Source :- LIVE HINDUSTAN
लंबी फ्लाइट में कई घंटे बैठे रहने से थकान, नींद की कमी और पैरों में भारीपन महसूस हो सकता है। सफर को आरामदायक बनाने और डेस्टिनेशन पर फ्रेश पहुंचने के लिए ये टिप्स फॉलो कर सकते हैं।
फ्लाइट से घूमने जाने का एक्साइटमेंट तो बहुत होता है, लेकिन कई घंटे प्लेन में बैठना पड़े, तो सफर थकाने वाला भी हो सकता है। खासकर जब फ्लाइट 12 से 14 घंटे की हो, तो नींद पूरी नहीं हो पाती, पैर अकड़ने लगते हैं और शरीर में भारीपन महसूस होने लगता है। कई बार डेस्टिनेशन पर पहुंचने के बाद भी थकान बनी रहती है, जिससे घूमने-फिरने का मजा कम हो जाता है। लेकिन कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप इस परेशानी को काफी हद तक कम कर सकते हैं। आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ आसान टिप्स।
1. सीट बुक करते समय रखें ध्यान
लंबी फ्लाइट में आपकी सीट काफी मायने रखती है। अगर आप बार-बार उठकर चलना चाहते हैं, तो आइल सीट चुन सकते हैं। इससे बिना किसी को परेशान किए उठना और स्ट्रेच करना आसान होता है। वहीं, अगर आपको खिड़की के पास बैठकर सोना पसंद है, तो विंडो सीट बेहतर लग सकती है। सीट चुनते समय अपनी जरूरत और आराम का ध्यान रखें।
2. डेस्टिनेशन के टाइम के हिसाब से ढलें
अगर आप किसी दूसरे देश जा रहे हैं, जहां का टाइम आपके शहर से काफी अलग है, तो फ्लाइट से कुछ दिन पहले ही सोने और खाने का समय धीरे-धीरे बदलना शुरू करें। फ्लाइट में बैठने के बाद अपनी घड़ी को डेस्टिनेशन के लोकल टाइम पर सेट कर लें। इससे नई जगह के टाइम के हिसाब से खुद को ढालने में मदद मिलेगी और जेट लेग जैसी परेशानी कम महसूस होगी।
3. पानी पीते रहें
प्लेन के केबिन में हवा काफी ड्राई होती है, जिससे शरीर में पानी की कमी महसूस हो सकती है। इसलिए फ्लाइट के दौरान थोड़ी-थोड़ी देर में पानी पीते रहें। बहुत ज्यादा चाय-कॉफी और शराब पीने से बचें, क्योंकि इनसे नींद पर असर पड़ सकता है। पानी की बोतल पास रखने से हाइड्रेटेड रहना आसान होगा।
4. बीच-बीच में उठकर चलें
कई घंटे लगातार बैठे रहने से पैरों में अकड़न और भारीपन महसूस हो सकता है। इसलिए जब भी पॉसिबल हो, केबिन में थोड़ा चल लें। सीट पर बैठे-बैठे पैरों को ऊपर-नीचे करना, टखनों को घुमाना और पैरों की मसल्स को हल्का स्ट्रेच करना भी मददगार है। अगर सेफ हो तो, लंबी यात्रा में हर 2 से 3 घंटे में चलने की कोशिश करें, वॉशरूम तक जा सकते हैं।
5. आरामदायक कपड़े पहनें
लंबी फ्लाइट के लिए टाइट जींस या ऐसे कपड़े न पहनें, जिनमें लंबे समय तक बैठना मुश्किल हो। इसकी जगह ढीले और आरामदायक कपड़े चुनें। प्लेन में कभी ठंड लग सकती है, तो कभी तापमान ठीक लगता है। इसलिए हल्की जैकेट या शॉल साथ रखें। ऐसे जूते पहनें जिन्हें आसानी से उतार और पहन सकें।
6. नींद का प्लान पहले से बनाएं
अगर फ्लाइट लंबी है, तो अपनी नींद का प्लान डेस्टिनेशन के टाइम के हिसाब से बनाएं। आंखों पर लगाने वाला मास्क, ईयरप्लग या नॉइज कैंसिलिंग हेडफोन साथ रख सकते हैं। इनसे आसपास के शोर और रोशनी से बचने में मदद मिलती है। हालांकि, जबरदस्ती सोने की कोशिश न करें। यह भी देखें कि पहुंचने के बाद आपको किस समय जागना है।
7. हल्का खाना खाएं
फ्लाइट में बहुत ज्यादा या भारी खाना खाने से पेट भरा हुआ और असहज महसूस हो सकता है। इसलिए जरूरत के हिसाब से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में खाना खाएं। फल या हल्के स्नैक्स साथ रख सकते हैं। साथ ही, बहुत ज्यादा तला-भुना खाना खाने से बचें, खासकर तब जब आपको सफर में गैस या ब्लोटिंग की परेशानी होती है।
8. मनोरंजन का इंतजाम पहले कर लें
लंबी फ्लाइट में कई बार बोरियत भी थका देती है। इसलिए निकलने से पहले अपने फोन या टैबलेट में फिल्में, गाने, पॉडकास्ट और ई-बुक्स डाउनलोड कर लें। प्लेन का वाई-फाई काम न करे या मनोरंजन वाला सिस्टम उपलब्ध न हो, तब भी आपका समय आसानी से कट जाएगा। हेडफोन और चार्जिंग केबल साथ रखना न भूलें।
जेट लैग क्या होता है?
जब आप लंबी फ्लाइट से किसी ऐसे देश में जाते हैं, जहां का समय आपके शहर से अलग होता है, तो शरीर को नए समय के हिसाब से ढलने में कुछ दिन लग सकते हैं। इसे ही जेट लैग कहते हैं। इसकी वजह से दिन में नींद आना, रात में नींद न आना, थकान और सिर भारी लगने जैसी परेशानियां हो सकती हैं। इससे बचने के लिए वहां के समय के हिसाब से सोने-जागने की कोशिश करें, पर्याप्त पानी पिएं और दिन में कुछ समय धूप में बिताएं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




