Source :- KHABAR INDIATV
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच पहला वनडे मैच पर्थ में खेला जा रहा है। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने 21 साल के तेज गेंदबाज माहली बियर्डमैन को डेब्यू करने का मौका दिया। इस मैच में बियर्डमैन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट हॉल अपने नाम किया। उनकी इस घातक गेंदबाजी के सामने इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिए। वह ऑस्ट्रेलिया के लिए वनडे डेब्यू पर 5 विकेट हॉल लेने वाले दूसरे गेंदबाज बने हैं।
सिर्फ 28 गेंदों में बियर्डमैन ने पूरा किया 5 विकेट हॉल
सिर्फ 21 साल की उम्र में युवा तेज गेंदबाज माहली बियर्डमैन ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने पहले ही वनडे मुकाबले में अपनी तेज और सटीक गेंदबाजी से धमाल मचा दिया। उन्होंने मात्र 28 गेंदों के अंदर ही इंग्लैंड के 5 मुख्य बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। उनके इस शानदार स्पेल में जो रूट, हैरी ब्रूक, जॉर्डन कॉक्स, सैम करन और लियाम डॉसन जैसे बड़े खिलाड़ी आउट हुए। बियर्डमैन से पहले वनडे क्रिकेट के इतिहास में केवल 17 ही ऐसे गेंदबाज रहे हैं जिन्होंने अपने डेब्यू मैच में 5 विकेट लेने का यह कारनामा किया हो।
ऑस्ट्रेलिया के लिए इस मैच में माहली बियर्डमैन के अलावा स्पेंसर जॉनसन ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए दो विकेट अपने नाम किए। वहीं जेवियर बार्टलेट को एक सफलता मिली। अब देखना ये होगा कि इस मैच में अब बाकी के गेंदबाजों का प्रदर्शन कैसा रहता है।
माइकल हसी ने बियर्डमैन को दी डेब्यू कैप
ऑस्ट्रेलिया की ओर से महली बीयर्डमैन अपना वनडे डेब्यू कर रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज माइकल हसी ने बियर्डमैन को उनकी पहली वनडे कैप सौंपी। टॉस के समय मार्श ने कहा कि यह उनके लिए बहुत रोमांचक होने वाला है। वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के किसी युवा खिलाड़ी के लिए डेब्यू करने के लिहाज से शायद दुनिया में इससे बेहतर कोई जगह नहीं हो सकती। यह एक शानदार स्टेडियम है और मुझे उम्मीद है कि आज यहां काफी अच्छी भीड़ देखने को मिलेगी।
ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड पहला वनडे के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग XI
ऑस्ट्रेलिया: ट्रैविस हेड, मिचेल मार्श (कप्तान), कूपर कोनोली, मैट रेनशॉ, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, जैक एडवर्ड्स, ज़ेवियर बार्टलेट, एडम जम्पा, स्पेंसर जॉनसन, माहली बियर्डमैन
इंग्लैंड: बेन डकेट, टॉम बैंटन, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जॉर्डन कॉक्स (विकेटकीपर), सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, जेमी ओवरटन, गस एटकिंसन, जोफ्रा आर्चर
यह भी पढ़ें
रोहित और ईशान ने दो गेंदों पर टपकाए आसान कैच, कीवी बल्लेबाज ने उठाया भरपूर फायदा
विल यंग ने भारत के खिलाफ मचाया तहलका, जीवनदान का फायदा उठाते हुए 88 गेंदों में जड़ा धमाकेदार शतक
SOURCE : KHABAR INDIAN TV




