Source :- LIVE HINDUSTAN
घर खरीदना हर किसी का सपना होता है। इस सपने को साकार करना आसान नहीं होता। देश के लगभग हर बड़े महानगरों में जमीन या फ्लैट और घर की कीमतें सातवें आसमान पर हैं। हालाकि, जो लोग सस्ती कीमत में दिल्ली-एनसीआर में घर खरीदने का सपना देख रहे हैं उनके लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने बड़ा अवसर दिया है।
क्या है मामला?
दरअसल, DDA नागरिक आवास योजना 2026 के तहत नरेला में स्थित रेडी-टू-मूव फ्लैट्स पर 25 फीसदी तक की छूट दी जा रही है। रेडी-टू-मूव का मतलब शिफ्ट होने के लिए आपको लंबा इंतजार नहीं करना होगा। घर खरीदार तुरंत फ्लैट में शिफ्ट हो सकेंगे। बता दें कि योजना के तहत उपलब्ध फ्लैट्स की बुकिंग फर्स्ट कम फर्स्ट सर्व (FCFS) आधार पर की जा रही है और आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून 2026 निर्धारित की गई है। कहने का मतलब है कि इस फ्लैट्स की बुकिंग के लिए अब 30 जून तक मौका है।
बता दें कि यह योजना जनवरी 2026 में शुरू की गई थी जिसमें HIG, MIG, LIG और EWS श्रेणी के फ्लैट उपलब्ध कराए गए थे। योजना के तहत नरेला और सिरासपुर में फ्लैटों की पेशकश की गई थी। मार्च 2026 में डीडीए ने नरेला के सेक्टर G-7 और G-8 में 1,944 नए फ्लैट भी जोड़े थे। इन फ्लैट्स की बुकिंग 27 मार्च 2026 से शुरू हुई थी। योजना के तहत मिलने वाली 25 फीसदी की छूट से फ्लैट्स की कीमतों में बड़ी गिरावट आएगी, जिससे पहली बार घर खरीदने वाले परिवारों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।
नरेला क्यों है खास?
हरियाणा बॉर्डर के करीब नरेला को दिल्ली के उभरते हुए आवासीय क्षेत्रों में गिना जाता है। यहां सड़क, मेट्रो और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विस्तार हो रहा है। मेट्रो लाइन के अप्रूवल के बाद से ही इस इलाके को पंख लग गए हैं। नरेला में कई बड़े कॉलेज भी आ रहे हैं। वहीं, इंडस्ट्रियल एरिया भी करीब है। ऐसे में आने वाले वर्षों में क्षेत्र के विकास के साथ संपत्तियों की कीमतों में बढ़ोतरी की भी संभावना जताई जा रही है।
कैसे कर सकते हैं बुकिंग
अगर आपकी दिलचस्पी फ्लैट को खरीदने में है तो इसके लिए सबसे पहले डीडीए के आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट करना होगा। इस वेबसाइट पर आदेवक को रजिस्ट्रेशन कराना पड़ेगा। इसके लिए 2,500 रुपए का एकमुश्त और नॉन-रिफंडेबल फीस देनी होगी। रजिस्ट्रेशन के बाद आप डीडीए की हाउसिंग स्कीम्स के बारे में विस्तार से जान सकेंगे।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




