Home BUSINESS NEWS HINDI हर महीने मिलेंगे 2,500 रुपये, 12 घंटे में 33,730 से ज्यादा महिलाओं...

हर महीने मिलेंगे 2,500 रुपये, 12 घंटे में 33,730 से ज्यादा महिलाओं ने कराया रजिस्ट्रेशन; ये है पात्रता

1
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

दिल्ली सरकार की दिल्ली लक्ष्मी योजना को महिलाओं का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। योजना शुरू होने के महज 12 घंटे के भीतर 33,730 से अधिक महिलाओं ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा लिया। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने ₹2,500 की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाएगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि महिलाओं की बड़ी संख्या में भागीदारी इस योजना को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम बना रही है।

सालाना आय ₹2.5 लाख से अधिक नहीं

अगर आप इस योजना का लाभ लेना चाहती हैं, तो सबसे पहले इसकी पात्रता शर्तों को पूरा करना जरूरी है। आवेदन करने वाली महिला की उम्र 21 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए और वह परिवार की सबसे बड़ी महिला सदस्य हो। परिवार की सालाना आय ₹2.5 लाख से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा, महिला या उसके पति अथवा माता-पिता में से किसी एक का कम से कम 10 सालों से दिल्ली का निवासी होना जरूरी है। आवेदक का दिल्ली का वोटर होन भी अनिवार्य है।

खपत 2,400 यूनिट से अधिक नहीं

योजना के लिए कुछ अन्य महत्वपूर्ण शर्तें भी रखी गई हैं। पिछले 12 महीनों में परिवार की बिजली खपत 2,400 यूनिट से अधिक नहीं होनी चाहिए। महिला या उसके परिवार का कोई सदस्य केंद्र या राज्य सरकार में नौकरी नहीं करता हो और न ही किसी सरकारी पेंशन या अन्य आर्थिक सहायता का लाभ ले रहा हो। परिवार के पास चार पहिया वाहन नहीं होना चाहिए, महिला के तीन से अधिक बच्चे नहीं होने चाहिए और उसके खिलाफ कोई आपराधिक मामला भी नहीं होना चाहिए।

आवेदन के लिए कुछ जरूरी दस्तावेज

आवेदन के लिए कुछ जरूरी दस्तावेज भी जमा करने होंगे। इनमें आधार कार्ड, दिल्ली वोटर आईडी, पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर और संबंधित सांसद (MP) या विधायक (MLA) का समर्थन पत्र शामिल है। 10 साल के दिल्ली निवास के प्रमाण के लिए वोटर आईडी, राशन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या बिजली/गैस बिल दिया जा सकता है। उम्र के प्रमाण के तौर पर जन्म प्रमाण पत्र, 10वीं की मार्कशीट, आधार कार्ड, पैन कार्ड या वोटर आईडी मान्य होंगे।

ऑनलाइन आवेदन करना भी बेहद आसान

ऑनलाइन आवेदन करना भी बेहद आसान है। सबसे पहले दिल्ली लक्ष्मी योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पात्रता जांचें। इसके बाद अपनी व्यक्तिगत जानकारी, आधार नंबर, परिवार के सदस्यों का विवरण और बैंक खाते की जानकारी भरें। सभी जरूरी दस्तावेज अपलोड करें, सांसद या विधायक का समर्थन पत्र संलग्न करें और अंत में आवेदन जमा कर उसकी रसीद डाउनलोड कर सुरक्षित रख लें।

दिल्ली सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को वित्तीय सहायता देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। अगर आप सभी पात्रता शर्तें पूरी करती हैं, तो जल्द आवेदन कर इस योजना का लाभ उठा सकती हैं। हालांकि, आवेदन करने से पहले आधिकारिक पोर्टल पर उपलब्ध नवीनतम दिशा-निर्देश जरूर पढ़ लें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN