकता है।

iPhone Duo पर 25% छूट का लालच देकर फंसाने की कोशिश

Kaspersky को एक फर्जी वेबसाइट मिली, जिस पर iPhone Duo की कीमत में 25 फीसदी छूट देने का दावा किया गया था। वेबसाइट को इस तरह डिजाइन किया गया था कि पहली नजर में वह Apple की आधिकारिक साइट जैसी लगे। लोगों को जल्दी फैसला लेने के लिए मजबूर करने के लिए इस वेबसाइट पर 30 मिनट का काउंटडाउन टाइमर भी दिखाया गया। इसका मकसद यूजर को यह महसूस कराना था कि अगर उसने तुरंत ऑर्डर नहीं किया, तो ऑफर खत्म हो जाएगा। ऑनलाइन ठगी में यह तरीका काफी आम है।

सिर्फ कार्ड डिटेल नहीं, नाम और पता भी मांगा जा रहा

इस मामले में फर्जी वेबसाइट का तरीका थोड़ा अलग था। यह सीधे चेकआउट के समय बैंक कार्ड की डिटेल नहीं मांग रही थी। इसके बजाय यूजर से नाम, कांटेक्ट डिटेल और घर का पता भरने को कहा जा रहा था। वेबसाइट का दावा था कि बाद में एक मैनेजर फोन करके पेमेंट और डिलीवरी की जानकारी की पुष्टि करेगा। यही वजह है कि किसी वेबसाइट पर बैंक डिटेल नहीं मांगे जाने का मतलब यह नहीं है कि वह सुरक्षित है। नाम, फोन नंबर, ईमेल और पता जैसी जानकारी भी गलत हाथों में पहुंचने पर परेशानी पैदा कर सकती है।

Apple जैसी दिखने वाली वेबसाइट की पहचान कैसे करें?

सिर्फ लोगो, रंग और डिजाइन देखकर किसी वेबसाइट को असली नहीं माना जा सकता। ठग अब ऐसी साइट्स बना सकते हैं, जिनमें आधिकारिक वेबसाइट की तरह फॉन्ट, तस्वीरें और पेज का लेआउट इस्तेमाल किया जाता है। वेबसाइट की पहचान करने के लिए सबसे पहले उसके वेब एड्रेस को ध्यान से देखें। किसी लिंक में Apple का नाम लिखा होने से यह साबित नहीं होता कि वह कंपनी की असली वेबसाइट है। अनजान मैसेज, सोशल मीडिया विज्ञापन या WhatsApp फॉरवर्ड से मिले लिंक पर सीधे भरोसा न करें। अगर पैसों की ठगी हुई है, तो भारत में साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें और National Cyber Crime Reporting Portal पर शिकायत करें।

iPhone खरीदते समय इन 5 बातों का रखें ध्यान

1. अनजान लिंक पर भरोसा न करें: ईमेल, SMS, सोशल मीडिया या WhatsApp से मिले संदिग्ध लिंक के बजाय आधिकारिक वेबसाइट खोलें।

2. भारी छूट देखकर जल्दबाजी न करें: नए फोन पर बहुत बड़ी छूट का दावा हो, तो उसकी पुष्टि जरूर करें।

3. पर्सनल डिटेल शेयर करने से बचें: किसी अनजान साइट पर नाम, पता, फोन नंबर या ईमेल की डिटेल नहीं दें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN