Home rss business hindi हर 2 पर 3 शेयर बोनस देगी कंपनी, 13 नवंबर है रिकॉर्ड...

हर 2 पर 3 शेयर बोनस देगी कंपनी, 13 नवंबर है रिकॉर्ड डेट, डिविडेंड का भी ऐलान

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • कंपनी ने अपने शेयरधारकों के लिए 3:2 के रेशियो में बोनस शेयर जारी करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है
  • इसका मतलब है कि कंपनी के हर 2 मौजूदा शेयर पर निवेशकों को 3 नए शेयर मिलेंगे
  • कंपनी ने बोनस शेयर के लिए 13 नवंबर 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की है

Bonus Share: शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए बोनस शेयर से जुड़ी एक अच्छी खबर है। टेक्सटाइल सेक्टर की कंपनी पशुपति कॉटस्पिन लिमिटेड (Pashupati Cotspin) ने अपने शेयरधारकों के लिए 3:2 के रेशियो में बोनस शेयर जारी करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसका मतलब है कि कंपनी के हर 2 मौजूदा शेयर पर निवेशकों को 3 नए शेयर मिलेंगे। कंपनी ने बोनस शेयर के लिए 13 नवंबर 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की है। खास बात यह है कि शेयरधारकों ने इस प्रस्ताव के पक्ष में 100 फीसदी वोट दिए हैं। इसके अलावा, कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए शेयरधारकों को 2 पैसे प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड देने का भी ऐलान किया है। इसके लिए 23 नवंबर 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की गई है। यानी इस तारीख तक कंपनी के रिकॉर्ड में जिन निवेशकों के नाम शेयरधारक के तौर पर दर्ज होंगे, वे डिविडेंड पाने के हकदार होंगे। बता दें कि कंपनी के शेयर की कीमत लगभग 93 रुपये है।

बोनस शेयर के डिटेल

पशुपति कॉटस्पिन के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने 3 अक्टूबर 2026 को हुई बैठक में बोनस शेयर जारी करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। इसके बाद कंपनी ने इस प्रस्ताव पर शेयरधारकों की राय जानने के लिए पोस्टल बैलेट प्रक्रिया शुरू की। यह प्रक्रिया 6 नवंबर 2026 को पूरी हुई। कंपनी के मुताबिक, बोनस शेयर जारी करने के प्रस्ताव को सभी वोटिंग सदस्यों का समर्थन मिला है। 3:2 बोनस इश्यू का मतलब है कि अगर किसी निवेशक के पास कंपनी के 2 शेयर हैं, तो उसे 3 अतिरिक्त शेयर मिलेंगे। इसी तरह 10 शेयर रखने वाले निवेशक को 15 बोनस शेयर मिल सकते हैं। ये बोनस शेयर 1 रुपये की फेस वैल्यू वाले होंगे।

13 नवंबर है रिकॉर्ड डेट

कंपनी ने बोनस शेयर पाने के लिए 13 नवंबर 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की है। इस तारीख तक जिन निवेशकों के नाम कंपनी के रिकॉर्ड में शेयरधारक के तौर पर दर्ज होंगे, वे बोनस शेयर पाने के हकदार होंगे। कंपनी के बोर्ड ने बोनस शेयर के साथ-साथ ऑथराइज्ड शेयर कैपिटल बढ़ाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। इन दोनों प्रस्तावों को शेयरधारकों की मंजूरी मिल चुकी है।

दोनों प्रस्तावों को मिले 100% वोट

कंपनी ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि पोस्टल बैलेट के जरिए दोनों प्रस्तावों पर वोटिंग कराई गई थी। यह ई-वोटिंग 8 अक्टूबर से 6 नवंबर 2026 तक चली। वोटिंग के नतीजों के मुताबिक, ऑथराइज्ड शेयर कैपिटल बढ़ाने और 3:2 बोनस शेयर जारी करने, दोनों प्रस्तावों के पक्ष में 10,49,49,879 वोट पड़े। किसी भी प्रस्ताव के खिलाफ एक भी वोट नहीं आया। इस तरह दोनों प्रस्तावों को 100 फीसदी समर्थन मिला और इन्हें मंजूरी मिल गई।

प्रमोटर्स के पास हैं ज्यादातर वोट

वोटिंग के आंकड़ों पर नजर डालें तो इसमें प्रमोटर्स और प्रमोटर ग्रुप की बड़ी हिस्सेदारी रही। उन्होंने कुल 10,39,06,000 वोट डाले, जो कुल वैध वोटों का करीब 99.01 फीसदी है। वहीं, पब्लिक शेयरधारकों की ओर से 10,43,879 वोट पड़े। यह कुल वोटों का करीब 0.99 फीसदी था। खास बात यह रही कि पब्लिक शेयरधारकों ने भी दोनों प्रस्तावों के पक्ष में वोट किया। कंपनी ने बताया कि पोस्टल बैलेट की पूरी प्रक्रिया की जांच सीएस निसर्ग शर्मा ने की। उनकी रिपोर्ट के मुताबिक, वोटिंग के नतीजों का 2 अक्टूबर 2026 की कट-ऑफ डेट के शेयरधारकों के रिकॉर्ड से मिलान किया गया। दोनों प्रस्तावों में कोई भी वोट अमान्य नहीं पाया गया।

शेयरों के हाल

कंपनी के शेयर ने पिछले एक दिन में 4.99 फीसदी और पांच कारोबारी दिनों में 31.11 फीसदी की गिरावट दर्ज की है। हालांकि, पिछले एक महीने में शेयर 33.07 फीसदी चढ़ा है। लंबी अवधि में देखें तो पिछले छह महीने में शेयर ने 6.50 फीसदी और एक साल में 13.09 फीसदी का रिटर्न दिया है। वहीं, पांच साल में इस शेयर ने निवेशकों को करीब 1,059 फीसदी का रिटर्न दिया है।

(डिस्क्लेमर: यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले सूझ-बूझ के साथ फैसला करें या फाइनेंशियल एडवायजर से सलाह ले लें। लाइव हिन्दुस्तान इस आधार पर शेयरों को खरीदने और बेचने की सलाह नहीं देता है।)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN