Source :- LIVE HINDUSTAN
Ghar par Soya Chaap Banaye: अगर आप मसालेदार और स्वाद से भरपूर खाने के शौकीन हैं, तो मसाला सोया चाप आपके लिए बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है। इसे घर पर बनाना बेहद आसान है और इसका स्वाद हर किसी को पसंद भी आ जाता है।
अगर आप खाने के शौकीन हैं, तो सोया चाप का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाना बिल्कुल आम बात है। बाहर किसी ढाबे या रेस्तरां में जाएं और मेन्यू में मसाला सोया चाप दिख जाए, तो उसे मंगाने का मन खुद-ब-खुद हो जाता है। इसकी मसालेदार खुशबू, गाढ़ी ग्रेवी और नरम सोया चाप का स्वाद हर किसी को अपना दीवाना बना देता है। लेकिन कई लोग सोचते हैं कि ढाबा जैसा स्वाद घर पर बनाना मुश्किल है।
अच्छी बात यह है कि कुछ आसान सामग्री और सही तरीके से आप घर पर भी बिल्कुल बाजार जैसी मसाला सोया चाप तैयार कर सकते हैं। चाहे वीकेंड की पार्टी हो, मेहमानों का आना हो या कुछ अच्छा खाने का मन, यह रेसिपी हर मौके को और खास बना सकती है।
मसाला सोया चाप बनाने के लिए सामग्री
250 ग्राम सोया चाप
2 प्याज बारीक कटे हुए
2 टमाटर की प्यूरी
1 बड़ा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
2 हरी मिर्च
आधा कप दही
1 छोटा चम्मच लाल मिर्च
आधा छोटा चम्मच हल्दी
1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
आधा छोटा चम्मच गरम मसाला
1 छोटा चम्मच कसूरी मेथी
नमक स्वादानुसार
2 बड़े चम्मच तेल
स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी
- पहला कदम: सबसे पहले सोया चाप को टुकड़ों में काट लें। अगर चाहें तो इसे हल्का उबाल भी सकते हैं। इससे यह ज्यादा मुलायम हो जाती है। अब एक कड़ाही में थोड़ा तेल डालकर सोया चाप को हल्का सुनहरा होने तक भून लें।
- दूसरा कदम: कड़ाही में तेल गर्म करें और कटे हुए प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें। अब इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरी मिर्च डालें। कुछ सेकंड पकाने के बाद टमाटर की प्यूरी मिला दें।
अब हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और नमक डालकर मसाले को अच्छी तरह पकाएं। जब तेल अलग दिखने लगे, तो समझिए मसाला तैयार है।
- तीसरा कदम: आंच धीमी कर दें और फेंटा हुआ दही धीरे-धीरे डालें। दही डालने के बाद लगातार चलाते रहें ताकि वह फटे नहीं। अब कसूरी मेथी और गरम मसाला डालकर मसाले को खुशबूदार बना लें।
- चौथा कदम: भुनी हुई सोया चाप को तैयार मसाले में डाल दें। थोड़ा पानी मिलाकर 5 से 7 मिनट तक पकाएं ताकि मसाले का स्वाद अच्छी तरह अंदर तक पहुंच जाए। ऊपर से हरा धनिया डालकर सजाएं।
किसके साथ खाएं?
मसाला सोया चाप को रोटी, नान, पराठा या जीरा चावल के साथ खा सकते हैं। साथ में प्याज और नींबू मिल जाए तो स्वाद और भी बढ़ जाता है।
स्वाद बढ़ाने के आसान टिप्स
- चाप को जरूर भूनें: सोया चाप को पहले हल्का भूनने से उसका स्वाद और बनावट बेहतर हो जाती है।
- कसूरी मेथी जरूर डालें: यही वह चीज है जो ढाबा जैसा स्वाद देती है।
- दही को अच्छी तरह फेंटें: इससे ग्रेवी सिल्की और स्वादिष्ट बनती है।
- धीमी आंच पर पकाएं: धीमी आंच मसालों को अच्छी तरह मिलाने में मदद करती है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN







