Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- Petrol Diesel Rates Today: पिछले हफ्ते ब्रेंट क्रूड की कीमतों में 16 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई
- ब्रेंट क्रूड 97 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया
- ऐसे में सवाल उठता है कि क्या भारत में पेट्रोल-डीजल के दाम घटेंगे? दिल्ली में पेट्रोल आज भी 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये लीटर है
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने की उम्मीदों के बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट जारी है। अप्रैल 2020 के बाद पिछले सप्ताह तेल की कीमतों में सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को ब्रेंट क्रूड 97 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया, जबकि अमेरिकी WTI क्रूड 90 डॉलर के आसपास कारोबार कर रहा था। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या भारत में पेट्रोल-डीजल के दाम घटेंगे? दिल्ली में पेट्रोल आज भी 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये लीटर है। यानी दिवाली के बाद भी रेट में कोई बदलाव नहीं है।
पिछले हफ्ते ब्रेंट क्रूड 16 प्रतिशत से अधिक गिरा
ब्लूमबर्ग के मुताबिक पिछले हफ्ते ब्रेंट क्रूड की कीमतों में 16 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई। अक्टूबर के अंत में छह महीने के हाई पर पहुंचने के बाद से कच्चे तेल के दाम लगातार नीचे आए हैं। अमेरिका के मिड टर्म इलेक्शन में डेमोक्रेट्स की जीत के बाद बाजार को उम्मीद है कि अमेरिका-ईरान संघर्ष और नहीं बढ़ेगा।
- सभी शहरों के पेट्रोल के रेट देखने के लिए यहां क्लिक करें
- सभी शहरों के डीजल के रेट देखने के लिए यहां क्लिक करें
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अगर ईरान के परमाणु कार्यक्रम और होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा खोलने को लेकर बातचीत आगे बढ़ती होती है तो ईरान पर नए हमले की संभावना बेहद कम है। हालांकि, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि बातचीत में खास प्रगति नहीं हुई है और ईरान की मांगें स्वीकार करने योग्य नहीं हैं।
होर्मुज में हमले से बढ़ी चिंता
कूटनीतिक प्रयासों के बावजूद पश्चिम एशिया में तनाव बना हुआ है। सप्ताहांत में होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे एक तेल टैंकर पर अज्ञात मिसाइल से हमला होने की खबर है। वहीं, यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब की सरकारी तेल कंपनी सऊदी अरामको के रियाद स्थित कार्यालयों को निशाना बनाया। इसके जवाब में सऊदी सेना ने दो मिसाइल लॉन्चर नष्ट कर दिए।
युद्ध से पहले के स्तर के करीब पहुंचा निर्यात
हालांकि, होर्मुज में जहाजों पर हमलों के बावजूद फारस की खाड़ी से कच्चे तेल का निर्यात युद्ध से पहले के स्तर के करीब पहुंच गया है। ब्लूमबर्ग के सर्वे के मुताबिक, ओपेक के उत्पादन में भी फरवरी के मुकाबले बढ़ोतरी हुई है और यह सदस्य देशों के उस समय के उत्पादन के करीब 88 प्रतिशत तक पहुंच गया है।
कच्चे तेल के दाम गिरे, पेट्रोल-डीजल के जस के तस
कच्चे तेल के दाम में आई बड़ी गिरावट के बावजूद पेट्रोल-डीजल के रेट जस के तस है। ऐसा क्यों है? दरअसल, तेल का यह वायदा भाव है। मतलब सौदा आज होगा और डिलीवरी जनवरी में मिलेगी। दूसरी बात, सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियां रेट तो रोजाना जारी करती हैं, लेकिन उन पर सरकार का नियंत्रण होता है। कच्चे तेल के दाम घटने पर कंपनियां पहले अपना घाटा पूरा करती हैं। सरकारी कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के दाम मई 2026 में चार बार में 7.50-7.50 रुपये लीटर बढ़ाए थे।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




