Home rss business hindi हम बेपरवाह होने का जोखिम नहीं उठा सकते, RBI गवर्नर को है...

हम बेपरवाह होने का जोखिम नहीं उठा सकते, RBI गवर्नर को है इस बात का डर

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • आरबीआई गवर्नर ने कहा कि वित्तीय स्थिरता का लक्ष्य झटकों को रोकने पर नहीं बल्कि फाइनेंशियल सिस्टम को इस तरह मजबूत बनाने पर होना चाहिए कि वह इनके असर को झेल सके और उन्हें सीमित रख सके

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने शनिवार को कहा कि आज फाइनेंशियल सिस्टम की मजबूती भविष्य के खतरों से सुरक्षा की गारंटी नहीं मानी जा सकती। उन्होंने वित्तीय स्थिरता बनाए रखने के लिए लगातार सतर्क रहने पर जोर दिया। उन्होंने कहा, ”पिछले दो दशकों का हमारा अनुभव सबक सिखाता है कि बैंकिंग क्षेत्र पर दबाव तेजी से बन सकता है और इसे सुलझाने में वर्षों लग जाते हैं। साल 2000 के दशक की शुरुआत के ज्यादा कर्ज और एनपीए की विरासत को साफ करने में लगभग एक दशक लग गया। हम बेपरवाह होने का जोखिम नहीं उठा सकते, कमजोरियों को पनपने देने की आर्थिक और वित्तीय कीमत बहुत ज्यादा होती है।”

आज की मजबूती का मतलब कल की सुरक्षा नहीं

आरबीआई गवर्नर मल्होत्रा ने बैंकों और नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनी (एनबीएफसी) के मजबूत बही-खातों के दम पर टिकी फाइनेंशियल सिस्टम की मजबूती का जिक्र करते हुए कहा, ”आज की मजबूती का मतलब कल की सुरक्षा नहीं हो सकता। हम आने वाली कमजोरियों को लेकर सतर्क रहने और अपनी फाइनेंशियल सिस्टम को मजबूत बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।” उन्होंने कहा कि आंतरिक या बाहरी वित्तीय झटकों को रोका नहीं जा सकता। ऐसे में हमारा मकसद एक ऐसा फाइनेंशियल सिस्टम तैयार करना होना चाहिए जो भारी दबाव के बीच भी सेवाएं देने में सक्षम हो।

आने वाले संकट का बदलेगा तरीका?

मल्होत्रा ने नई तरह के व्यवस्थागत जोखिमों की ओर भी इशारा किया। उन्होंने कहा कि अगला वित्तीय संकट जरूरी नहीं कि किसी बैंक या वित्तीय क्षेत्र के भीतर से ही शुरू हो, बल्कि यह किसी वैश्विक घटना, साइबर हमले या तकनीकी विफलता से पैदा हो सकता है और कई रास्तों से फाइनेंशियल सिस्टम को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने नेटवर्क पर निर्भरता और संकट के एक जगह से दूसरी जगह फैलने के रास्तों को बेहतर ढंग से समझने की जरूरत पर जोर दिया। आरबीआई गवर्नर ने बेहतर और बारीक आंकड़ों के जरिए निगरानी तथा आकलन व्यवस्था में सुधार की वकालत भी की। मल्होत्रा ने कहा कि मजबूती पूरे तंत्र के स्तर पर होनी चाहिए। उन्होंने साफ किया कि एक मजबूत बैंकिंग प्रणाली जरूरी तो है, लेकिन अकेले यही काफी नहीं है।

आरबीआई गवर्नर ने कहा, ”हमारे सामने चुनौती एक ऐसी फाइनेंशियल सिस्टम बनाने की है, जो उन झटकों को भी झेल सके जिनका हम अंदाजा लगा सकते हैं और उन झटकों को भी जिनका हम अभी अनुमान नहीं लगा पा रहे हैं।”

उन्होंने बढ़ते वैश्विक कर्ज, एआई से जुड़ी संपत्तियों के बढ़े हुए मूल्यांकन, अत्यधिक कर्ज, निजी ऋण और साइबर जोखिमों को वैश्विक वित्तीय स्थिरता के लिए प्रमुख खतरों के रूप में गिनाया। उन्होंने कहा कि कर्ज में वृद्धि एक बड़ी चिंता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN