Home rss entertainment hindi मनोरंजन समाचार 23 अक्टूबर को OTT पर आ रहीं 9 फिल्में-सीरीज, सस्पेंस से लेकर...

23 अक्टूबर को OTT पर आ रहीं 9 फिल्में-सीरीज, सस्पेंस से लेकर कॉमेडी तक मिलेगा सबकुछ

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/10/22/1200x900/23_october_release_1792637460837_m7Am_1792637476621_lNko_5f02db82-6fcc-4b48-8ac0-25fce619279e_dnhi.png

Friday (23 October 2026) Release: 23 अक्टूबर को ओटीटी पर 9 नई फिल्में और सीरीज रिलीज होंगी। मनोज बाजपेयी की थ्रिलर से लेकर हनुमान जी की कहानी तक, जानिए क्या और कहां देखें।

OTT Releases This Friday: अक्टूबर का यह शुक्रवार ओटीटी पर फिल्में और वेब सीरीज देखने वालों के लिए खास होने वाला है। 23 अक्टूबर को नेटफ्लिक्स, अमेजन प्राइम वीडियो, जी5 और जियोहॉटस्टार जैसे प्लेटफॉर्म पर कई नई फिल्में और सीरीज दस्तक देने वाली हैं। इनमें क्राइम ड्रामा, सस्पेंस थ्रिलर, कॉमेडी, स्पोर्ट्स बायोपिक और पौराणिक कहानियां शामिल हैं। एक तरफ मनोज बाजपेयी की फिल्म ‘गजब रात’ दर्शकों को सस्पेंस की दुनिया में ले जाएगी, तो दूसरी तरफ ‘सूमो दीदी’ में एक महिला पहलवान के संघर्ष की कहानी देखने को मिलेगी। वहीं, भगवान हनुमान की कहानियों पर आधारित ‘द लेजेंड ऑफ हनुमान’ का सातवां सीजन भी रिलीज होने वाला है। आइए जानते हैं कि इस शुक्रवार कौन-सी 9 फिल्में और सीरीज किस ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होंगी।

1. चार यार (Chaar Yaar)

कहां देखें: अमेजन प्राइम वीडियो

रिलीज डेट: 23 अक्टूबर, 2026

अगर आपको क्राइम ड्रामा फिल्में पसंद हैं तो ‘चार यार’ अपनी वॉचलिस्ट में शामिल कर सकते हैं। फिल्म की कहानी चार मीडिल क्लास दोस्तों- जय, टोनी, साहिल और समीर के इर्द-गिर्द घूमती है। चारों जिंदगी में कुछ बड़ा करना चाहते हैं, लेकिन एक गलत फैसला उन्हें अपराध की दुनिया में पहुंचा देता है। इसके बाद उनका सामना गैंगस्टर्स और पुलिस से होता है। अब सवाल यह है कि क्या चारों दोस्त इस मुसीबत से बाहर निकल पाएंगे या फिर उनकी एक गलती उनकी पूरी जिंदगी बदल देगी?

2. डोरोथी (Dorothy)

कहां देखें: नेटफ्लिक्स

रिलीज डेट: 23 अक्टूबर, 2026

कीर्ति सुरेश की तमिल फिल्म ‘डोरोथी’ की कहानी 1990 के दशक में दिखाई गई है। कहानी दो बचपन के दोस्तों की है, जिनकी जिंदगी पर समाज में फैले जातिगत भेदभाव और हिंसा का गहरा असर पड़ता है। गांव में पुरुषों की दबंग सोच और सामाजिक बंदिशों के बीच दोनों की दोस्ती कई मुश्किलों से गुजरती है। फिल्म दिखाती है कि समाज में फैली कुरीतियां किस तरह लोगों की जिंदगी और उनके रिश्तों को प्रभावित करती हैं।

3. गजब रात (Gajab Raat)

कहां देखें: नेटफ्लिक्स

रिलीज डेट: 23 अक्टूबर, 2026

मनोज बाजपेयी की फिल्म ‘गजब रात’ एक सस्पेंस थ्रिलर है। इसकी कहानी एक पुलिस अधिकारी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक रात ऐसी मुश्किल में फंस जाता है कि उसे अपने फायदे और फर्ज में से किसी एक को चुनना पड़ता है। वह एक फैसला लेता है और इसके बाद एक के बाद एक ऐसी घटनाएं होने लगती हैं, जिन्हें संभालना उसके लिए मुश्किल हो जाता है। अब उसने ऐसा क्या फैसला लिया और उस एक रात में क्या-क्या होता है? यह जानने के लिए फिल्म देखनी होगी। इसमें मनोज बाजपेयी के साथ नुसरत भरूचा, साकिब सलीम, दिव्या दत्ता और अक्षय ओबेरॉय नजर आएंगे।

4. सूमो दीदी (Sumo Didi)

कहां देखें: जी5

रिलीज डेट: 23 अक्टूबर, 2026

‘सूमो दीदी’ एक स्पोर्ट्स बायोपिक है, जो भारत की पहली पेशेवर महिला सूमो पहलवान हेतल दवे की जिंदगी से प्रेरित है। फिल्म में दिखाया जाएगा कि कैसे एक महिला समाज के तानों, अपने वजन को लेकर होने वाली टिप्पणियों और भेदभाव का सामना करते हुए सूमो पहलवान बनने का सपना देखती है। लोग उस पर सवाल उठाते हैं, लेकिन वह हार मानने के बजाय अपने सपने को पूरा करने की कोशिश करती है।

5. द लीजेंड ऑफ हनुमान सीजन 7 (The Legend of Hanuman Season 7)

कहां देखें: जियोहॉटस्टार

रिलीज डेट: 23 अक्टूबर, 2026

भगवान हनुमान की कहानियां पसंद करने वाले दर्शकों के लिए भी इस शुक्रवार कुछ खास आने वाला है। एनिमेटेड सीरीज ‘द लेजेंड ऑफ हनुमान’ का सातवां सीजन रिलीज होने जा रहा है। इस सीरीज में हनुमान जी की वीरता, उनकी भक्ति और भगवान राम के प्रति उनके समर्पण की कहानियां दिखाई जाती हैं। नए सीजन में भी दर्शकों को हनुमान जी के पराक्रम और उनसे जुड़ी कई रोचक पौराणिक कथाएं देखने को मिलेंगी।

6. सर्वाइविंग हरिकेन ओटिस (Surviving Hurricane Otis)

कहां देखें: नेटफ्लिक्स

रिलीज डेट: 23 अक्टूबर, 2026

‘सर्वाइविंग हरिकेन ओटिस’ की कहानी एक ऐसी प्राकृतिक आपदा पर आधारित है, जिसने लोगों की जिंदगी बदलकर रख दी थी। साल 2023 में मैक्सिको के अकापुल्को शहर में आए खतरनाक हरिकेन ओटिस ने भारी तबाही मचाई थी। यह कैटेगरी-5 का तूफान था। फिल्म में दिखाया जाएगा कि जब तूफान ने शहर को अपनी चपेट में लिया, तब लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए किस तरह संघर्ष किया।

7. सत्तमुम नीधियुम सीजन 2 (Sattamum Needhiyum Season 2)

कहां देखें: जी5

रिलीज डेट: 23 अक्टूबर, 2026

अगर आपको कोर्टरूम ड्रामा पसंद हैं तो ‘सत्तमुम नीधियुम’ का दूसरा सीजन देख सकते हैं। इसमें एक बार फिर वकील सुंदरमूर्ति की कहानी आगे बढ़ेगी। इस बार उनके सामने एक ऐसा केस आता है, जो उनके सिद्धांतों और न्याय के प्रति उनकी ईमानदारी की परीक्षा लेता है। जैसे-जैसे वह मामले की जांच करते हैं, उनके सामने भ्रष्टाचार और सच को छिपाने की कोशिशों से जुड़े कई राज खुलने लगते हैं। अब सवाल यह है कि क्या सुंदरमूर्ति ताकतवर लोगों के खिलाफ जाकर सच सामने ला पाएंगे?

8. धूमकेतु (Dhoomakethu)

कहां देखें: नेटफ्लिक्स

रिलीज डेट: 23 अक्टूबर, 2026

‘धूमकेतु’ एक मलयालम फिल्म है, जिसकी कहानी काफी दिलचस्प है। इसमें कॉमेडी के साथ सस्पेंस और टाइम लूप का तड़का लगाया गया है। फिल्म की कहानी 36 साल के कुट्टन की है, जिसकी शादी होने वाली है। हालांकि, शादी वाले दिन कुछ नकाबपोश हमलावर उसकी हत्या कर देते हैं और उसकी होने वाली पत्नी शर्मिला को अगवा कर लेते हैं।

कहानी में असली मोड़ तब आता है, जब कुट्टन मरने के बाद भी नहीं मरता, वह बार-बार अपनी शादी वाले दिन की सुबह ही जागता है। वह अपने दोस्त की मदद से हर बार घटनाओं को बदलने और शर्मिला को बचाने की कोशिश करता है। अब सवाल यह है क्या कुट्टन अपनी और शर्मिला की जान बचा पाएगा?

9. अय्याना माने सीजन 2 (Ayyana Mane Season 2)

कहां देखें: जी5

रिलीज डेट: 23 अक्टूबर, 2026

‘अय्याना माने’ का दूसरा सीजन भी सस्पेंस और रहस्य से भरपूर होने वाला है। इस बार कहानी जाजी के इर्द-गिर्द घूमेगी, जो अपने पुश्तैनी घर की जिम्मेदारी संभालती है। हालांकि, उसके रिश्तेदार इस संपत्ति पर कब्जा करना चाहते हैं और लगातार उसके लिए मुश्किलें खड़ी करते हैं।

इसी बीच जाजी को अपनी मर चुकी सास नागलंबिके की आवाज सुनाई देने लगती है। उसकी सास दावा करती हैं कि उनकी मौत प्राकृतिक नहीं थी। इसके बाद जाजी के सामने घर और परिवार से जुड़े कई पुराने राज खुलने लगते हैं। अगर आपको हॉरर, सस्पेंस और पारिवारिक रहस्यों वाली सीरीज पसंद हैं तो इसे अपनी वॉचलिस्ट में शामिल कर सकते हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN