Home Latest news ताज़ा खबर हार्ट सजरी सफल होते ही पूरा किया वादा, सांवलिया सेठ को चढ़ाया...

हार्ट सजरी सफल होते ही पूरा किया वादा, सांवलिया सेठ को चढ़ाया ‘सोने का दिल’, कीमत जान रह जाएंगे हैरान!

3
0

Source :- INDIATV NEWS

राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के मंडफिया स्थित प्रसिद्ध श्री सांवलिया सेठ मंदिर में एक श्रद्धालु की अनोखी भेंट चर्चा का विषय बनी हुई है। जालौर जिले के रहने वाले एक श्रद्धालु ने हार्ट की गंभीर बीमारी से राहत मिलने और ऑपरेशन सफल होने के बाद भगवान सांवलिया सेठ को 21 ग्राम सोने से बना दिल का मॉडल भेंट किया। इस अनोखी भेंट की अनुमानित कीमत 3 लाख रुपये से ज्यादा बताई जा रही है।

मन्नत पूरी हुई तो निभाया वादा

जानकारी के अनुसार, जालौर निवासी इस श्रद्धालु को हार्ट से जुड़ी बीमारी थी। इलाज के दौरान उसने भगवान सांवलिया सेठ से स्वस्थ होने की प्रार्थना की थी। साथ ही मनोकामना पूरी होने पर भगवान को सोने का दिल भेंट करने का वादा किया था। जब उसका इलाज और ऑपरेशन सफल रहा तो उसने अपनी मन्नत पूरी करने का फैसला किया और मेवाड़ के प्रसिद्ध कृष्णधाम श्री सांवलियाजी मंदिर पहुंच गया।

सोने का दिल।

Image Source : REPORTER INPUTसोने का दिल।

भगवान को सौंप दिया सोने का दिल

हार्ट की बीमारी से जूझने के बाद जब ऑपरेशन सफल हुआ तो श्रद्धालु ने इसे चित्तौड़गढ़ जिले के मंडफिया स्थित भगवान सांवलिया सेठ की कृपा मानते हुए अपना वादा पूरा किया। मंदिर में पहुंचकर श्रद्धालु ने भगवान के चरणों में सोने से बना दिल का मॉडल अर्पित किया। पूरी तरह सोने से तैयार इस हार्ट मॉडल का वजन 21 ग्राम है और इसकी कीमत 3 लाख रुपये से ज्यादा आंकी गई है। श्रद्धालु ने इस भेंट को मंदिर के भेंट कक्ष कार्यालय में जमा कराया, जिसके बाद मंदिर मंडल की ओर से उसे इसकी रसीद भी दी गई।

देखें वीडियो-

अनोखी भेंट बनी चर्चा का विषय

आमतौर पर सांवलिया सेठ के दरबार में श्रद्धालु सोने-चांदी के आभूषण, मुकुट, हार और अन्य कीमती वस्तुएं भेंट करते हैं। लेकिन हार्ट की बीमारी से उबरने के बाद भगवान को दिल के आकार का सोने का मॉडल चढ़ाना अपने आप में खास है। श्रद्धालु ने अपनी इस भेंट के जरिए भगवान के प्रति आभार और अटूट आस्था प्रकट की है। अब 21 ग्राम सोने का यह दिल मंदिर में चढ़ाई गई अनोखी भेंटों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

वहीं, आपको बता दें कि सांवलिया सेठ मंदिर में इस बार श्रद्धालुओं ने दिल खोलकर चढ़ावा चढ़ाया है। लोगों ने मंदिर को 31 करोड़ रुपये से ज्यादा दान किए हैं। मंदिर को 930 ग्राम से ज्यादा सोना भी मिला है।

(रिपोर्ट- भगवान प्रजापत)

यह भी पढ़ें-

बांके बिहारी मंदिर में VIP दर्शन के लिए अब कटेगी पर्ची, इस गेट पर तुरंत होगा रजिस्ट्रेशन, जानें पूरी प्रक्रिया

मुंगेर में रत्नेश्वरनाथ मंदिर का होगा कायाकल्प, 9.10 करोड़ रुपये से बदलेगी तस्वीर, पर्यटन को मिलेगी नई पहचान

SOURCE : INDIATV NEWS