Home Latest news ताज़ा खबर सुनेत्रा पवार ने बुलाई NCP के विधायकों की बैठक, लिए जा सकते...

सुनेत्रा पवार ने बुलाई NCP के विधायकों की बैठक, लिए जा सकते हैं अहम फैसले

3
0

Source :- INDIATV NEWS

NCP अजित पवार गुट में जारी अंतर्कलह के बीच आज पार्टी अध्यक्ष और महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार ने विधायकों की बैठक बुलाई है। विधायकों की ये बैठक सुनेत्रा पवार के मुंबई स्थित सरकारी आवास देवगिरी में शाम 7 बजे होगी। 4 महीने बाद विधायकों की ये बैठक हो रही है। माना जा रहा है कि बैठक में अंदरूनी गुटबाजी, वित्त मंत्रालय और नेतृत्व को लेकर विधायकों की राय ली जाएगी। इससे पहले सोमवार शाम NCP कोर कमेटी की मीटिंग हुई लेकिन सुनेत्रा पवार की मीटिंग में जाने से पहले NCP के सभी नेताओं ने छगन भुजबल के घर पर अलग मीटिंग की। उसके बाद सभी नेता सुनेत्रा पवार के घर पहुंचे।

अमित शाह से मिले थे NCP के नेता

सोमवार को NCP की मीटिंग करीब दो घंटे चली थी। इस मीटिंग में पार्टी संगठन और आज मंगलवार को होने वाली बैठक पर चर्चा की गई थी। आपको बता दें कि इससे पहले दिन में पार्टी के सीनियर नेताओं ने गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की थी। 1 घंटे चली इस बैठक में NCP के अंदर जारी खींचतान पर भी चर्चा की गई। सूत्रों की मानें तो आज होने वाली बैठक में पार्टी कोई बड़ा फैसला ले सकती है।

बैठक में इन मुद्दों पर हो सकती है चर्चा

NCP अजित पवार गुट में इस वक्त सब कुछ ऑल इज वेल नहीं है। पार्टी के अंदर चल रही उठा पटक अब खुलकर सामने आ गई है। सवाल सीधे टॉप लीडरशिप पर उठ रहे हैं। पार्टी में जारी उथल-पुथल को खत्म करने के लिए आज पार्टी अध्यक्ष सुनेत्रा पवार ने सभी विधायकों की अहम बैठक बुलाई है। माना जा रहा है कि 4 महीने बाद हो रही विधायकों की इस बैठक में बैठक में अंदरूनी गुटबाजी, वित्त मंत्रालय और नेतृत्व को लेकर विधायकों की राय ली जाएगी और कोई बड़ा फैसला हो सकता है।

NCP में क्यों हो रही है कलह?

सूत्रों की मानें तो सुनेत्रा पवार और बेटों को मिल रहे बड़े पदों के कारण पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और ओल्ड गार्ड असहज हैं। हालांकि, पार्टी का कोई भी नेता इस मुद्दे पर खुलकर नहीं बोल रहा है लेकिन अंदरखाने चर्चाओं का बाजार गरम है। सूत्रों की मानें तो अजित पवार के निधन के बाद से ही NCP में वर्चस्व की जंग छिड़ गई है। पार्टी का पुराना धड़ा सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार के कामकाज के तरीके से बेहद नाराज है। 

NCP नेताओं की अमित शाह से क्या बात हुई?

सूत्रों की मानें तो NCP के नेताओं ने अमित शाह से पार्थ पवार की शिकायत की। पार्टी में जो नियुक्तियां हो रही हैं उसमें वर्किंग प्रेसिडेंट प्रफुल्ल पटेल और प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे से सलाह तक नहीं ली जाती। इसके बाद सोमवार की शाम सुनेत्रा पवार ने भी NCP कोर कमेटी की मीटिंग बुलाई थी लेकिन सुनेत्रा पवार की मीटिंग में जाने से पहले NCP के सभी नेताओं ने छगन भुजबल के घर पर अलग मीटिंग की। उसके बाद सभी नेता सुनेत्रा पवार के घर पहुंचे

महायुति कोऑर्डिनेशन कमेटी की भी बैठक

NCP की बैठक के बाद मंगलवार को महायुति कोऑर्डिनेशन कमेटी की भी बड़ी बैठक होगी। इसमें बीजेपी, शिवसेना और अजित पवार की एनसीपी के प्रमुख नेता शामिल होंगे। इस बैठक में MLC चुनाव में मिली हार को लेकर मंथन होगा। साथ ही बीजेपी और शिंदे शिवसेना के बीच आई खटास पर भी चर्चा हो सकती है। सूत्रों की मानें तो अमित शाह ने महाराष्ट्र के नेताओं के क्लीयर मैसेज दे दिया है कि NCP संगठन के कमजोर होने का असर सिर्फ NCP पर नहीं, बल्कि महाराष्ट्र की पूरी महायुति सरकार पर पड़ रहा है। अगर ये विवाद नहीं सुलझे, तो गठबंधन को भारी नुकसान होगा। यही वजह है कि अब इस पूरे मामले पर अमित शाह खुद एक्शन मोड में आ गए हैं।

ये भी पढ़ें- उद्धव ठाकरे का भाजपा पर तंज, बोले- 2019 के बाद बातचीत हमेशा के लिए बंद हो गई

प्रदूषण के खिलाफ अभियान में एक्ट्रेस दीया मिर्जा को शामिल करने पर क्यों हुआ विवाद? BJP नेता ने जताई नाराजगी

SOURCE : INDIATV NEWS