Source :- LIVE HINDUSTAN
गर्मियों में इमली की बहार खूब रहती है और अब ये सस्ती भी हो चुकी है। अगर आप इमली की चटनी का मजा सालभर लेना चाहते हैं, तो आज हम आपको इसे स्टोर करने का सरल तरीका बताने जा रहे हैं।
गर्मियों के मौसम में इमली की बहार बाजार में रहती है। खट्टी इमली को खाने का स्वाद बढ़ाने के लिए भी इस्तेमाल किया जाता है और चटनी बनाकर भी लोग बड़े चाव से खाते हैं। इमली का सीजन अभी चल रहा है, तो ये सस्ती मिल रही है लेकिन जब ये चली जाएगी तब इसका मजा नहीं मिलेगा। अगर आप भी इमली खाने में डालती हैं और उसकी चटनी खाना पसंद करते हैं, तो इसे सालभर के लिए स्टोर करने का सिंपल तरीका आज जान लीजिए। इसे स्टोर करने का जो तरीका मैं आपको बताने जा रही हूं, उसे मेरी मां सालों से करती आ रही हैं। इमली को स्टोर करना काफी आसान है और फिर आप इसका मजा सर्दियों में भी आसानी से ले सकेंगे। तो चलिए इसे संभालकर रखने का स्मार्ट हैक आपको बताते हैं।
- साफ कर लें इमली
इमली बाजार से ला रहे हैं, तो जाहिर है इसमें धूल-मिट्टी, गंदगी होगी। तो आप इसे पानी से धोकर साफ करें। आप चाहे तो इसके रेशे हटा सकती हैं और ऐसे भी रख सकती हैं। जब इमली को साफ कर लें, तो इसे साफ बर्तन या थाली में अलग-अलग फैला दें।
- धूप में सुखा लें
धोने के बाद इसे धूप में सुखा लें। इमली धूप में सिर्फ 1-2 घंटे ही रखें, इससे ज्यादा रखने पर ये बिल्कुल सूख जाएगी और इसका खट्टापन भी गायब हो जाएगा। धूप में सिर्फ इसलिए सुखाना है, ताकि इसमें पानी बिल्कुल न रहे। पानी रहने से इमली सड़ जाएगी। इसे ताजा रखने के लिए पानी में भिगोया जाता है लेकिन स्टोर करने के लिए सुखानी पड़ेगी।
- अपनाएं ये हैक
जब इमली पूरी तरह से सूख जाए, तो उसे किसी साफ और सूखे बर्तन में रखने से पहले ऊपर से थोड़ा नमक जरूर छिड़क दें। नमक इमली को लंबे समय तक सुरक्षित रखने में मदद करता है और उसमें नमी व फंगस लगने का खतरा कम हो जाता है। यही वजह है कि इमली जल्दी खराब नहीं होती और महीनों तक इस्तेमाल की जा सकती है। इसके अलावा नमक इमली की बनावट को भी बेहतर बनाए रखता है। इससे इमली ज्यादा सख्त नहीं होती, बल्कि हल्की नरम बनी रहती है।
- स्टोर करने का तरीका
अब आप प्लास्टिक या फिर कांच का एयरटाइट कंटेनर लें और उसमें इस इमली को भरकर रख दें। बस आपकी इमली सालभर के लिए इसमें आसानी से स्टोर रहेगी और सड़ेगी नहीं। इसके अलावा दूसरा तरीका है कि आप बीज हटाकर इमली को मिक्सर में पीस लें और इसका पाउडर बनाकर स्टोर करें। पाउडर को खाने में स्वाद के लिए डालें और इसकी चटनी भी बना सकते हैं। दोनों ही तरीकों से आप इमली को स्टोर कर सकते हैं और सर्दी के सीजन में भी इसका मजा ले सकते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




