Home National news hindi साल 2070 तक भारत में कितनी होगी हिंदुओं और मुसलमानों की आबादी,...

साल 2070 तक भारत में कितनी होगी हिंदुओं और मुसलमानों की आबादी, दुनिया का धार्मिक नक़्शा कैसे बदलेगा?

4
0

Source :- BBC INDIA

द‍िवाली

पढ़ने का समय: 9 मिनट

भारत आने वाले कई दशकों तक बहुसंख्‍यक हिंदू आबादी वाला देश बना रहेगा. हालांक‍ि, यहां की धार्मिक संरचना में धीरे-धीरे बदलाव आने का अनुमान है.

प्यू रिसर्च सेंटर के एक नए अध्ययन में साल 2070 तक दुनिया की धार्मिक आबादी का अनुमान लगाया गया है. इसके मुताबिक़, साल 2070 तक भारत की आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी 76 फ़ीसदी होगी. साल 2020 में ये 79 फ़ीसदी थी.

वहीं, इस दौरान आबादी में मुसलमानों का हिस्सा 15 फ़ीसदी से बढ़कर 20 फ़ीसदी हो जाएगा.

इस बदलाव की मुख्य वजह उम्र और प्रजनन दर में अंतर है. भारत में मुसलमानों की औसत उम्र हिंदुओं से कम है और उनमें औसतन ज़्यादा बच्चे पैदा होते हैं.

प्यू के अनुमानों के मुताबिक़, दक्षिण एशिया में हो रहे व्यापक जनसांख्यिकीय बदलावों के केंद्र में भारत है.

दूसरी ओर, इंडोनेशिया को पीछे छोड़कर पाकिस्तान के दुनिया में सबसे ज़्यादा मुस्लिम आबादी वाला देश बनने की उम्मीद है. इसके बाद भारत दूसरे स्थान पर होगा. बांग्लादेश में भी मुस्लिम आबादी में काफ़ी बढ़ोतरी होने का अनुमान है.

इस अध्ययन में 201 देशों के आंकड़ों के आधार पर अगले 50 वर्षों में दुनिया की धार्मिक संरचना का अनुमान लगाया गया है. इसमें दुनिया की लगभग पूरी आबादी शामिल है.

भारत के नई दिल्ली में 28 मई, 2026 को बकरीद के अवसर पर ऐतिहासिक जामा मस्जिद में मुसलमान नमाज अदा करते हैं.

इस अध्ययन में यह मानते हुए साल 2020 से 2070 के बीच सात धार्मिक समूहों की आबादी का आकलन किया गया है कि हाल के जनसांख्यिकीय रुझान आगे भी जारी रहेंगे.

जनगणना और सर्वेक्षणों के आंकड़ों के आधार पर इसमें साल 2020 में हर समूह की आबादी और उम्र संबंधी स्थिति का आकलन किया गया है. साथ ही, प्रजनन दर और धर्म बदलने के मामलों में अंतर को भी ध्यान में रखा गया है.

इस अध्ययन के निष्कर्ष दुनिया के बदलते धार्मिक परिदृश्य में भारत की अहम भूमिका को हाइलाइट करते हैं. अनुमान है कि साल 2070 तक पाकिस्तान के बाद भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मुस्लिम आबादी वाला देश होगा.

अनुमान के मुताब‍िक़, तब भारत में मुसलमानों की आबादी लगभग 33.4 करोड़ होगी. पाकिस्तान में मुसलमानों की आबादी बढ़कर अनुमानित 46.1 करोड़ हो जाएगी और वह इंडोनेशिया को पीछे छोड़कर दुनिया में सबसे ज़्यादा मुस्लिम आबादी वाला देश बन जाएगा.

हालांकि, इन अनुमानों से भारत की बदलती धार्मिक संरचना को लेकर कभी-कभी पेश किए जाने वाले दावों को ज़्यादा समर्थन नहीं मिलता.

रिपोर्ट के मुताबिक़, अगर जनसंख्या बढ़ने के मौजूदा रुझान जारी रहते हैं, तो साल 2020 से 2070 के बीच भारत में हिंदुओं की आबादी 17.6 करोड़ बढ़ने की उम्मीद है. यही नहीं, देश की कुल आबादी में उनकी हिस्सेदारी तीन-चौथाई से ज़्यादा बनी रहेगी.

भारत में कुल प्रजनन दर में तेज़ गिरावट के बावजूद मुस्लिम महिलाएं अब भी औसतन हिंदू महिलाओं से ज़्यादा बच्चे पैदा करती हैं. प्यू के मुताबिक़, इस बदलाव की मुख्य वजह जनसांख्यिकीय गति है.

साल 2020 में भारतीय मुसलमानों की औसत उम्र 24 साल थी, जबकि हिंदुओं की औसत उम्र 29 साल थी.

प्यू का अनुमान है कि साल 2025 से 2030 के बीच भारत में मुस्लिम महिलाएं औसतन 2.3 बच्चे पैदा करेंगी, जबकि हिंदू महिलाओं में यह आंकड़ा 1.8 होगा.

प्यू रिसर्च सेंटर की स्टेफ़नी क्रेमर ने बीबीसी को बताया, “हमारा अनुमान है कि भारत में धार्मिक बदलाव की मुख्य वजह हिंदुओं और मुसलमानों के बीच लंबे समय से चले आ रहे जनसांख्यिकीय अंतर होंगे. मुसलमानों की औसत उम्र कम है और उनकी प्रजनन दर ज़्यादा है.”

15 नवंबर, 2026 को अहमदाबाद, भारत में छठ पूजा के दौरान हिंदू श्रद्धालु साबरमती नदी के किनारे सूर्यास्त के समय संध्या अर्घ्य अर्पित करते हैं. इस अनुष्ठान में पृथ्वी पर जीवन को बनाए रखने के लिए सूर्य देवता का आभार व्यक्त किया जाता है और परिवार के कल्याण के लिए आशीर्वाद मांगा जाता है.

स्टेफ़नी क्रेमर ने कहा, “प्रजनन दर का यह अंतर काफ़ी कम हुआ है. साल 1992 में प्रति महिला एक से ज़्यादा बच्चे का अंतर था, जो हाल के वर्षों में घटकर लगभग आधा रह गया है. इसके आगे भी कम होते रहने की संभावना है.”

“लेकिन हिंदुओं की प्रजनन दर पहले ही प्रतिस्थापन स्तर (र‍िप्‍लेसमेंट लेवल) से नीचे जा चुकी है.दूसरी ओर, अनुमान है कि मुसलमानों की प्रजनन दर अगले दो दशकों तक इससे ऊपर बनी रहेगी.”

(प्रतिस्थापन स्तर वह प्रजनन दर है, जब पैदा होने वाले बच्चों की संख्या किसी आबादी को स्थिर बनाए रखने के लिए पर्याप्त होती है.)

प्रिंसटन यूनिवर्सिटी के भारतीय जनसांख्यिकी विशेषज्ञ केएस जेम्स का कहना है कि ये अनुमान हैरान करने वाले नहीं हैं.

उन्होंने बीबीसी को बताया, “मुसलमानों और हिंदुओं के बीच प्रजनन दर का अंतर पहले से ही स्थापित है. इसका मतलब है कि अगले कुछ दशकों तक मुसलमानों की आबादी बढ़ने की रफ़्तार ज़्यादा रहने की संभावना है. लेकिन सभी धार्मिक समुदायों में प्रजनन दर घट रही है और यह अंतर आगे और कम होने की उम्मीद है.”

उन्होंने कहा, “आख़िरकार दोनों की प्रजनन दर एक जैसी हो जाएगी.” उन्होंने यह भी कहा कि इन अनुमानों से भारत के जनसांख्यिकीय रुझान में किसी बड़े या नाटकीय बदलाव के संकेत नहीं मिलते.

जनसांख्यिकी विशेषज्ञ उन दावों को ख़ारिज करते हैं, जिन्हें अक्सर हिंदू दक्षिणपंथी समूह बढ़ावा देते हैं. इन दावों में कहा जाता है कि भविष्य में मुसलमानों की आबादी हिंदुओं से ज़्यादा हो जाएगी. उनका कहना है कि भारत में आबादी में बदलाव के पीछे बड़े पैमाने पर धर्म परिवर्तन होने का कोई सबूत नहीं है. उनके मुताबिक़, ये अनुमान ऐसे “डर पैदा करने वाले दावों” का समर्थन नहीं करते.

नई दिल्ली, भारत में 28 मई, 2026 को ईद अल-अधा के अवसर पर ऐतिहासिक जामा मस्जिद में उत्सव के परिधानों में सजे मुस्लिम बच्चे हर्षोल्लास के साथ नजर आए.

रिपोर्ट के मुताबिक़, दक्षिण एशिया की व्यापक तस्वीर भी उतनी ही अहम है.

अनुमान है कि साल 2070 तक पाकिस्तान में मुसलमानों की आबादी दोगुने से भी ज़्यादा बढ़कर 46.1 करोड़ हो जाएगी और वह दुनिया में सबसे ज़्यादा मुस्लिम आबादी वाला देश बन जाएगा. भारत 33.4 करोड़ मुसलमानों के साथ दूसरे स्थान पर रहेगा, जबकि बांग्लादेश में मुस्लिम आबादी बढ़कर 21.8 करोड़ हो जाएगी. इस बीच, भारत और नेपाल दुनिया के ऐसे दो देश बने रहेंगे जहां हिंदू बहुसंख्यक हैं.

इन क्षेत्रीय बदलावों के पीछे दुनिया भर में हो रहा एक व्यापक बदलाव भी दिखाई देता है.

रिपोर्ट के मुताबिक़, साल 2035 तक मुसलमानों की आबादी दुनिया में ईसाइयों की आबादी से ज़्यादा हो जाने का अनुमान है. साल 2070 तक दुन‍िया में मुसलमानों की संख्या बढ़कर 364 करोड़ हो सकती है. यह संख्‍या साल 2020 में 202 करोड़ थी.

वहीं, ईसाइयों की आबादी तीन अरब से कुछ कम होगी. दुनिया की कुल आबादी में मुसलमानों की हिस्सेदारी 36 फ़ीसदी होगी. आज यह 26 फ़ीसदी है.

लेकिन धार्मिक संरचना में सबसे बड़ा बदलाव दक्षिण एशिया से हज़ारों किलोमीटर पश्चिम में अफ़्रीका में हो सकता है.

ईसाई धर्म का केंद्र धीरे-धीरे यूरोप और अमेरिका से हटकर सहारा के दक्षिण में स्थित अफ़्रीका की ओर बढ़ रहा है.

रिपोर्ट के मुताबिक़, अगर हाल के रुझान जारी रहते हैं, तो साल 2070 तक दुनिया के आधे से ज़्यादा ईसाई इसी क्षेत्र में होंगे. साल 2020 में यह आंकड़ा 31 फ़ीसदी था. प्‍यू का अनुमान है कि कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य ईसाई आबादी के मामले में अमेरिका को पीछे छोड़ देगा और दुनिया में सबसे ज़्यादा ईसाई आबादी वाला देश बन जाएगा.

25 नवंबर, 2011 को नई दिल्ली, भारत के प्रगति मैदान में आयोजित 31वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले (आईटीटीएफ) के दौरान भारी भीड़.

रिपोर्ट के मुताबिक़, यूरोप में ईसाई आबादी में सबसे तेज़ गिरावट आने की उम्मीद है. अगर मौजूदा रुझान जारी रहते हैं, तो साल 2070 तक दुनिया की कुल ईसाई आबादी में यूरोप की हिस्सेदारी घटकर 11 फ़ीसदी रह जाएगी. साल 2020 में यह 22 फ़ीसदी थी.

अनुमान है कि साल 2065 तक अमेरिका में ईसाई आबादी घटेगी. इसके बावजूद साल 2070 में भी ईसाई देश का सबसे बड़ा धार्मिक समूह बने रहेंगे.

इस बदलते धार्मिक परिदृश्य की एक वजह उन लोगों की बढ़ती संख्या है, जो ख़ुद को किसी धर्म से जुड़ा हुआ नहीं मानते.

ब्रिटेन और फ़्रांस में साल 2070 तक ऐसे लोगों के बहुमत में आने का अनुमान है, जो ‘किसी धर्म से जुड़े नहीं’ हैं. दक्षिण कोरिया में भी ऐसा ही होने की उम्मीद है.

हालांकि, दुनिया की कुल आबादी में ऐसे लोगों की हिस्सेदारी 24 फ़ीसदी से घटकर 17 फ़ीसदी रहने का अनुमान है. इसकी मुख्य वजह चीन की आबादी में गिरावट है. रिपोर्ट के मुताबिक दुनिया में धर्म से असम्‍बद्ध बताने वाले दो-तिहाई लोग चीन में रहते हैं.

साल 2070 तक कुछ और अप्रत्याशित बदलाव भी देखने को मिल सकते हैं.

अनुमान है कि अमेरिका हिंदू आबादी के मामले में दुनिया का पांचवां सबसे बड़ा देश बन जाएगा. इसकी आबादी में बढ़ोतरी की एक बड़ी वजह प्रवासन होगा.

वहीं, ऑस्ट्रेलिया में धर्म से असंबद्ध लोगों की आबादी ईसाइयों से ज़्यादा हो जाएगी और वे देश का सबसे बड़ा समूह बन जाएंगे.

इस बीच, बौद्ध धर्म की आबादी पर जनसांख्यिकीय दबाव बढ़ने की आशंका है. चीन, जापान और दक्षिण कोरिया में बौद्ध आबादी आधे से भी ज़्यादा घट सकती है. इसकी वजह पूर्वी एशिया में आबादी का बूढ़ा होना और कुल आबादी में गिरावट है. अनुमान है क‍ि लाओस और मंगोलिया में भी बौद्ध बहुसंख्‍यक नहीं रहेंगे.

शिया मुसलमान 21 मार्च, 2026 को पाकिस्तान के गिलगित-बाल्टिस्तान के स्कार्दू में ईद अल-फितर की नमाज अदा करते हैं, जो इस्लामी पवित्र उपवास माह रमजान के अंत का प्रतीक है.

हालांकि, इन अनुमानों के साथ कुछ बातें ध्यान में रखना ज़रूरी है. ये जनसांख्यिकीय अनुमान हैं. भविष्य में होने वाली हर घटना की भविष्यवाणी नहीं. प्‍यू ने माना है कि हाल के वर्षों में प्रजनन दर, प्रवासन और धर्म बदलने यानी धर्मांतरण के जो रुझान देखे गए हैं, वे आगे भी जारी रहेंगे.

रिपोर्ट में स्वीकार किया गया है, “ऐसी कई घटनाएं हैं जो धार्मिक समूहों की आबादी को प्रभावित कर सकती हैं. इनमें युद्ध, प्राकृतिक आपदाएं, महामारियां और आर्थिक या सामाजिक परिस्थितियों में बदलाव शामिल हैं. इनका इस अध्ययन में विश्लेषण नहीं किया गया है.”

भारत के मामले में साल 2020 की धार्मिक संरचना का अनुमान लगाने के लिए साल 2011 की जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल करना पड़ा है. चूंक‍ि, इसके बाद होने वाली जनगणना अब तक नहीं हुई है.

इसके बावजूद, बदलाव की व्यापक दिशा साफ़ दिखाई देती है.

दुनिया के धार्मिक परिदृश्य में दक्षिण एशिया की अहम भूमिका बनी रहेगी. इसकी वजह सिर्फ़ भारत की विशाल हिंदू आबादी नहीं, बल्कि यहां की बढ़ती मुस्लिम आबादी का महत्व भी होगा. ईसाई धर्म का भविष्य तय करने में अफ़्रीका की भूमिका लगातार बढ़ेगी. दूसरी ओर, यूरोप और पूर्वी एशिया के कुछ हिस्सों में धर्मनिरपेक्षता और बढ़ेगी.

साफ़ है कि साल 2070 तक दुनिया का धार्मिक परिदृश्य काफ़ी अलग हो सकता है. इसे धर्म परिवर्तन के बजाय जन्म, मृत्यु और प्रवासन के असमान आंकड़े ज़्यादा प्रभावित करेंगे.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

SOURCE : BBC NEWS