Home LIFESTYLE NEWS HINDI सावन-तीज स्पेशल: बिना झारा, 2 कप बेसन से बनाएं हलवाई जैसे मोतीचूर...

सावन-तीज स्पेशल: बिना झारा, 2 कप बेसन से बनाएं हलवाई जैसे मोतीचूर लड्डू, रेसिपी

1
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

सावन में आने वाले तीज-त्यौहारों पर आप घर में ही मोतीचूर के दानेदार लड्डू बनाकर तैयार कर सकती हैं। सिर्फ 2 कप बेसन से बहुत ही स्वादिष्ट और एकदम हलवाई जैसे लड्डू बनते हैं। कुछ मीठा खाने का मन हो, तो फटाफट से ये रेसिपी ट्राई की जा सकती है।

सावन के महीने के साथ ही तीज-त्यौहारों की शुरुआत हो जाती है। ऐसे में घर पर तरह-तरह की मिठाइयां बनती हैं, कभी भगवान शिव के भोग के लिए तो कभी घरवालों की डिमांड पर। इन दिनों आप भी मीठे में कुछ बनाने की सोच रही हैं, तो मोतीचूर के दानेदार लड्डू बनाकर तैयार कर सकती हैं। अक्सर हम सोचते हैं कि घर पर मोतीचूर के लड्डू बनाना मुश्किल है, झारे की भी जरूरत होती है। लेकिन आज वाली रेसिपी इतनी सिंपल है कि बेसन से आप घर पर ही हलवाई जैसे मोतीचूर के लड्डू आराम से बना लेंगी। वैसे भी बाहर की मिठाई कई-कई दिनों पुरानी होती है, फिर उसमें कैसी चीजें यूज की गई हैं, ये भी पता नहीं होता। ऐसे में घर पर ही लड्डू बनाकर तैयार करना एक बेहतर विकल्प है। तो चलिए मोतीचूर के लड्डू बनाने की सबसे सिंपल रेसिपी जान लेते हैं।

मोतीचूर के लड्डू बनाने के लिए सामग्री

सावन और तीज-त्यौहारों के मौके पर आप घर पर ही मोतीचूर के दानेदार और मुंह में घुल जाने वाले लड्डू बनाकर तैयार कर सकती हैं। इसके लिए आपको जिन चीजों की जरूरत होगी वो हैं- बेसन (2 कप), पानी, तेल (1 चम्मच), चुटकी भर नमक, चुटकी भर बेकिंग सोडा, चीनी (2 कप), केसर के धागे, ऑरेंज फूड कलर, इलायची पाउडर (1 चम्मच), खरबूजे के बीज (ऑप्शनल) और देसी घी (2 चम्मच)।

बिना झारा के बनाएं हलवाई जैसे मोतीचूर के लड्डू

मोतीचूर के लड्डू बनाने के लिए सबसे पहले एक मिक्सर का जार लें। इसमें बताई गई मात्रा में बेसन, तेल, चुटकी भर नमक और चुटकी भर बेकिंग सोडा डालें। साथ में थोड़ा सा पानी भी एड करें। 2 कप बेसन के लिए एक और एक तिहाई कप के करीब पानी की जरूरत होगी। अब इन सभी चीजों को आपको मिक्सर में 5 मिनट के लिए चला लेना है। इससे प्रोटीन डेवलप होता है और बूंदी हल्की और टेस्टी बनती है।

अब इस बेसन वाले मिक्सचर को एक पाइपिंग बैग में डालें। साथ ही एक पैन में तेल गर्म होने के लिए रख दें। तेल जैसे ही हल्का गर्म हो, पाइपिंग बैग को तेज दबाते हुए तेल में बारीक-बारीक बूंदी बना लें। इस दौरान गैस की फ्लेम लो रखें, वरना बूंदी काफी जल्दी जल भी सकती हैं। ये हल्की गोल्डन हो जाएं तो इन्हें निकालकर एक बर्तन में रख लें।

लड्डू के लिए चाशनी बनाकर तैयार करें

चाशनी बनाने के लिए एक पैन में दो कप चीनी लें और इसमें डेढ़ कप के करीब पानी डालें। कलर के लिए आप थोड़ा ऑरेंज फूड कलर और केसर के कुछ धागे भी एड कर सकती हैं। साथ ही फ्लेवर के लिए थोड़ा सा इलायची पाउडर भी मिलाएं। जैसे ही चिपचिपी सी चाशनी बनकर तैयार हो, इसमें बूंदी एड करें। बूंदी को चलाते हुए कुछ देर के लिए पका लें। इस दौरान आप इसमें खरबूजे के बीज भी मिला सकती हैं। लड्डू का मिक्सचर गाढ़ा होने के बाद गैस बंद करें और इसे ठंडा होने के लिए रख दें।

बूंदी के मिक्सचर से ऐसे बनाएं लड्डू

बूंदी का मिक्सचर थोड़ा ठंडा होने के बाद इसमें एक चम्मच देसी घी मिलाएं और अच्छे से मिक्स करें। अब इस मिक्सचर से मोतीचूर के लड्डू बांधना शुरू करें। हाथ पर थोड़ा सा घी लगा लेंगी, तो लड्डू आसानी से बन जाएंगे। अगर मुश्किल होती है तो आप कटोरी का इस्तेमाल भी कर सकती हैं। बिल्कुल हलवाई जैसी मोतीचूर लड्डू बनकर तैयार हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN