Home rss business hindi 22 साल बाद स्टॉक स्प्लिट, पहली बार बोनस शेयर देगी कंपनी! कल...

22 साल बाद स्टॉक स्प्लिट, पहली बार बोनस शेयर देगी कंपनी! कल मीटिंग, आज 52 वीक हाई पर पहुंचा भाव

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • कंपनी ने बीते दिनों शेयर बाजार को जानकारी दी थी कि कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक 6 नवंबर 2026 को होने वाली है
  • इस बैठक में कंपनी के मौजूदा इक्विटी शेयरों के स्टॉक स्प्लिट यानी शेयरों के बंटवारे के प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा
  • फिलहाल कंपनी के शेयरों की फेस वैल्यू 10 रुपये है

Bosch Ltd: ऑटो कंपोनेंट बनाने वाली दिग्गज कंपनी बॉश लिमिटेड के शेयरों में इन दिनों लगातार तेजी देखने को मिल रही है। कारोबार के दौरान आज गुरुवार को कंपनी के शेयर 3.2% तक चढ़ गए थे। आज यह शेयर 52,450 रुपये पर पहुंच गया था। यह इसका 52 वीक का नया हाई प्राइस भी रहा। शेयरों में इस तेजी के पीछे कंपनी की आने वाली बोर्ड मीटिंग है। इसमें करीब 22 साल बाद स्टॉक स्प्लिट और पहली बार बोनस शेयर जारी करने के प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा।दरअसल, बॉश ने बीते दिनों शेयर बाजार को जानकारी दी थी कि कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक 6 नवंबर 2026 को होने वाली है। इस बैठक में कंपनी के मौजूदा इक्विटी शेयरों के स्टॉक स्प्लिट यानी शेयरों के बंटवारे के प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा। फिलहाल कंपनी के शेयरों की फेस वैल्यू 10 रुपये है। इसके अलावा, बोर्ड की बैठक में निवेशकों को बोनस शेयर जारी करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा होगी। कंपनी ने बताया कि ये दोनों प्रस्ताव कंपनी एक्ट 2013 और सेबी के लागू नियमों के तहत विचार के लिए रखे जाएंगे। बता दें कि कल कंपनी का बोर्ड मीटिंग है, ऐसे में शुक्रवार को यह शेयर फोकस में रह सकता है।

22 साल बाद स्टॉक स्प्लिट पर होगा विचार

करीब 22 साल पहले जुलाई 2004 में कंपनी ने अपने शेयरों का बंटवारा किया था। उस समय 100 रुपये फेस वैल्यू वाले एक शेयर को 10 रुपये फेस वैल्यू के 10 शेयरों में बांटा गया था। अब एक बार फिर स्टॉक स्प्लिट की संभावना से निवेशकों में उत्साह देखने को मिल रहा है। बॉश के निवेशकों के लिए बोनस शेयर से जुड़ी खबर भी काफी खास है। दरअसल, कंपनी ने अपने इतिहास में अब तक कभी भी शेयरधारकों को बोनस शेयर जारी नहीं किए हैं। अगर इस बार बोर्ड बोनस शेयर के प्रस्ताव को मंजूरी देता है, तो यह कंपनी के इतिहास में पहली बार होगा जब निवेशकों को बोनस शेयर मिलेंगे।

निवेशकों को हर साल दिया डिविडेंड

बॉश अपने शेयरधारकों को डिविडेंड देने के मामले में भी अच्छा रिकॉर्ड रखती है। कंपनी साल 2008 से लगातार हर साल अपने निवेशकों को डिविडेंड देती आ रही है। पिछले करीब 18 सालों में कंपनी ने प्रति शेयर लगभग 3,000 रुपये का कुल डिविडेंड दिया है। इससे पता चलता है कि कंपनी लगातार अपने शेयरधारकों को मुनाफे में हिस्सेदारी देती रही है।

दो बार कर चुकी है शेयर बायबैक

बॉश ने पिछले दो दशकों में दो बार शेयर बायबैक भी किया है। पहली बार साल 2016 में कंपनी ने करीब 202 करोड़ रुपये का बायबैक किया था। इसके तहत लगभग 9 लाख इक्विटी शेयर 23,000 रुपये प्रति शेयर के भाव पर वापस खरीदे गए थे। इसके बाद फरवरी 2019 में कंपनी ने एक और बायबैक किया। इस दौरान 21,000 रुपये प्रति शेयर के भाव पर 10 लाख से ज्यादा शेयर वापस खरीदे गए थे। इस बायबैक का कुल आकार करीब 2,156 करोड़ रुपये था। दोनों बार कंपनी ने टेंडर ऑफर के जरिए शेयरों की खरीदारी की थी।

कंपनी में प्रमोटर्स और बड़े निवेशकों की हिस्सेदारी

सितंबर तिमाही के आंकड़ों के मुताबिक, बॉश में प्रमोटर्स की करीब 71% हिस्सेदारी है, जबकि बाकी 29% शेयर पब्लिक शेयरधारकों के पास हैं। वहीं, म्यूचुअल फंड्स की कंपनी में 7.26% हिस्सेदारी है। इसके अलावा GIC के पास 2.81% और न्यू इंडिया एश्योरेंस के पास 1.71% हिस्सेदारी है। कंपनी में करीब 60,000 छोटे रिटेल निवेशकों की भी हिस्सेदारी है। जिन निवेशकों की शेयरहोल्डिंग की वैल्यू 2 लाख रुपये तक है, उनके पास कंपनी की करीब 5% हिस्सेदारी है।

(डिस्क्लेमर: यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले सूझ-बूझ के साथ फैसला करें या फाइनेंशियल एडवायजर से सलाह ले लें। लाइव हिन्दुस्तान इस आधार पर शेयरों को खरीदने और बेचने की सलाह नहीं देता है।)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN