Home BUSINESS NEWS HINDI सोने-चांदी के भाव में आज तेजी, Gold 1.43 और Silver ₹2.19...

सोने-चांदी के भाव में आज तेजी, Gold 1.43 और Silver ₹2.19 लाख के पार

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

आज शुरुआती कारोबार में MCX पर सोने और चांदी की कीमतों में एक प्रतिशत तक की तेजी देखने को मिली। अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौते की उम्मीदों ने कीमती धातुओं को सहारा दिया। एमसीएक्स पर सुबह करीब 9:05 बजे सोना 0.50 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,43,607 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जबकि चांदी 1.11 प्रतिशत उछलकर 2,19,150 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी। वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमतों में बढ़त दर्ज की गई

सोने-चांदी में तेजी के कारण

अमेरिका-ईरान वार्ता: अमरिका-ईरान में बातचीत को लेकर मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 2 अगस्त को कहा था कि ईरान के साथ सोमवार को बातचीत होगी, लेकिन बाद में ईरान ने इसका खंडन करते हुए साफ किया कि फिलहाल अमेरिका के साथ कोई बातचीत नहीं हो रही है।

सोमवार को ट्रंप ने ईरानी नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि तेहरान के अधिकारियों ने युद्ध खत्म करने के लिए बातचीत का अनुरोध किया था, लेकिन बाद में ऐलान कर दिया कि कोई चर्चा नहीं होगी।

महंगाई की आशंका: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव ने ऊर्जा की कीमतों को बढ़ा दिया है, जिससे यह आशंका गहरा गई है कि महंगाई लंबे समय तक ऊंचे स्तर पर बनी रहेगी। महंगाई को काबू में रखने के लिए बड़े केंद्रीय बैंकों को ब्याज दरों में बढ़ोतरी करनी पड़ सकती है। हालांकि सोने को आमतौर पर महंगाई के खिलाफ सुरक्षा कवच माना जाता है, लेकिन ऊंची ब्याज दरें इस पर दबाव डालती हैं, क्योंकि सोना एक ऐसी संपत्ति है जिस पर कोई ब्याज नहीं मिलता।

सोने-चांदी के लिए अहम स्तर क्या हैं

सोने और चांदी की कीमतों के नजरिए के बारे में एलकेपी सिक्योरिटीज के वीपी रिसर्च एनालिस्ट जतीन त्रिवेदी का कहना है कि आगे बाजार का ध्यान फेडरल रिजर्व की नीतिगत दिशा पर रहेगा, जो बुलियन की कीमतों के लिए सबसे अहम कारक बनी हुई है। तकनीकी रूप से, एमसीएक्स सोना निकट अवधि में 1,42,000 से 1,45,000 रुपये के दायरे में कारोबार कर सकता है।

पृथ्वीफिनमार्ट कमोडिटी रिसर्च के मनोज कुमार जैन के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने को 4,064 और 4,030 डॉलर प्रति औंस पर सपोर्ट है, जबकि 4,120 और 4,150 डॉलर पर रेजिस्टेंस देखने को मिल सकता है। चांदी के लिए 57 और 56.40 डॉलर पर सपोर्ट तथा 59.50 और 60.20 डॉलर पर प्रतिरोध बना रह सकता है।

एमसीएक्स पर सोने के लिए जैन ने 1,42,200 और 1,41,400 रुपये पर सपोर्ट और 1,43,650 एवं 1,44,500 रुपये पर प्रतिरोध का अनुमान जताया है। वहीं चांदी को 2,15,000 और 2,13,300 रुपये पर सपोर्ट तथा 2,18,800 व 2,21,000 रुपये पर प्रतिरोध देख रहे हैं।

सोमवार की सलाह कितनी काम आई

जैन ने आगे कहा कि सोमवार को सोना 1,42,800 रुपये के करीब खरीदने और 1,41,800 रुपये से नीचे स्टॉप-लॉस रखते हुए 1,44,550 रुपये का लक्ष्य रखने की सलाह दी गई थी। इसी तरह चांदी को 2,16,000 रुपये के आसपास खरीदकर 2,13,300 रुपये से नीचे स्टॉप-लॉस के साथ 2,21,000 रुपये का लक्ष्य रखने की सिफारिश की गई है।

जिन निवेशकों ने इन सुझावों के अनुसार सोने और चांदी में लॉन्ग पोजीशन ले रखी है, उन्हें सलाह है कि वे दिए गए स्टॉप-लॉस का सख्ती से पालन करें और सुझाए गए लक्ष्यों के आसपास मुनाफा बुक कर लें।

(डिस्‍क्‍लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। कमोडिटी मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN