Source :- KHABAR INDIATV
फुटबॉल की दुनिया में हैरी केन ने ऐसा मुकाम हासिल कर लिया है, जिसका इंतजार इंग्लैंड को कई साल से था। पिछले सीजन में गोल पर गोल दागने वाले केन ने बैलोन डी’ओर का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम कर लिया। वह 25 साल में यह अवॉर्ड जीतने वाले पहले अंग्रेज फुटबॉलर बन गए हैं। इससे पहले 2001 में माइकल ओवेन ने यह उपलब्धि हासिल की थी।
केन ने पिछले सीजन में क्लब और देश के लिए कुल 73 गोल किए। उनकी शानदार गोल स्कोरिंग क्षमता ने उन्हें यूरोप का सबसे ज्यादा गोल करने वाला खिलाड़ी बनाया। जर्मनी में उन्होंने कई गोल रिकॉर्ड तोड़े, जबकि फीफा वर्ल्ड कप में भी उनका प्रदर्शन यादगार रहा। इंग्लैंड की कप्तानी करते हुए उन्होंने टीम को तीसरे स्थान तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
एम्बाप्पे और लामिन यमाल छूटे पीछे
33 साल के केन को बैलोन डी’ओर की वोटिंग में फ्रांस के स्टार खिलाड़ी किलियन एम्बाप्पे, स्पेन के युवा सनसनी लामिन यमाल, 2024 के विजेता रोड्री और आठ बार यह पुरस्कार जीत चुके लियोनेल मेसी जैसे दिग्गजों से कड़ी चुनौती मिली। हालांकि, आखिरकार केन ने सबको पीछे छोड़ते हुए फुटबॉल जगत का यह प्रतिष्ठित सम्मान हासिल कर लिया।
केन के लिए पिछला सीजन क्लब और इंटरनेशनल फुटबॉल, दोनों लिहाज से बेहद शानदार रहा। उन्होंने बायर्न म्यूनिख को बुंडेसलीगा और जर्मन कप का खिताब दिलाने में अहम योगदान दिया। जर्मन कप के फाइनल में स्टटगार्ट के खिलाफ उन्होंने हैट्रिक लगाकर अपनी टीम की जीत में बड़ी भूमिका निभाई।
वर्ल्ड कप में दागे 6 गोल
वर्ल्ड कप में भी केन का जादू चला। उन्होंने टूर्नामेंट में 6 गोल किए और इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज गैरी लाइनकर को पीछे छोड़ते हुए वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए। इसके साथ ही वह फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में सर्वाधिक गोल करने वाले टॉप-5 खिलाड़ियों में भी शामिल हो गए।
इंग्लैंड को सेमीफाइनल में अर्जेंटीना के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा, लेकिन तीसरे स्थान के मुकाबले में टीम ने एम्बाप्पे की फ्रांस को हराया। यह 60 साल में वर्ल्ड कप में इंग्लैंड का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। केन की इस उपलब्धि ने इंग्लिश फुटबॉल में एक नए अध्याय की शुरुआत कर दी है।
इस बार बैलोन डी’ओर समारोह का आयोजन लंदन में किया गया। पुरस्कार समारोह के लिए यह शहर इसलिए भी खास रहा, क्योंकि 1956 में इस सम्मान के पहले विजेता इंग्लैंड के स्टेनली मैथ्यूज थे। करीब 70 साल बाद लंदन में आयोजित समारोह में केन की जीत ने इस मौके को और यादगार बना दिया।
एलेक्सिया पुटेलस ने तीसरी बार जीता महिला बैलोन डी’ओर
मेन्स कैटेगिरी में हैरी केन की ऐतिहासिक जीत के बीच स्पेन की स्टार मिडफील्डर एलेक्सिया पुटेलस ने भी बड़ी उपलब्धि अपने नाम की। उन्होंने तीसरी बार महिला बैलोन डी’ओर जीतकर अपनी शानदार वापसी पर मुहर लगा दी। पुटेलस ने पिछले सीजन में अपने पूर्व क्लब बार्सिलोना के लिए शानदार प्रदर्शन किया था। उनकी टीम ने महिला चैंपियंस लीग समेत कई खिताब जीते। इसके अलावा उन्होंने स्पेन की नेशनल टीम को पिछले साल दिसंबर में महिला नेशंस लीग का खिताब दिलाने में भी अहम भूमिका निभाई।
32 साल की पुटेलस ने तीन साल से लगातार इस पुरस्कार पर कब्जा जमाए रखने वाली अपनी ही देश की खिलाड़ी एताना बोनमती का दबदबा खत्म किया। पुटेलस ने 2021 और 2022 में लगातार दो बार महिला बैलोन डी’ओर जीता था। हालांकि, इसके बाद घुटने में एसीएल की गंभीर चोट के कारण उनका करियर प्रभावित हुआ और बोनमती ने फुटबॉल जगत में अपनी अलग पहचान बना ली। बोनमती ने 2025 में लगातार तीसरी बार महिला बैलोन डी’ओर जीतकर हैट्रिक पूरी की थी। लेकिन दिसंबर में पैर टूटने के कारण वह इस साल पुरस्कार की शॉर्टलिस्ट में भी जगह नहीं बना सकीं। दूसरी ओर, पुटेलस ने शानदार प्रदर्शन के दम पर एक बार फिर फुटबॉल की दुनिया में अपनी बादशाहत साबित कर दी।
यह भी पढ़ें:
SOURCE : KHABAR INDIAN TV



