Home rss entertainment hindi मनोरंजन समाचार 20 नवंबर को बॉक्स ऑफिस पर भिड़ेंगी 6 फिल्में, धनुष से लेकर...

20 नवंबर को बॉक्स ऑफिस पर भिड़ेंगी 6 फिल्में, धनुष से लेकर जैकी श्रॉफ तक की मूवीज होंगी रिलीज

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/11/16/1200x900/20_november_1794817926700_dgv8_1794817931823_1mAg_f094d37f-b411-4dc6-929b-dfc3bba1d0d6_CM8X.png

Friday Theater Release: 20 नवंबर को सिनेमाघरों में 6 फिल्में रिलीज होंगी। धनुष, दुलकर सलमान, जैकी श्रॉफ और अमित साध की फिल्मों के बीच मुकाबला होगा।

20 नवंबर 2026 यानी शुक्रवार को सिनेमाघरों में कई फिल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस पर टक्कर देखने को मिलेगी। इस दिन कॉमेडी, हॉरर, एक्शन, रोमांस और थ्रिलर जैसी अलग-अलग तरह की फिल्में रिलीज होंगी। खास बात यह है कि इस मुकाबले में बॉलीवुड के साथ साउथ की फिल्में भी शामिल हैं। आइए जानते हैं इन छह फिल्मों की कहानी और उनकी स्टारकास्ट के बारे में।

1. काली खेती (Kaali Kheti)

जैकी श्रॉफ और शरद केलकर की फिल्म ‘काली खेती’ 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। पहले इस फिल्म का नाम ‘खेती’ रखा गया था और इसे अक्टूबर में रिलीज किया जाना था।

फिल्म की कहानी एक ऐसे गांव की है, जहां की जमीन में एक खौफनाक राज छिपा है। गांव के खेतों और जमीन का किसी बुरी ताकत से कनेक्शन है। यह एक साइकोलॉजिकल और सुपरनैचुरल हॉरर फिल्म है। फिल्म में जैकी श्रॉफ अहम भूमिका में नजर आएंगे, जबकि शरद केलकर उनके बेटे का किरदार निभा रहे हैं। इनके अलावा नेहा सरगम, वीरेंद्र सक्सेना और शाजी चौधरी भी फिल्म का हिस्सा हैं। फिल्म में एक परिवार की कहानी दिखाई गई है, जो पीढ़ियों से चले आ रहे डर और पुराने राज से जूझता है। पुराने राज सामने आने के बाद परिवार की जिंदगी में कई मुश्किलें आने लगती हैं।

2. पार्टी एनिमल्स (Party Animals)

रवि छाबड़िया के निर्देशन में बनी फिल्म ‘पार्टी एनिमल्स’ 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अली हाजी ने इस फिल्म की कहानी लिखी है। यह एक हल्की-फुल्की कॉमेडी फिल्म है, जिसमें दोस्ती, मस्ती और गड़बड़ियों का मजेदार तड़का देखने को मिलेगा।

फिल्म में डिजिटल क्रिएटर से अभिनेता बने विराज घेलानी और अर्जुन तंवर मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। दोनों बचपन के दोस्तों मान पटेल और अरमान खन्ना का किरदार निभा रहे हैं। दोनों दोस्त नए साल की पार्टी के लिए मुंबई में फिर मिलते हैं। लेकिन उनकी यह आम सी रात जल्द ही मुसीबतों से भर जाती है। पार्टी के दौरान रोमांस, पुलिस की गड़बड़ियां और खुद को गैंगस्टर समझने वाले लोगों के कारण कई मजेदार घटनाएं होती हैं।

3. प्रताप (Pratap)

अमित साध की फिल्म ‘प्रताप’ भी 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। सचिन सराफ के निर्देशन में बनी यह एक्शन-थ्रिलर फिल्म एक पुलिस अधिकारी की कहानी है, जिसकी जिंदगी एक वीडियो वायरल होने के बाद बदल जाती है।

फिल्म में अमित साध प्रताप रानाडे नाम के पुलिस अधिकारी का किरदार निभा रहे हैं। वह मुंबई पुलिस में एनकाउंटर स्पेशलिस्ट है। एक दिन उसका एक वीडियो वायरल हो जाता है, जिसमें वह एक अपराधी की पिटाई करते नजर आता है। कुछ समय बाद उस अपराधी की पुलिस हिरासत में मौत हो जाती है। इसके बाद प्रताप को नौकरी से हटा दिया जाता है और उसका अपना विभाग भी उसके खिलाफ हो जाता है। अब प्रताप खुद को बेगुनाह साबित करने के लिए जांच में जुट जाता है। इस दौरान उसके सामने भ्रष्टाचार और एक बड़ी साजिश का खुलासा होता है। फिल्म में ईशा देओल, सीमा बिस्वास, तिग्मांशु धूलिया और मिलिंद गुनाजी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

4. ओ.एम: ऑपरेशन मोल (O.M: Operation Mole)

धनुष की फिल्म ‘ओ.एम: ऑपरेशन मोल’ भी 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। राजकुमार पेरियासामी के निर्देशन में बनी यह एक्शन-थ्रिलर फिल्म है। इसमें धनुष के साथ ममूटी, साई पल्लवी, श्रीलीला और नसीरुद्दीन शाह भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

फिल्म की कहानी जंगलों में होने वाली लाल चंदन की तस्करी पर आधारित है। इसमें एक अंडरकवर ऑपरेशन दिखाया जाएगा, जिसके जरिए लाल चंदन काटने वालों और इसकी तस्करी करने वाले पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने की कोशिश की जाती है। फिल्म का नाम ‘उधिरम: द ब्लड वुड’ भी इसकी कहानी के बारे में काफी कुछ बताता है। यह फिल्म तमिल, तेलुगु और हिंदी भाषाओं में रिलीज होगी।

5. आकासमलो ओका तारा (Aakasamlo Oka Tara)

दुलकर सलमान की फिल्म ‘आकासमलो ओका तारा’ भी 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। पवन सादिनेनी के निर्देशन में बनी यह एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म है। इसमें दुलकर सलमान के साथ श्रुति हासन, केशव दीपक, रुहानी शर्मा और सात्विका वीरवल्ली भी नजर आएंगे। करीब 2 घंटे 40 मिनट लंबी यह फिल्म तेलुगु भाषा में रिलीज होगी। रोमांटिक फिल्में पसंद करने वाले दर्शक इसे देख सकते हैं।

6. सत्यवान सावित्री (Sathyavan Savithiri)

कीर्ति सुरेश की फिल्म ‘सत्यवान सावित्री’ भी 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। मिस्किन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में कीर्ति सुरेश मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। यह एक थ्रिलर-ड्रामा फिल्म है, जिसे तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। फिलहाल फिल्म की कहानी और बाकी कलाकारों के बारे में ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, कीर्ति सुरेश और निर्देशक मिस्किन की जोड़ी को पर्दे पर देखने के लिए दर्शक उत्साहित हो सकते हैं।

फिल्म जॉनर लीड एक्टर्स डायरेक्टर्स
पार्टी एनिमल्स कॉमेडी ड्रामा विराज घेलानी, अर्जुन तंवर, साउंडस मौफकीर रवि छाबड़िया
काली खेती हॉरर जैकी श्रॉफ, शरद केलकर, नेहा सरगम हारिस इम्तियाज खान
प्रताप एक्शन थ्रिलर अमित साध, ईशा देओल, तिग्मांशु धूलिया सचिन सराफ
ओ.एम: ऑपरेशन मोल एक्शन थ्रिलर धनुष, ममूटी, साई पल्लवी, श्रीलीला, नसीरुद्दीन शाह राजकुमार पेरियासामी
आकासमलो ओका तारा रोमांटिक ड्रामा दुलकर सलमान, श्रुति हासन, केशव दीपक, रुहानी शर्मा पवन सादिनेनी
सत्यवान सावित्री थ्रिलर ड्रामा कीर्ति सुरेश मिस्किन

SOURCE : LIVE HINDUSTAN