Source :- LIVE HINDUSTAN
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाई में उड़ान के दौरान को-पायलट ने भारतीय पायलट स्मित मच्छार पर चाकू से हमला कर दिया। बुरी तरह लहूलुहान होने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने हमलावर से मुकाबला किया और कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया।
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में पायलटों के बीच हिंसक झड़प के बाद यात्रियों में दहशत फैल गई। विमान में सवार यात्री मिरियम शिरा ओहायोन की मां यास्मीन अबुकासिस ने बताया कि उनकी बेटी ने सऊदी अरब से फोन कर घटना की जानकारी दी। उनकी बेटी ने बताया, कुछ देर के लिए ऐसा लगा कि हम मरने वाले हैं।
इजरायल की यास्मीन ने बताया कि विमान में चिल्लाने की आवाजें सुनाई दीं। एक यात्री कॉकपिट में गई तो वहां काफी खून देखा। इसके बाद कुछ यात्री मदद के लिए पहुंचे और एक व्यक्ति को काबू किया। इसी दौरान विमान तेजी से नीचे आने लगा, जिससे यात्रियों में भय फैल गया। एक अन्य यात्री अल्मोग इटली ने इसे अपनी जिंदगी की सबसे डरावनी उड़ान बताया। उन्होंने जानकारी दी कि विमान कुछ ही सेकंड में हजारों फीट नीचे आया और अनुभव रोलरकोस्टर जैसा लगा। एक यात्री के परिजन ने बताया कि उनके बेटे ने संदेश भेजकर खुद के सुरक्षित होने की जानकारी दी।
कॉकपिट से आईं चिल्लाने की आवाजें
ज़्विका मेनेस नाम के एक यात्री ने कथित हमलावर को काबू करने में मदद करने का दावा किया। उसने इजरायली अख़बार ‘कैल्केलिस्ट’ को बताया कि उनके और दूसरों के दखल देने से पहले उनकी पत्नी ने कॉकपिट के पास चिल्लाने और चीखने की आवाजें सुनी थीं। वहीं, एक और यात्री डेलिया श्पिगेल ने इजरायली अखबार ‘हारेत्ज’ को बताया कि ‘तीन से पांच लोगों के कॉकपिट में घुसने’ और हमलावर को काबू करने से पहले पूरे विमान में जोर-जोर से चीखने-चिल्लाने की आवाजें आ रही थीं। वाईनेट के अनुसार, उड़ान में 27 बच्चों सहित 174 यात्री सवार थे।
34,000 फुट की ऊंचाई पर हड़कंप
‘बीबीसीवैरिफाई’ के उड़ान-ट्रैकिंग डेटा के विश्लेषण से पता चला कि विमान लगभग 34,000 फुट की ऊंचाई पर उड़ रहा था, फिर अचानक लगभग 17,000 फुट नीचे आ गया, 5,000 फुट ऊपर गया और फिर 7,000 फुट नीचे आकर लगभग 15,000 फुट की ऊंचाई पर स्थिर हो गया। यह सब पांच मिनट से भी कम समय में हुआ।
वीडियो भी आया सामने
वीडियो क्लिप में फ्लाईदुबई विमान में सवार यात्रियों को विमान के अगले हिस्से की ओर जाते हुए देखा जा सकता है, जबकि अन्य लोगों को चिल्लाते हुए और यह पूछते हुए सुना जा सकता है कि क्या हुआ है। इजरायल में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में, एक आदमी, जिसके चेहरे पर खून लगा है, खुद का वीडियो बनाते हुए यह कहते सुनाई देता है, ”हम यहां हैं- विमान में, हमने अभी-अभी आतंकवादियों पर काबू पा लिया है। हम उतरने वाले हैं। जो कोई भी मुझे सुन रहा है: हमें मदद की जरूरत है। हम ताबुक में उतर रहे हैं।”
आपात स्थिति में पायलट के कोड संकेत
एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) के लिए प्रत्येक विमान की पहचान जरूरी होती है। इसके लिए विमान के ट्रांसपोंडर में चार अंकों का ‘स्क्वॉक कोड’ डाला जाता है। इसमें 0 से 7 तक के अंक इस्तेमाल होते हैं। इससे एटीसी पहचान
फ्लाईदुबई के विमान से हाइजैकिंग का कोड मिलने के बाद उसकी सऊदी अरब में आपात लैंडिंग कराई गई। विमान ने ‘7500’ कोड भेजा था। पायलट ने विमान हाइजैक का संकेत भेजा और ‘आतंकी’ हमले की कोशिश बताया।
तीन प्रमुख इमरजेंसी कोड
7500: हाइजैकिंग या गैरकानूनी हस्तक्षेप की स्थिति में पायलट इसे इस्तेमाल करता है।
7600: रेडियो संचार यानी एटीसी से संपर्क टूट जाने की स्थिति में यह कोड इस्तेमाल होता है।
7700: सामान्य आपात स्थिति के लिए। इंजन में खराबी, आगया मेडिकल इमरजेंसी में भेजा जाता है।
7500 मिलने पर क्या होता है?
एटीसी स्थिति की पुष्टि करने का प्रयास करता है। पुष्टि होने पर सुरक्षा एजेंसियों और जरूरत पड़ने पर वायुसेना को सतर्क किया जाता है। रूट के अन्य मार्गों को संदेश जाता है।
फ्लाईदुबई की फ्लाइट में क्या हुआ?
फ्लाईदुबई की दुबई-तेल अवीव फ्लाइट में उड़ान के बीच भारतीय कैप्टन ने तब एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया। भारतीय पायलट स्मित मच्छार विमान को कथित तौर पर गिराने की कोशिश कर रहे सह-पायलट से भिड़ गया। इस घटना के चलते विमान को सऊदी अरब में आपात स्थिति में उतरना पड़ा। हालांकि इस घटना के कुछ घंटों के बाद यात्री फ्लाईदुबई के दूसरे विमान से तेल अवीव लौट गये। इजराइली मीडिया ने बुधवार को यह जानकारी दी। वाईनेट ने इजरायली अधिकारियों के हवाले से बताया कि सह-पायलट ओमान का नागरिक है और उस पर विमान को गिराने की कोशिश करने का संदेह था। रिपोर्ट के मुताबिक, विमान को दुर्घटनाग्रस्त होने से बचाने के लिए भारतीय कैप्टन अपने सह-पायलट से भिड़ गए और बाद में इजरायली यात्रियों ने सह-पायलट को काबू करने में मदद की। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक बयान में स्मित मच्छार की सराहना की है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



