Home rss world hindi 18 साल से Nvidia में काम… अब जेन्सेन हुआंग से अफेयर की...

18 साल से Nvidia में काम… अब जेन्सेन हुआंग से अफेयर की खबर; कौन हैं किम्बर्ली पॉवेल?

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

एनविडिया की हेल्थकेयर वाइस प्रेसिडेंट किम्बर्ली पॉवेल के साथ कथित अफेयर का खुलासा होने के बाद बोर्ड आज उनका भविष्य तय करने वाली है। पॉवेल 18 साल से कंपनी में हैं और सीधे हुआंग को रिपोर्ट करती हैं।

एनविडिया के CEO जेनसेन हुआंग की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। बोर्ड आज (12 नवंबर) को उनकी भविष्य पर फैसला लेने के लिए बैठक कर रहा है। इस बीच जेन्सेन हुआंग पर एक और बड़ा आरोप सामने आया है। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, उनका कथित अफेयर कंपनी की हेल्थकेयर वाइस प्रेसिडेंट किम्बर्ली पॉवेल के साथ था। पॉवेल पिछले 18 साल से Nvidia में काम कर रही हैं और सीधे हुआंग को रिपोर्ट करती हैं। यह खुलासा ऐसे समय में हुआ है जब हुआंग पहले ही अपनी पत्नी के साथ धोखा देने की बात स्वीकार कर चुके हैं।

कौन हैं किम्बर्ली पॉवेल?

बता दें कि किम्बर्ली पॉवेल ने बोस्टन यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया है। 1999 में उन्होंने DOME Imaging Systems नामक कंपनी में हार्डवेयर इंजीनियर के रूप में अपना करियर शुरू किया। यह कंपनी रेडियोलॉजी के लिए डिस्प्ले और सिस्टम बनाती थी। 2003 में वे Planar Systems की मेडिकल बिजनेस यूनिट में चली गईं। वहां उन्होंने पहले हार्डवेयर इंजीनियर के रूप में काम किया और 2006 से प्रोडक्ट मार्केटिंग मैनेजर बनीं। उनका काम डायग्नोस्टिक इमेजिंग डिस्प्ले सिस्टम से जुड़ा था।

2008 में पॉवेल Nvidia में शामिल हुईं। कंपनी की वेबसाइट के अनुसार, वे उन प्रोग्राम को देखती हैं जिनमें Nvidia की चिप टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल हायर एजुकेशन और हेल्थकेयर में होता है। खासकर मेडिकल इमेजिंग डिवाइस में। Nvidia में उनके करियर में लगातार तरक्की हुई। 2016 में उन्हें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस बिजनेस डेवलपमेंट की सीनियर डायरेक्टर बनाया गया। अगले साल यानी 2017 में उन्हें हेल्थकेयर की वाइस प्रेसिडेंट बना दिया गया। पॉवेल दुनिया भर की टेक्नोलॉजी कॉन्फ्रेंस में जाती हैं और कंपनी की तरफ से भाषण देती हैं। एक पॉडकास्ट में उन्होंने अपनी नौकरी को ‘सपने के सच होने जैसा’ बताया था। बिजनेस इनसाइडर को उन्होंने कहा था कि मैं हेल्थकेयर के बारे में ही सोचती हूं। इसलिए मैं हर समय इसके बारे में बात करती रहती हूं।

हुआंग और पॉवेल का संबंध

गौरतलब है कि पॉवेल और हुआंग पिछले 18 साल से साथ काम कर रहे हैं। इस दौरान उनके बीच अफेयर का आरोप है। यह साफ नहीं है कि यह अफेयर कब शुरू हुआ। Nvidia में काम करने के दौरान पॉवेल ने कई बार ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों जगहों पर हुआंग की तारीफ की।

2016 में उन्होंने X पर लिखा था कि जेन-ह्सुन को ग्लासडोर सर्वे में अमेरिका के टॉप CEO में से एक बताया गया है। यह काम करने के लिए एक शानदार जगह है। हाल ही में अगस्त में लाइफर्स के साथ इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि जेनसेन 20 से ज्यादा वर्षों से हेल्थकेयर इंडस्ट्री के बारे में भावुक हैं।

हुआंग और 48 साल की पॉवेल दोनों शादीशुदा हैं। हुआंग ने 1985 में लोरी मिल्स से शादी की थी। उनके दो बच्चे हैं स्पेंसर (35 साल) और मैडिसन (34 साल)। दोनों बच्चे Nvidia में काम करते हैं। पॉवेल की शादी ग्राहम गेराडे से हुई है। गेराडे US पेटेंट और ट्रेडमार्क ऑफिस में एक मेडिकल इमेजिंग व्यूअर एप्लीकेशन के को-इन्वेंटर के रूप में रजिस्टर्ड हैं।

न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, Nvidia के अंदर के लोगों ने बताया कि मार्च में Nvidia कॉन्फ्रेंस के दौरान दोनों को सैन होजे के एक होटल में साथ घूमते देखा गया। एक राहगीर ने दोनों को प्यार करते हुए फोटो खींच ली। हालांकि हुआंग की सिक्योरिटी ने उसे हटा दिया। बाद में Nvidia के कर्मचारियों ने उस व्यक्ति से नॉन-डिस्क्लोजर एग्रीमेंट पर साइन करवाया।

यह मामला क्यों है महत्वपूर्ण?

रिपोर्ट के अनुसार, जब न्यूयॉर्क टाइम्स ने हुआंग से पॉवेल के साथ अफेयर के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि आपको मुझसे सीधे बात करनी चाहिए… इसके बाद उन्होंने फोन काट दिया। दूसरी ओर खबर है कि पॉवेल को गुरुवार सुबह मिल्केन फ्यूचर ऑफ हेल्थ समिट में एक पैनल में शामिल होना था, लेकिन उन्होंने अपना प्रोग्राम कैंसिल कर दिया। दरअसल, Nvidia के नियमों के अनुसार, कर्मचारियों को ऐसी स्थितियों से बचना चाहिए जहां काम का टकराव हो। इसमें पर्सनल रिलेशनशिप भी शामिल हैं। कंपनी का कहना है कि वह गलत काम की शिकायत की तुरंत जांच करती है। कोड ऑफ कंडक्ट में लिखा है कि नियम तोड़ने पर डिसिप्लिनरी एक्शन हो सकता है, जिसमें नौकरी से निकालना भी शामिल है।

पहले वाला क्या मामला?

बता दें कि यह नया आरोप कुछ ही दिनों बाद सामने आया है जब हुआंग ने माना था कि उन्होंने अपनी पत्नी के साथ धोखा किया। उस महिला का नाम एलिस हुआंग बताया गया। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को शक था कि एलिस हुआंग एक चीनी एजेंट के रूप में बीजिंग के लिए जासूसी कर रही थीं। इस वजह से Nvidia के बोर्ड ने स्वतंत्र जांच शुरू की है। जांच देख रही है कि क्या CEO को किसी विदेशी खुफिया ऑपरेशन के तहत टारगेट किया गया था। इस जांच की निगरानी स्वतंत्र डायरेक्टर कर रहे हैं। बाहरी कानूनी सलाहकारों में वाचटेल, लिप्टन, रोसेन एंड कैट्ज़ फर्म शामिल है। लीगल टीम में पूर्व एक्टिंग US अटॉर्नी जून एच किम भी हैं।

वहीं, जानकारों का मानना है कि Nvidia के लिए इस दूसरे अफेयर को नजरअंदाज करना मुश्किल होगा। BBC के मुताबिक, बोर्ड पहले वाले मामले (एलिस हुआंग) को नजरअंदाज कर सकता था। यह कहकर कि CEO को जासूसी की कोशिश का पता नहीं था। लेकिन इस बार आरोप एक कर्मचारी के साथ है, इसलिए इसे टालना आसान नहीं। सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन के पूर्व चेयरमैन गैरी जेन्सलर ने CNN को बताया कि अगर दूसरे अफेयर की पुष्टि हो जाती है तो हुआंग को बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा। जेन्सलर ने साफ शब्दों में कहा कि ऐसा लगता है कि हम टिपिंग पॉइंट पार कर चुके हैं। उसे रखना अब और भी मुश्किल हो गया है। अब यह टूटने के कगार पर है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN