Source :- LIVE HINDUSTAN
Modi Trump Meeting: जी-7 शिखर सम्मेलन में 16 महीने बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पहली सार्वजनिक मुलाकात हो गई। दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से हाथ मिलाया और एक-दूसरे का अभिवादन किया। यह भेंट वैश्विक स्तर पर काफी चर्चा का विषय बन गई है।
जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच 16 महीने बाद पहली सार्वजनिक मुलाकात हुई। दोनों नेताओं ने एक दूसरे से गर्मजोशी से हाथ मिलाया और एक-दूसरे का अभिवादन किया। यह मुलाकात वैश्विक कूटनीतिक गलियारों में चर्चा का केंद्र बन गई है। शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहे फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कार्यक्रम शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी का विशेष स्वागत किया। मैक्रों ने मोदी को फूलों का गुलदस्ता भेंट किया और दोनों नेताओं के बीच कुछ देर अनौपचारिक बातचीत भी हुई। इसके तुरंत बाद प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप आमने-सामने आए और हाथ मिलाते हुए एक-दूसरे का हालचाल जाना।
यह भेंट इसलिए खास मानी जा रही है क्योंकि पिछले 16 महीनों में दोनों नेताओं के बीच कोई प्रत्यक्ष सार्वजनिक मुलाकात नहीं हुई थी। दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी, व्यापार, रक्षा सहयोग और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था जैसे मुद्दों पर पहले से ही चर्चा चल रही है। हालांकि इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच विशेष बातचीत नहीं हुई, लेकिन चर्चाओं का बाजार गर्म है।
बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति के निमंत्रण पर शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए मंगलवार को फ्रांस पहुंचे। भारत भागीदार देश के रूप में इस सम्मेलन में 13वीं बार शामिल हो रहा है, जबकि प्रधानमंत्री मोदी लगातार सातवीं बार जी7 शिखर में हिस्सा ले रहे हैं। फ्रांस रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री ने स्विट्जरलैंड के जिनेवा में संक्षिप्त ठहराव के दौरान स्विस परिसंघ के राष्ट्रपति गाय पार्मेलिन से मुलाकात की।
शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की व्यस्त कूटनीतिक कार्यक्रम है। वे कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर और संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान समेत कई विश्व नेताओं से द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। 17 जून को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ प्रधानमंत्री मोदी की महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक प्रस्तावित है। वाइट हाउस ने पुष्टि की है कि इस बैठक में भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने पर खास जोर दिया जाएगा।
बता दें कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों द्वारा आयोजित इस जी-7 शिखर सम्मेलन में अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी, इटली, जापान, कनाडा और फ्रांस के अलावा भारत समेत कई प्रमुख देशों के नेता शामिल हुए हैं। सम्मेलन का मुख्य एजेंडा वैश्विक अर्थव्यवस्था को मजबूत करना, जलवायु परिवर्तन से निपटना, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का नियमन, मध्य पूर्व की स्थिति और यूक्रेन संकट जैसे अहम मुद्दों पर केंद्रित है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN







