Source :- LIVE HINDUSTAN
LPG Gas cylinder: बीते कुछ महीनों में ग्लोबल टेंशन की वजह से LPG (लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस) सिलेंडर की कीमतों में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। घरेलू से कॉमर्शियल और छोटू एलपीजी सिलेंडर तक की कीमतों में बड़ा उछाल आया है। इस बढ़ोतरी की वजह से पीएम उज्जवला योजना के तहत बांटे जाने वाले एलपीजी सिलेंडर के भी दाम बढ़ गए हैं। सरकार से सब्सिडी मिलने के बावजूद उज्जवला लाभार्थियों को अब अपनी जेब पहले के मुकाबले ज्यादा ढीली करनी होगी। बहरहाल, आइए जान लेते हैं कि अभी किस सिलेंडर की कीमत सबसे कम है।
घरेलू एलपीजी सिलेंडर
देश की राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत अब 942 हो गई है, जो पहले 913 रुपये थी। अमेरिका और ईरान जंग की वजह से 14.2 किलोग्राम के रसोई गैस सिलेंडर के दाम कुल मिलाकर 89 रुपये बढ़ चुके हैं।
उज्ज्वला लाभार्थी के लिए क्या दाम?
वहीं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (पीएमयूवाई) के लाभार्थियों को साल में चार बार 300 रुपये की सब्सिडी मिलने के बाद सिलेंडर ₹642 में उपलब्ध होगा। हालांकि, पिछले साल यह सब्सिडी साल में नौ बार देने की घोषणा की गई थी। होटल और रेस्तरां में इस्तेमाल होने वाली 19 किलोग्राम कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 3,113.50 रुपये है। वहीं, पांच किलोग्राम ‘फ्री-ट्रेड एलपीजी सिलेंडर’ की कीमत 821.50 रुपये है। इसे छोटू सिलेंडर के नाम से जाना जाता है।
छोटू सिलेंडर के बारे में
छोटू सिलेंडर खास तौर पर उन लोगों के लिए लॉन्च किया गया है जो शहरों और कस्बों में काम के सिलसिले में बाहर से आकर बसे हैं और जिनके पास स्थानीय पते का सबूत नहीं है, साथ ही उन लोगों के लिए भी जिनकी गैस की खपत कम है और ऐसे कमर्शियल प्रतिष्ठानों के लिए जिनके पास जगह कम है। ग्राहक इंडेन डिस्ट्रीब्यूटरशिप के बड़े नेटवर्क और इंडियन ऑयल रिटेल आउटलेट, चुनिंदा किराना स्टोर और चुनिंदा लोकल सुपरमार्केट जैसे बिक्री केंद्रों से ‘छोटू’ गैस सिलेंडर ले सकते हैं।
पहचान प्रमाण की जरूरत
अगर आपकी दिलचस्पी है तो सिर्फ पहचान का प्रमाण देकर नया ‘छोटू’ गैस कनेक्शन ले सकते हैं। देश भर में किसी भी बिक्री केंद्र या डिस्ट्रीब्यूटरशिप पर जाकर रिफिल लिया जा सकता है। ग्राहक अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी शहर में ‘छोटू’ गैस सिलेंडर का इस्तेमाल कर सकते हैं।
अगर सिलेंडर बिक्री केंद्रों से खरीदे जाते हैं, तो ग्राहकों के पास सिलेंडर वापस करने का भी विकल्प होता है, जिसके लिए इस्तेमाल की अवधि की परवाह किए बिना प्रति सिलेंडर 500 रुपये की तय रकम मिलती है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




