Source :- KHABAR INDIA TV
भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत गुरुवार को कमजोर रही। सुबह बाजार खुलते ही प्रमुख सूचकांकों पर हल्का दबाव देखने को मिला, जिससे निवेशक सतर्क रुख अपनाते नजर आए। आईटी और मेटल शेयरों में आई बिकवाली ने बाजार को नीचे खींचा, जबकि ऑटो और सरकारी बैंकों के शेयरों ने बाजार को कुछ सहारा दिया। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान में कारोबार करते दिखे।
सेंसेक्स और निफ्टी का शुरुआती हाल
बाजार खुलने के साथ ही सेंसेक्स 133.51 अंक यानी 0.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 81,898.30 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। वहीं, निफ्टी 48.90 अंक या 0.19 प्रतिशत फिसलकर 25,179.05 के स्तर पर पहुंच गया। बाजार के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, कुल 919 शेयरों में तेजी दर्ज की गई, जबकि 869 शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे और 205 शेयर बिना किसी बदलाव के सपाट रहे।
आईटी और मेटल टूटे, ऑटो-पीएसयू बैंक में तेजी
सेक्टोरल इंडेक्स में मिला-जुला असर देखने को मिला। निफ्टी ऑटो (+0.83%) और निफ्टी पीएसयू बैंक (+0.75%) शुरुआती कारोबार में सबसे ज्यादा चमकते दिखे। इसके अलावा निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स (+0.46%), निफ्टी एफएमसीजी (+0.37%), निफ्टी केमिकल्स (+0.27%), निफ्टी बैंक (+0.17%) और निफ्टी सीमेंट (+0.14%) भी हरे निशान में रहे। दूसरी ओर, निफ्टी आईटी (-1.28%) में सबसे ज्यादा गिरावट रही। निफ्टी मीडिया (-0.77%) और निफ्टी मेटल (-0.55%) भी लाल निशान में कारोबार कर रहे थे।
Maruti और SBI चमके, Hindalco-TCS में बिकवाली
दिग्गज शेयरों की बात करें तो चुनिंदा स्टॉक्स में अच्छी खरीदारी और कुछ में मुनाफावसूली दिखी। शुरुआती कारोबार में आयशर मोटर्स (+1.62%), मारुति सुजुकी (+1.56%), एसबीआई (+1.35%), हिंदुस्तान यूनिलीवर (+1.02%), और महिंद्रा एंड महिंद्रा (+1.01%) मजबूती के साथ ट्रेड कर रहे थे। इनके अलावा भारती एयरटेल (+0.76%) और सिप्ला (+0.29%) भी हरे निशान में रहे। वहीं, गिरावट वाले शेयरों में इटर्नल (-2.02%), इन्फोसिस (-1.88%), टेक महिंद्रा (-1.35%), श्रीराम फाइनेंस (-1.00%), एचसीएल टेक (-0.91%), हिंडाल्को (-0.86%), टीसीएस (-0.82%) और टाइटन (-0.65%) में कमजोरी दर्ज की गई। मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि ऊपरी स्तरों पर मुनाफावसूली और आईटी शेयरों की सुस्ती के बीच निवेशक फिलहाल चुनिंदा शेयरों पर ही दांव लगा रहे हैं।
Disclaimer: यह न्यूज सिर्फ जानकारी के लिए है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें।
यह भी पढ़ें- 2027 की दूसरी तिमाही तक रेपो रेट में 0.75 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर सकता है RBI, गोल्डमैन सैक्स ने बताई वजहें
SOURCE : KHABAR INDIA TV




